Trust Issues In Relationship: किसी भी रिश्ते को मजबूत और खुशनुमा बनाने के लिए सिर्फ एक-दूसरे से प्यार करना ही काफी नहीं होता है। बल्कि एक-दूसरे पर भरोसा करना भी बेहद जरूरी है। अधिकतर कपल अपने पार्टनर से प्यार तो करते हैं, लेकिन उन पर विश्वास नहीं करते हैं। ऐसे में उनके बीच छोटी-छोटी बातों का लेकर समस्या होती है। इतना ही नहीं, कभी-कभी अविश्वास से पैदा हुए झगड़े इतने बड़े हो जाते हैं कि कपल अलग होने का रास्ता चुन लेते हैं। कहते हैं कि जिस रिश्ते में विश्वास नहीं होता है, वह रिश्ता कभी भी खुशहाल नहीं बन सकता है। लेकिन क्या आपको पता है कि लड़कियां वास्तव में जल्दी से किसी पुरूष पर विश्वास नहीं कर पाती हैं। इसके पीछे उनके अपने ही कुछ कारण होते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही कारणों के बारे में बता रहे हैं, जिनकी वजह से लड़की जल्दी से किसी लड़के पर भरोसा नहीं कर पाती है-
अतीत में मिला बुरा अनुभव

कहते हैं कि दूध का जला छाछ भी फूंक कर पीता है। मतलब, अगर किसी को एक बार प्यार में धोखा मिलता है तो ऐसे में उसके लिए किसी अन्य व्यक्ति पर भरोसा करना काफी मुश्किल हो जाता है। एक बार दिल टूटने या फिर पार्टनर के बुरे व्यवहार से परेशान होने के बाद लड़की जल्दी से दोबारा किसी अन्य पुरूष के साथ रिश्ते में जुड़ने से डरती है। उसे लगता है कि उसे फिर से उसी बुरे दौर से गुजरना पड़ेगा।
सोशल स्टीरियोटाइप

कई बार सामाजिक प्रभाव के चलते भी लड़कियां जल्दी से लड़कों पर भरोसा नहीं कर पाती हैं। दरअसल, अधिकतर घरों में लड़कियों को ऐसी कहानियों या अनुभवों के बारे में बताया जाता है, जहां पुरुषों ने धोखा दिया हो या फिर गलत तरह का व्यवहार किया हो। इस तरह की बातों को सुनने के बाद उनके मन में एक ऐसी धारणा बन जाती है कि पुरूषों पर विश्वास नहीं किया जा सकता है। जिसके चलते वह उनसे दूर ही रहना चाहती हैं।
कम्युनिकेशन गैप होना

कई बार कम्युनिकेशन गैप होना या फिर मिसकम्युनिकेशन के कारण भी गलतफहमी और अविश्वास पैदा हो सकता है। अगर किसी लड़की को लगता है कि पुरूष उसके विचारों और भावनाओं को सुन या समझ नहीं रहा है, तो ऐसे में उसके लिए अपने साथी पर भरोसा करना काफी मुश्किल हो सकता है।
लड़के का अतीत

कई बार जब लड़के का ट्रैक रिकॉर्ड खराब होता है तो ऐसे में लड़की के लिए उस पर भरोसा कर पाना काफी मुश्किल हो जाता है। मसलन, अगर किसी लड़के ने अतीत में अपने पार्टनर को धोखा दिया है या फिर उसके पहले दो-तीन रिलेशन टूट चुके हैं। तो ऐसा माना जाता है कि कहीं ना कहीं उस लड़के में ही कोई परेशानी है। जिसके चलते लड़की जल्दी से उस पर विश्वास नहीं कर पाती है।
