कई बार परिवार और कामकाज की चिंता इतनी बढ़ जाती है कि हमारा मन अशांति और निराशा से भर जाता है। व्यक्ति की ऐसी मनोदशा कई बार मानसिक समस्याओं का कारण भी बन सकती है। मन और दिमाग को शांत करने के लिए जरूरी नहीं कि आप घंटों साधना करें या मंदिर में जाकर बैठें, बल्कि घर में ही शक्तिशाली और चमत्कारी मंत्रों का जाप करके अपने मन को शुद्ध कर सकते हैं। मंत्र नकारात्मकता को दूर करने, घर में शांति लाने, शरीर की ऊर्जा के साथ तालमेल बिठाने और एकाग्रचित करने में मदद करते हैं। लेकिन मंत्रों का उच्चारण करने से पहले मंत्रों के लाभ और सटीकता के बारे में जानना न भूलें। तो चलिए जानते हैं कुछ ऐसे मंत्रों के बारे में जिनका प्रतिदिन जाप करके जीवन में खुशहाली और शांति प्राप्त की जा सकती है।
महामृत्युंजय मंत्र

ये मंत्र बेहद शक्तिशाली होता है, जो मन को शांति प्रदान करने के साथ मृत्यु के भय को भी समाप्त कर सकता है। ये शिव की उपासना का मंत्र है, जो व्यक्ति के चारों ओर एक सुरक्षा कवच बना देता है। इस मंत्र के शब्दों के उच्चारण मात्र से ही चिंता, भय और कमजोरियां दूर होने का अहसास होता है।
‘ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगंधिं पुष्टिवर्धनम्, उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्’।
गायत्री मंत्र
गायत्री मंत्र सबसे पुराने और शक्तिशाली वैदिक मंत्रों में से एक है। ये शांति, स्थिरता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। गायत्री मंत्र का जाप करने से मन और शरीर को शुद्ध करने और नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने में मदद मिलती है। इस मंत्र का नियमित रूप से जाप करने से समस्याओं से निपटने के लिए हिम्मत मिलती है और मानसिक शांति प्राप्त होती है।
‘ॐ भूर्भुव: स्व: तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो न: प्रचोदयात्’
ओम नाम: शिवाय
ये सबसे आसान और शक्तिशाली मंत्र है। ओम नम: शिवाय, भगवान शिव को समर्पित है, जिसका अर्थ है मैं भगवान शिव को प्रणाम करता हूं। इस जाप के उच्चारण मात्र से ही गहरी शांति का अनुभव होता है। ये मंत्र गलत शक्तियों, क्रोध, तनाव और भय को दूर करने में मदद करता है। ये मन को शांति और स्थिरता प्रदान करता है।
‘ओम नम: शिवाय’
विष्णु मंत्र

भगवान विष्णु को समर्पित ये मंत्र उनकी शक्ति और आर्शीवाद का आव्हान करने में मदद करता है। इस मंत्र के जाप से व्यक्ति के अंदर मौजूद शक्तियों और ऊर्जा को बढ़ाने में भी मदद मिलती है। नियमित रूप से इस मंत्र का उच्चारण करने से आंतरिक शांति मिलती है। साथ ही विचलित मन को काबू करने की शक्ति मिल सकती है। विष्णु मंत्र बेहद शक्तिशाली मंत्र है, जो जीवन में आने वाली समस्याओं से निजात दिला सकता है।
‘ओम नमो भगवते वासुदेवाय नम:’
Also Read: गणेश चतुर्थी पर 10 दिन करें ये 8 उपाय, घर आएगी खुशहाली: Ganesh Chaturthi Upay
गणपति मंत्र
भगवान गणेश को समर्पित ये मंत्र, आपके जीवन में खुशी और शांति ला सकता है। भगवान गणेश अपने भक्तों के मार्ग से बाधाओं को दूर करने और नई शुरुआत करने में मदद करते हैं। इसलिए उन्हें समर्पित मंत्र का जाप करने से चिताओं और तनाव को दूर करने में मदद मिलती है। भगवान गणेश के मंत्र का जाप कभी भी किसी भी समय किया जा सकता है।
‘ओम गं गणपतये नम:’
