सेहत के लिए फायदेमंद है मोरिंगा का सूप, जानिए रेसिपी और फायदे: Moringa Soup Recipes
Moringa Soup Recipes

Moringa Soup Recipes: मोरिंगा एक ऐसी सब्जी है जिसका प्राचीन समय में आयुर्वेद में इस्तेमाल किया जाता था। मोरिंगा के पत्ते, फल और बीज पोषकतत्वों का खजाना है। मोरिंगा में विटामिन्स, मिनरल्स, प्रोटीन, एंटीऑक्सिडेंट्स, विटामिन सी, विटामिन ए, कैल्शियम, पोटैशियम और आयरन पाया जाता है। इतने सारे तत्वों का स्वामी होने के चलते इसका सेवन कई तरीकों से किया जा सकता है। आज हम आपको मोरिंगा खाने के फायदे और इससे बनने वाली कुछ खास रेसिपीज बताएंगे, जो आपके स्वाद को बढ़ाने के साथ सेहत में भी लाभकारी साबित होगी।

Also read: यह लोग भूलकर भी ना करें मोरिंगा का सेवन, सेहत को होते हैं कई नुकसान: Moringa Side Effect

पोषक तत्वों का खजाना है मोरिंगा

Moringa Soup Recipes
Moringa Soup

मोरिंगा में विटामिन्स, मिनरल्स, प्रोटीन और एंटीऑक्सिडेंट्स पाए जाते हैं जो शरीर में इम्युनिटी बढ़ाता है। इसके आलावा इसमें विटामिन सी, विटामिन ए, कैल्शियम, थियामिन, रिबोफ्लेविन, कैल्शियम, कार्बोहाइड्रेट, फैट, फाइबर, पोटैशियम और आयरन भी पाया जाता है, जो शारीरिक विकास के लिए आवश्यक है। मोरिंगा का इस्तेमाल बतौर भोजन ही नहीं बल्कि पाउडर, कैप्सूल, और तेल के तौर पर किया जाता है।

मोरिंगा खाने के फायदे

लीवर के लिए बढ़िया: मोरिंगा का सेवन लिवर के लिए लाभकारी होता है। ये ऑक्सीडेशन और डैमेज से आपके लीवर की सुरक्षा करता है।

बढ़ाए इम्युनिटी: अच्छी मात्रा में विटामिन सी होने के चलते ये इम्युनिटी को बूस्ट करता है। बच्चे और बढ़े लोगों को अच्छी मात्रा में मोरिंगा का सेवन करना चाहिए।

डाइजेशन को बनाए बेहतर: मोरिंगा खाने से पेट सम्बंधित समस्याओं से छुटकारा मिलता है। साथ ही ये डाइजेशन को बेहतर बनाए रखता है।

वजन करें नियंत्रित: वजन कम करने के प्रयास कर लोगों के लिए मोरिंगा बहुत फायदेमंद है। मोरिंगा में फाइबर पाया जाता है, जो वजन को नियंत्रित करता है।

दिल को बनाए स्वस्थ: हार्ट हेल्थ के लिए विटामिन ए लाभकारी है। साथ ही ये ब्लड प्रेशर को भी नियंत्रित करता है।

त्वचा के लिए फायदेमंद: मोरिंगा में पाए जाने वाले विभिन्न विटामिन्स त्वचा को चमकदार बनाते हैं।

मानसिक स्वास्थ्य: इसके सभी पोषक तत्व मानसिक तनाव को कम कर मूड को अच्छा बनाए रखते हैं।

मोरिंगा सूप की रेसिपीज

मोरिंगा सूप का सेवन सर्दी, गर्मी और बरसात किसी भी मौसम में किया जा सकता है। बच्चे या बढ़े ही नहीं हर उम्र के लोगों के लिए मोरिंगा सूप पीना फायदेमंद है। इसके पोषक तत्वों के चलते इसको सुपर फूड भी कहा जाता है। यहां हम आपको मोरिंगा सूप की दो रेसिपी बता रहे हैं, जो आपको काफी पसंद आने वाली हैं।

रेसिपीज नंबर : 1

सामग्री

  • मोरिंगा: 250 ग्राम
  • अदरक: 2 इंच
  • हरी मिर्च: एक
  • काली मिर्च पाउडर: एक चौथाई चम्मच
  • भुना जीरा पाउडर: एक चौथाई चम्मच
  • काला नमक: स्वादानुसार
  • नींबू: एक
  • कॉर्न स्टार्च: आधा चम्मच
  • नमक: स्वादानुसार

विधि: ताज़ी मोरिंगा को अच्छी तरह से धोकर छील लें। अब इनको बड़े-बड़े टुकड़ों में काटकर एक खुले बर्तन में डालें। इसमें कुटे हुए अदरक और हरी मिर्च को दो हिस्सों में काटकर डाल दें। अब इसमें 2 बड़े ग्लास पानी डालें। जब मोरिंगा अच्छी तरह गल जाए तो पानी, अदरक और हरी मिर्च को अलग कर दें। ध्यान रहे उबले हुए पानी को फेंकना नहीं है। अब उबले हुए मोरिंगा को अच्छी तरह से मसल लें और छानकर गुदा अलग कर लें। अब गूदे को मोरिंगा के उबले हुए पानी में मिक्स करके एक खुले बर्तन में मिश्रण को नमक, काली मिर्च पाउडर, भुना जीरा पाउडर और काला नमक डालकर पकाएं। जब ये पककर गाढ़ा होने लगे तो उसमें नींबू का रस डालें। अगर सूप पतला लगे तो उसमें पानी में घोलकर एक चम्मच कॉर्न स्टार्च मिलाएं। कॉर्न स्टार्च पूरी तरह से ऑप्शनल है। गैस बंद करके गर्मागरम सूप सर्व करें।

फायदे: जाती सर्दी के इस मौसम में लोगों को सर्दी और जुकाम की समस्या हो रही है, ऐसे में बच्चों को इस सूप का सेवन करवाना फायदेमंद है।

रेसिपी नंबर: 2

सामग्री

  • मोरिंगा: 250 ग्राम
  • प्याज़: एक माध्यम आकार का
  • टमाटर: एक माध्यम आकार का
  • हरी मिर्च: एक
  • रागी आटा: 2 चम्मच
  • अदरक-लहसुन का पेस्ट: आधा चम्मच
  • मिक्स सब्जियां: एक कटोरी बारीक कटी हुई (हरी, पीली और लाल शिमला मिर्च, हरी मटर, स्वीट कॉर्न, गाजर आदि)
  • तेल: एक बड़ा चम्मच
  • नींबू: एक
  • नमक: स्वादानुसार
  • धनिया: बारीक कटा हुआ सजावट के लिए

विधि: मोरिंगा को धोकर छीलकर काट लें। अब कटी हुई मोरिंगा को प्याज़, टमाटर और हरी मिर्च में नमक डालकर उबलने के लिए रख दें। सभी चीजों के उबलने के बाद उसको मिक्सर में पीस लें। अब मिश्रण को बड़ी चन्नी में छान लें। छनकर निकले हुए मिक्स में मोरिंगा के उबले हुए पानी को मिलाएं। अब इसमें रागी का आटा डालकर मिक्स करें। अब एक कढ़ाई लेकर उसमें तेल डालें। तेल के गर्म होने के बाद उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट थोड़ा से पकाएं। फिर उसमें सभी मिक्स सब्जियां डालें और कुछ देर तक नमक डालकर पकाएं। जब सब्जियां पक जाए तो उसमें मोरिंगा मिक्स को डालें। जब सूप गाढ़ा होने लगे तो उसमें नींबू डालकर गैस को बंद कर दें और बाटिक कटा हुआ धनिया डालकर गार्निश करें।

नोट: सूप या मोरिंगा को उबलने के लिए प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करने के बजाए खुले बर्तन का इस्तेमाल करें।

वर्तमान में गृहलक्ष्मी पत्रिका में सब एडिटर और एंकर पत्रकारिता में 7 वर्ष का अनुभव. करियर की शुरुआत पंजाब केसरी दैनिक अखबार में इंटर्न के तौर पर की. पंजाब केसरी की न्यूज़ वेबसाइट में बतौर न्यूज़ राइटर 5 सालों तक काम किया. किताबों की शौक़ीन...