Trip with Father: बच्चे की परवरिश में जितना योगदान मां का होता है उतनी ही भागीदारी पिता की भी होती है। पिता बच्चे के जन्म से लेकर उसकी सेहत, जरूरत और भविष्य को बेहतर बनाने के लिए कड़ी मेहनत और परिश्रम करते हैं। यही वजह है कि पिता को धन्यवाद देने और अपनापन जाहिर करने के लिए हर साल जून के तीसरे रविवार को दुनियाभर में फादर्स डे मनाया जाता है। इस वर्ष 16 जून को फादर्स डे सेलिब्रेट किया जाएगा।
सामान्यतौर पर इस दिन को खास बनाने के लिए बच्चे पिता को उनकी पसंद का गिफ्ट देते हैं और केक कट करवाते हैं। जो कि बोरिंग और उबाऊ लग सकता है। तो क्यों न इस बार पारंपरिक तरीके से फादर्स डे मनाने की बजाय कुछ रोमांचक प्लान बनाए जाएं।
Also read : घर में रखी इन चीजों से बढ सकती हैं मुसीबतें, तुरंत घर से कर दें बाहर: Vastu Tips for Home
इस दिन को खास और यादगार बनाने के लिए ट्रेवल विकेशन की प्लानिंग की जा सकती है। फादर्स डे रविवार के दिन मनाया जाता है तो आप विकेंड पर छोटी ट्रिप बना सकते हैं जिसमें उनकी पसंद की जगह और गतिविधियों को शामिल किया जा सकता है। तो चलिए जानते हैं पिता को खुश करने के लिए कौन सी जगहों का चुनाव बेस्ट हो सकता है।
ऋषिकेश

ऋषिकेश एक बेहतरीन जगह हो सकती है जहां आप अपने पिता को ले जा सकते हैं। यदि आप दिल्ली या उसके आसपास रहते हैं तो ऋषिकेश का प्लान बनाया जा सकता है। यहां आपको मंदिरों के दर्शन के अलावा रिवर राफटिंग और एडवेंचर स्पोर्ट्स करने का मौका भी मिल जाएगा। यदि आपके पिता नेचर लवर हैं तो ये जगह उन्हें बेहद आकर्षक लगेगी।
हिल स्टेशन
इस चिलचिलाती गर्मी में सुकून पाने के लिए आप किसी हिल स्टेशन पर जाने का प्लान भी बना सकते हैं। इस मौसम में शिमला, मसूरी, नैनीताल और मनाली जैसी जगह घूमने के लिए बेस्ट मानी जाती हैं। यहां आप खूबसूरत पहाड़ों का आनंद ले सकते हैं साथ ही यहां कई झरने भी आकर्षण का केंद्र हैं। फादर्स डे को यादगार बनाने के लिए छोटी ट्रिप प्लान की जा सकती है।
जंगल एडवेंचर
यदि आपके पिता एडवेंचर लविंग हैं तो आप जंगल एडवेंचर के बारे में भी विचार कर सकते हैं। भारत में कई जंगल सफारी हैं जहां आपको जंगली जानवरों के अलावा खूबसूरत पक्षी भी देखने को मिलेंगे। ये एक बेहतरीन वीकेंड हो सकता है लेकिन जिसकी प्लानिंग आपको पहले से करनी होगी। आप जिम कॉरबेट, कान्हा नेशनल पार्क, रणथंभौर नेशनल पार्क और गिर नेशनल पार्क में से किसी भी स्थान का चुनाव कर सकते हैं।
जाएं लॉन्ग ड्राइव पर

यदि आपके पास ट्रिप पर जाने का बजट नहीं है या अधिक दिन की छुट्टी नहीं हैं तो आप पिता और परिवार के साथ लॉन्ग ड्राइव पर जा सकते हैं। शहर से दूर किसी ढाबे पर खाने का आनंद लेना और हाई वे पर गाड़ी चलाना अपने आप में एडवेंचरस होता है। इसके अलावा वीकेंड पर शहर के किसी रिसॉट में जाकर भी चिल कर सकते हैं। जहां आपको बेहतरीन खाने के साथ राजसी वातावरण भी मिल जाएगा।
गांव में करें स्टे
यदि आपके पिता गांव से संबंध रखते हैं तो आप उन्हें खुश करने के लिए उनके गांव ले जा सकते हैं। यकीन मानिए ये उनके लिए बेस्ट गिफ्ट हो सकता है। वहां एक रात स्टे करके और गांव की लाइफस्टाइल को अपनाकर आप अपनी छुट्टी को एंजॉय कर सकते हैं।
