घर की महिलाएं ऐसे बन सकती हैं अच्छी सहेलियां
अगर घर की महिलाएं चाहें तो वे अच्छी सहेलियां बन कर एक-दूसरे के जीवन को खुशियों से भर सकती हैंI
Friendship Tips For Women:हर लड़की के जीवन में अच्छी सहेलियों का साथ जरूरी होता हैI सहेलियों के साथ से न सिर्फ खुशी मिलती है, बल्कि कठिन परिस्थिति का सामना करने की हिम्मत भी मिलती हैI शादी से पहले तो हम सभी की कई सारी अच्छी-अच्छी व प्यारी-प्यारी सहेलियां होती हैं, लेकिन शादी के बाद घर-परिवार की जिम्मेदारियों के बीच हम इतने ज्यादा व्यस्त हो जाते हैं कि सहेलियों के लिए समय ही नहीं निकाल पाते हैं और धीरे-धीरे सहेलियों का साथ छुटता जाता हैI
लेकिन जब भी उदास होते हैं तो सबसे पहले उन्हीं सहेलियों की याद आती है कि कैसे उनके साथ मस्ती किया करते थे, हँसते-मुस्कुराते थे, नाराज होने पर तुरंत कैसे एक-दूसरे को मना लिया करते थेI पहले जैसा समय वापस लाना तो मुमकिन नहीं है, परन्तु अगर घर की महिलाएं चाहें तो वे अच्छी सहेलियां बन कर एक-दूसरे के जीवन को खुशियों से भर सकती हैं, आइए जानते हैं कैसे-
Also read: पैसे मांगने वाले रिश्तेदारों से कैसे निपटें
एक-दूसरे की प्रशंसक बनें

अक्सर देखा जाता है कि घर की महिलाएं एक दूसरे की तारीफ करने के बजाए एक-दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिश करती हैंI उन्हें कभी भी एक-दूसरे कि तारीफ करते हुए नहीं देखा जाता है, अगर तारीफ कभी कर भी दें तो तुरंत उस बात के लिए ताने भी मारती हैंI दरअसल वे इस बात से अनजान होती हैं कि वे एक-दूसरे की सच्ची साथी होती हैं, उन्हें बुराई नहीं बल्कि एक-दूसरे की प्रशंसा करनी चाहिएI एक बार आप अपने घर की महिलाओं की तारीफ करके देखिए, आपके रिश्ते मजबूत तो बनेंगे ही, साथ ही आपकी दोस्ती भी गहरी होगीI
साथ समय बिताने का बहाना ढूंढें

महिलाएं घर-परिवार में इतनी ज्यादा व्यस्त रहती हैं कि अपने लिए समय ही नहीं निकाल पाती हैं , जिसकी वजह से उन्हें मी-टाइम एन्जॉय करने का समय ही नहीं मिलता हैI ऐसे में घर की महिलाओं को अपने लिए समय निकालना चाहिए और साथ में कहीं घूमने जाना चाहिए, इससे वे खुद को रिचार्ज भी कर सकती हैं और एक-दूसरे के साथ अपनी बॉन्डिंग भी मजबूत बना सकती हैंI
मदद के लिए हमेशा रहें तैयार

घर की महिलाओं को हमेशा एक-दूसरे की मदद के लिए तैयार रहना चाहिएI कभी भी अपने मन में ऐसी भावना नहीं लानी चाहिए कि हमेशा मैं ही क्यों मदद करूँ या फिर मुझे मदद करके क्या मिलेगाI अगर घर की महिलाएं ही आपस में एक-दूसरे की मदद नहीं करेंगी तो कौन मदद करेगा, इसलिए हमेशा मदद के लिए तैयार रहना चाहिएI
रिश्ते में ना आने दें जलन की भावना

घर की महिलाएं छोटी-छोटी बातों के लिए एक-दूसरे के प्रति जलन की भावना मन में रखती हैंI इसी वजह से वे कभी भी एक-दूसरे की सहेलियां नहीं बन पाती हैं और अकेले ही अकेले अपनी समस्याओं के कारण परेशान होती हैंI अगर आप भी ऐसा ही कुछ करती हैं तो अपनी इस आदत को बदलिए और घर की महिलाओं के करीब जाने की कोशिश करिएI आप खुद महसूस करेंगी कि आपको उनसे अच्छी सहेलियां कोई नहीं मिल सकतीI
