Garlic for Acne: मुहांसे किसी भी खूबसूरत चेहरे को खराब और बेजान बना सकते हैं। ये अक्सर हार्मोनल बदलाव, मेकअप का अधिक प्रयोग और देखरेख की कमी की वजह से होते हैं। तमाम कोशिशों के बावजूद कई बार हम इनपर पूरी तरह नियंत्रण नहीं कर पाते लेकिन इनके उत्पन्न होने पर हम इनसे छुटकारा जरूर पा सकते हैं। जी हां, मुहांसों को रातों-रात खत्म करने के लिए आप लहसुन का प्रयोग कर सकते हैं। तेज महक वाला ये साधारण सा इंग्रीडिएंट आपके व्यंजनों का स्वाद बढ़ाने के साथ पिंपल्स या मुहांसों को दूर करने में मदद कर सकता है। आपको बता दें कि लहसुन में एंटी-इंफ्लेमेटरी प्रॉपर्टीज होती हैं जो सूजन, लालिमा और खुजली को कम करने में प्रभावी होता है। लहसुन का प्रयोग आप कई तरह से कर सकते हैं तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
Also read : स्नान और ध्यान का पर्व मकर संक्रांति: Makar Sankranti Festival
लहसुन कैसे मुहांसों पर करता है काम

लहसुन हमारी हेल्थ के लिए जरूरी पोषक तत्वों में से एक है। लहसुन में एलिसिन नामक कंपाउंड होता है जो बैक्टीरियल इंफेक्शन, सेप्टिक और वायरल जैसी समस्याओं से लड़ने में मदद करता है। इसके नियमित प्रयोग से कील-मुहांसों से भी छुटकारा मिल सकता है। इसमें विटामिन बी6, विटामिन सी, सेलेनियम, तांबा, जिंक और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं जो त्वचा के विकारों को कम कर सकते हैं। इसकी तेज सुगंध और हीलिंग प्रॉपर्टीज शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने के साथ झुर्रियों और स्ट्रेच मार्क्स को दूर करने में भी मदद करती हैं। इसके अलावा इसमें ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने की भी क्षमता होती है।
लहसुन का मुहांसों पर कैसे करें इस्तेमाल

– लहसुन का पेस्ट मुहांसों पर लगाने से आराम मिलता है। लहसुन का पेस्ट तैयार करने के लिए सबसे पहले उसका छिलका हटा दें और उसे कुचल लें। इस पेस्ट को प्रभावित जगह पर लगाएं और 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर पानी से धोकर मुंह साफ कर लें। इस प्रक्रिया को प्रतिदिन दोहराएं।
– मुहांसे को नियंत्रित करने के लिए आप गुलाब जल और लहसुन का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले लहसुन का रस निकाल लें और गुलाब जल में मिलाकर प्रभावित हिस्से पर लगाएं। 15 मिनट तक इसे लगे रहने दें और फिर पानी से धो लें।
– मुहांसों के इलाज के लिए लहसुन और एप्पल साइडर विनेगर का उपयोग लाभदायक हो सकता है। इसे बनाने के लिए 1 चम्मच लहसुन का रस और एप्पल साइडर विनेगर अच्छी तरह मिक्स कर लें। कॉटन बॉल की मदद से इस घोल को मुहांसों से प्रभावित स्किन पर लगाएं। इसे अच्छी तरह सूखने दें और फिर धो लें। इस लोशन को प्रतिदिन चेहरे पर लगाने से आराम मिल सकता है।
– चेहरे पर हो रहे मुहांसों को ठीक करने के लिए एलोवेरा जेल में लहसुन का रस मिलाकर लगाने से आराम मिल सकता है। दो चम्मच एलोवेरा जेल में दो चम्मच लहसुन का रस मिलाकर पेस्ट बनाएं और 15 मिनट के लिए चेहरे पर लगा रहने दें। फिर गुनगुने पानी से चेहरे को धोकर साफ कर लें। इस पेस्ट को प्रतिदिन चेहरे पर लगाने से मुहांसों से छुटकारा मिल सकता है।
