Overview:
दुनियाभर में 850 मिलियन से ज्यादा लोग किसी न किसी किडनी के रोग से पीड़ित हैं। भारत में करीब 140 मिलियन वयस्क क्रोनिक किडनी डिजीज का शिकार हैं। ऐसे में साफ है कि लोग किडनी की सेहत पर समय रहते ध्यान नहीं देते हैं।
world kidney day 2025: किडनी हमारे शरीर का वो पावरफुल फिल्टर है, जो विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने का काम करता है। लेकिन लोगों की खराब लाइफस्टाइल ने इस फिल्टर को बुरी तरह से प्रभावित किया है। जिस तरह आपको अपने घर में लगे वाटर प्यूरीफायर की सफाई समय-समय पर करनी पड़ती है। ठीक वैसे ही किडनी को हेल्दी रखने के लिए इसे साफ रखना भी जरूरी है। 13 मार्च, 2025 को दुनियाभर में वर्ल्ड किडनी डे मनाया जा रहा है। इस अवसर पर जानते हैं ऐसे 10 फूड्स जो किडनी के दोस्त हैं।
भारत में 140 मिलियन पीड़ित

दुनियाभर में 850 मिलियन से ज्यादा लोग किसी न किसी किडनी के रोग से पीड़ित हैं। भारत में करीब 140 मिलियन वयस्क क्रोनिक किडनी डिजीज का शिकार हैं। ऐसे में साफ है कि लोग किडनी की सेहत पर समय रहते ध्यान नहीं देते हैं। चिंता की बात ये है कि यह आंकड़ा लगातार बढ़ने की आशंका है।
इसलिए मनाते हैं वर्ल्ड किडनी डे
लोगों को किडनी की बीमारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ही हर साल मार्च के दूसरे गुरुवार को विश्व किडनी दिवस यानी वर्ल्ड किडनी डे मनाया जाता है। इस बार 13 मार्च, 2025 गुरुवार को यह दिन मनाया जा रहा है। इस खास दिन की शुरुआत साल 2006 में इंटरनेशनल सोसायटी ऑफ नेफ्रोलॉजी और इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ किडनी फाउंडेशन ने की थी। हर साल इस दिन के लिए एक थीम तय की जाती है। साल 2025 में वर्ल्ड किडनी डे की थीम ‘क्या आपकी किडनी ठीक है? समय रहते पता लगाएं, किडनी के स्वास्थ्य की रक्षा करें’ रखी गई है।
किडनी के लिए सुपर फूड हैं ये

कनाडा की नेचुरोपैथी चिकित्सक डॉ. जेनिन बॉवरिंग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो शेयर कर ऐसे 10 सुपरफूड बताएं हैं, जो किडनी की सेहत के लिए फायदेमंद हैं। आप इन्हें अपनी डाइट में शामिल करके किडनी को कई बीमारियों से बचा सकते हैं।
1. लहसुन
डॉ. जेनिन के अनुसार लहसुन का सेवन करना किडनी की सेहत के लिए फायदेमंद होता है। लहसुन में एंटीऑक्सीडेंट, मैंगनीज और विटामिन 6 होता है। ये तीनों ही किडनी की सेहत के लिए अच्छे हैं। लहसुन एल्बुमिनुरिया यानी यूरिन में प्रोटीन की मात्रा को भी कम करता है। जिससे किडनी फंक्शन बेहतर होता है। लहसुन रेनल इंफ्लेमेशन को दूर करने में भी मददगार हो सकता है। यह रेनल फाइब्रोसिस की परेशानी को भी कंट्रोल करता है। रेनल फाइब्रोसिस किडनी की बीमारी का कारण बनता है।
2. प्याज
प्याज न सिर्फ आपके खाने के स्वाद को बढ़ाता है। बल्कि यह किडनी को भी सेहतमंद रखता है। इसमें विटामिन सी, मैंगनीज, फोलेट एसिड होता है। इनका शानदार मेल किडनी के लिए लाभदायक होता है। प्याज में पोटेशियम कम होता है, जिससे किडनी हेल्दी रहती है। इस पॉपुलर सलाद में मूत्रवर्धक गुण होते हैं, जिससे क्रिएटिनिन का स्तर ठीक बना रहता है। इनमें क्वेरसिटीन नामक एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होता है, जो किडनी को नुकसान से बचाने का काम कर सकता है।
3. शिटाके मशरूम
वैसे तो सभी मशरूम किडनी हेल्थ के लिए अच्छे माने जाते हैं। लेकिन शिटाके मशरूम में ऐसे तत्व ज्यादा पाए जाते हैं, जो किडनी के लिए फायदेमंद हैं। इनमें विटामिन डी के साथ ही कॉपर, मैंगनीज, सेलेनियम होता है। ऐसे में यह किडनी के कामों को आसान करता है और उन्हें बेहतर बनाता है।
4. मैकाडामिया नट्स
मैकाडामिया नट्स किडनी की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प माना जाता है। क्योंकि इनमें मूंगफली और बादाम के मुकाबले पोटेशियम और फास्फोरस काफी कम होता है। साथ ही कई विटामिन और गुड फैट होते हैं। इसमें मोनोअनसैचुरेटेड फैट होता है, जो हार्ट हेल्थ के लिए भी अच्छा होता है। ये नट्स आपको आसानी से ई-कॉमर्स साइट्स पर मिल जाएंगे।
5. अंडे

किडनी की समस्या से जूझ रहे हैं या किडनी को हेल्दी रखना चाहते हैं, अंडों को अपने आहार का हिस्सा बनाना एक अच्छा विकल्प है। खासतौर पर इसके सफेद हिस्से का सेवन फायदेमंद रहेगा। क्योंकि इसमें प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है। लेकिन फास्फोरस की मात्रा कम होती है। किडनी के मरीजों को फास्फोरस का कम सेवन करना चाहिए।
6. ब्लू बेरीज
किडनी रोगियों के लिए ब्लू बेरीज बेस्ट हैं। क्योंकि इनमें सोडियम, पोटेशियम और फास्फोरस तीनों ही काफी कम मात्रा में होता है। वहीं विटामिन सी और फाइबर भरपूर होता है। यह ऑक्सीडेटिव तनाव को भी कम करती हैं। साथ ही किडनी फंक्शन में सुधार करने में मददगार होती हैं। ये यूरिनरी ट्रैक इंफेक्शन को भी रोकती हैं। सुबह ब्रेकफास्ट के समय इनका सेवन करना अच्छा रहता है। आप इन्हें सलाद, स्मूदी या दही के साथ खा सकते हैं।
7. कैनबेरी
यूटीआई यानी यूरिनरी ट्रैक इंफेक्शन से परेशान रहने वाले लोगों को नियमित रूप से कैनबेरी खानी चाहिए। इनमें पोटेशियम कम और विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है। ऐसे में किडनी के मरीजों के लिए यह सुपरफूड है।
8. तरबूज

पानी से लबालब यह फल बेशक किडनी का दोस्त है। दरअसल, तरबूज में पानी ज्यादा मात्रा में होता है, जिसके कारण यह किडनी की सफाई करने का काम करता है। इसके रस के साथ शरीर से टॉक्सिक पदार्थ बाहर निकल जाते हैं। यह लाइकोपीन और विटामिन सी से भरपूर होता है, ये किडनी के लिए अच्छे होते हैं। तरबूज में एमिनो एसिड आर्जिनिन भी मौजूद होता है। जिसके कारण यह सूजन को कम करता है। साथ ही रक्त प्रवाह को बेहतर बनाने में मदद करता है।
9. चुकंदर
हम सभी जानते हैं कि चुकंदर हमारी सेहत के लिए फायदेमंद है। यह किडनी के लिए भी सेहतमंद है। चुकंदर में बायोएक्टिव कंपाउंड होते हैं, जिनमें सूजन कम होती है। वहीं नाइट्रेट से रक्त वाहिकाओं को आराम मिलता है। हालांकि अगर आप किडनी स्टोन से पीड़ित हैं तो डॉक्टर की सलाह पर ही इसका सेवन करें। क्योंकि इसमें पोटेशियम की मात्रा ज्यादा होती है।
10. पारसले
पारसले एक हर्ब है, जो किडनी रोगों के लिए रामबाण इलाज माना जाता है। इसमें मूत्रवर्धक गुण होते हैं। जिसके कारण यह यूरिन प्रोडक्शन को बढ़ाता है और किडनी से सभी टॉक्सिक पदार्थ बाहर निकल जाते हैं। यह किडनी स्टोन की समस्या से बचाव करता है। किडनी स्टोन को यूरिन के जरिए बाहर निकालने में भी यह मददगार हो सकता है। इसके एंटीऑक्सीडेंट और एंटी इंफ्लेमेटरी गुण सूजन को कम करते हैं और किडनी को कई प्रकार के नुकसान से बचाते हैं।
