Partner Doesn’t Pay Attention: कहते हैं कि एक रिश्ते को स्वस्थ और खुशहाल बनाने के लिए सबसे जरूरी है प्यार। जब आप किसी को बेपनाह प्यार करते हैं तो सामने वाला व्यक्ति भी आपसे उतना ही प्रेम करने लगता है और उसे आपकी हर छोटी-छोटी बातों की केयर होने लगती है। प्रेम के बदले में सामने वाला व्यक्ति आपका बहुत अधिक ध्यान रखने लगता है।
हालांकि, आपने अपने आसपास ऐसे कपल्स को जरूर देखा होगा, जिनकी यह शिकायत होती है कि अपने पार्टनर को बहुत सारा प्यार करने के बाद भी उनका पार्टनर उन्हें वह प्यार नहीं करता है और ना ही उनका ध्यान रखता है। ऐसे में कहीं ना कहीं मन में यह भाव भी उपजने लगता है कि आखिरकार हमसे कहां गलती हो रही है या फिर हममें ऐसी कौन सी कमी है, जिसकी वजह पार्टनर हम पर उतना ध्यान नहीं देता है। वास्तव में, आपमें कोई कमी नहीं है, बस आप कुछ छोटी-छोटी चीजों को नजरअंदाज कर देते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ कारणों के बारे में बता रहे हैं, जिनकी वजह से प्यार करने के बाद भी पार्टनर आप पर ध्यान नहीं देता है-
Also read: प्यार करें स्वस्थ रहें जानें प्यार जताने के हेल्थ बेनेफिट्स: Love Benefits
हर वक्त फोन करना

जब आप अपने पार्टनर से बहुत अधिक प्यार करते हैं तो ऐसे में आप हरदम उसका साथ चाहते हैं। ऐसे में वे अपने पार्टनर से मिलना या उससे बात करना चाहते हैं। जिसकी वजह से वह अपने पार्टनर को बार-बार फोन करने लगते हैं। जब लगातार ऐसा होता है तो इससे सामने वाला व्यक्ति चिढ़ने लगता है। इतना ही नहीं, इससे उसका काम भी प्रभावित होने लगता है। ऐसे में व्यक्ति को लगता है कि वह आपसे दूरी बनाकर ही अपना जीवन व काम अधिक बेहतर तरीके से बैलेंस कर सकता है। ऐसे में वह आपको नजरअंदाज करना शुरू कर देता है।
खुद पर ध्यान ना देना
आप भले ही अपने पार्टनर को कितना भी प्यार करते हों, लेकिन अगर आप खुद का ख्याल नहीं रखते हैं तो ऐसे में पार्टनर भी आपका ध्यान नहीं रखेगा। दरअसल, जब आप खुद को पैम्पर करते हैं और हरदम अच्छा दिखने की कोशिश करते हैं तो ऐसे में सामने वाले व्यक्ति का ध्यान खुद ब खुद आपकी ओर बढ़ने लगता है। वहीं, अगर आप खुद की केयर को नजरअंदाज करते हैं तो ऐसे में सामने वाले व्यक्ति की रूचि आपमें धीरे-धीरे कम होने लगती है, जिससे व्यक्ति आप पर ध्यान देना भी छोड़ देता है।
हर वक्त शक करना

जिससे हम प्यार करते हैं, उसे लेकर थोड़ी-बहुत इनसिक्योरिटी या जलन की भावना होना बेहद ही आम बात है। लेकिन कुछ लोग इस भावना को इतना बड़ा बना देते हैं कि उनका अत्यधिक प्यार शक में बदल जाता है। ऐसे में वह अपने पार्टनर का फोन चेक करना, उनकी हर छोटी-छोटी बातों पर सवाल उठाना जैसी हरकतें करने लग जाते हैं। इससे सामने वाले व्यक्ति को घुटन महसूस होने लगती है। आपके प्यार के बावजूद भी वह आपसे दूर होना चाहता है और ऐसे में वह आप व आपकी बातों पर ध्यान देना ही छोड़ देता है।
पार्टनर को धोखा देना
जब एक व्यक्ति सामने वाले व्यक्ति को बहुत अधिक प्यार करता है, लेकिन फिर भी सामने वाले व्यक्ति की रुचि उसमें नहीं होती है। ऐसे में व्यक्ति अपने पार्टनर को धोखा देने से भी गुरेज नहीं करता है। एक बार जब व्यक्ति किसी अन्य व्यक्ति के साथ रिश्ते में आ जाता है तो उसके मन में अपने वर्तमान पार्टनर के प्रति किसी तरह के भाव नहीं रह जाते हैं। ऐसे में वह अपने पार्टनर पर ध्यान देना बिल्कुल ही छोड़ देता है।
बहुत अधिक गुस्सा करना

अमूमन यह देखने में आता है कि जो लोग अपने पार्टनर से बहुत प्रेम करते हैं, वे अपने पार्टनर की छोटी-छोटी बातों से भी चिढ़ जाते हैं और इसलिए बहुत जल्दी हर्ट होकर गुस्सा करने लगते हैं। हालांकि, अगर आप ऐसा बार-बार व लगातार करते हैं तो इससे सामने वाले व्यक्ति का भी मन टूटने लगता है। फिर वह आपसे किसी भी मुद्दे पर बात करने से बचता है। इतना ही नहीं, वह पहले की तरह आपका ध्यान रखना छोड़ देते हैं। इसलिए, अगर आप अपने पार्टनर की किसी बात से नाराज हैं या फिर आपको उनकी कोई बात चुभी है तो ऐसे में गुस्सा या नाराजगी जाहिर करने की जगह शांतिपूर्वक बैठकर बात कीजिए और उनके सामने अपना पक्ष रखें। जिससे आप दोनों यह सुनिश्चित कर सकें कि वह स्थिति दोबारा ना आए।
बहुत अधिक निर्भरता होना
किसी भी रिश्ते में अमूमन दोनों पार्टनर एक-दूसरे पर किसी ना किसी रूप से निर्भर होते ही हैं। फिर चाहे वह निर्भरता शारीरिक हो, भावनात्मक या फिर आर्थिक। लेकिन अपनी खुशी या आत्म-मूल्य के लिए अपने साथी पर बहुत अधिक निर्भर रहना रिश्ते में दबाव पैदा कर सकता है। इससे सामने वाला व्यक्ति खुद को नाखुश महसूस हो सकता है। जब वह रिश्ते में खुद को दबाव में महसूस करता है तो वह अपने पार्टनर से दूरी बनाना शुरू कर देता है। वह अपने पार्टनर की खुशी व उसकी जरूरतों का ध्यान रखना भी छोड़ देता है। जिससे रिश्ते में धीरे-धीरे समस्याएं पैदा होनी शुरू हो जाती हैं और दोनों ही पार्टनर मानसिक रूप से परेशान रहते हैं।n
