bhootnath-novel-by-devkinandan-khatri-2
bhootnath by devkinandan khatri

भूतनाथ की बेहोशी जब दूर हुई तो उसने अपने को एक हरे-भरे सुन्दर बाग में नरम-नरम घास के ऊपर पड़े पाया। फूलों की मीठी-मीठी खुशबू उसके दिमाग को मुअत्तर कर रही थी और पश्चिम तरफ आसमान पर अस्त होते हुए सूर्य भगवान की लालिमा कह रही थी कि भूतनाथ अब उठ बैठो, अब यह गफलत की नींद सोने का समय नहीं है। भूतनाथ घबड़ाकर उठ बैठा और आश्चर्य की निगाह से चारों तरफ देखने लगा।

भूतनाथ नॉवेल भाग एक से बढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें- भाग-1

इस छोटे से बाग के तीन तरफ ऊँची दीवारें थीं और चौथी तरफ दो मंजिला बहुत खूबसूरत एक मकान बना हुआ था। बाग के बीचों बीच में एक छोटा-सा संगमरमर का चबूतरा था जिस पर चार-पाँच औरतें बैठी हुई दिखाई दे रही थीं।

भूतनाथ की निगाह सब तरफ से घूमती हुई उस चबूतरे पर जा पड़ी जिस पर कई औरतें बैठी हुई थीं। भूतनाथ ने बारीक निगाह से उनकी तरफ देखा और बोल उठा, “इनको तो मैं पहिचान गया हूँ!” यह कहते ही उस चबूतरे के पास जा पहुँचा और देखा कि जमना, सरस्वती, इन्दुमति तथा हाथों में नंगी तलवार लिए और भी दो औरतें वहाँ बैठी हुई आपस में कुछ बातें कर रही थीं। यद्यपि थोड़ी ही देर पहिले ईश्वर की प्रार्थना करता हुआ भूतनाथ कसम खा चुका था कि किसी को दु:ख न देगा, मगर इस समय एकांत में जमना, सरस्वती और इन्दुमति को देख उसके मुँह में पानी भर आया और वह अपनी प्रतिज्ञा को एकदम भूल गया।

जमना, सरस्वती और इन्दुमति ने भूतनाथ को देखा। चमक कर उठ खड़ी हुईं और आश्चर्य करती हुई भूतनाथ से पूछने लगीं-

जमना : क्यों जी गदाधरसिंह, तुम यकायक यहाँ कैसे आ पहुँचे?

भूतनाथ : इस बात को तो मैं खुद ही नहीं जानता।

जमना : मगर मैंने तो सुना था कि तुम्हें भैया राजा ने कैद कर लिया है और तुमने ईश्वर को साक्षी देकर कसम खाई है कि अब किसी के साथ भी बुराई न करोगे।

भूतनाथ : (दबी जुबान से) हाँ, सो तो ठीक है, मगर तुमने सुना नहीं कि बुद्धिमानों का कथन है कि हजार कसम खाकर भी अगर दुश्मन को मार सके तो जरूर मारे।

सरस्वती : ठीक है, कम-हिम्मत, बुज़दिल और नामर्द बुद्धिमानों का जरूर यही कौल है।

भूतनाथ : खैर, मैं तुम्हारी बातों का जवाब देना मुनासिब नहीं समझता क्योंकि मेरे मित्र और मालिक ही स्त्री हो और मैं तुमको भी मालिक ही के समान मानता हूँ।

जमना : (मुस्कुराकर) ठीक है, तब ही तो तुमने मुझ पर सफाई का हाथ फेरा था और एकदम जहन्नुम में मिला देने के लिये तैयार हो गये थे!

भूतनाथ : इस विषय में तुम कोई भी सबूत नहीं दे सकती हो बल्कि मैं इस बात का सबूत दे सकता हूँ कि तुमने मुझे सताने के लिए कैसे-कैसे ढंग रचे थे जिनसे कि ईश्वर ही ने मुझे बचाया।

जमना : हाँ, इस बात से तो मैं किसी तरह भी इंकार नहीं कर सकती क्योंकि तू मेरे पति का घातक है।

भूतनाथ : (क्रोध के साथ) बस यही बात तो मेरे कलेजे में खटकती है। अगर तम अपनी जुबान से ऐसा न कहा करतीं और तुम्हें इस बात का शक न होता तो मुझे तुम्हारे साथ दुश्मनी करने की कोई जरूरत ही न थी। तुम ही मुझे दुनिया में मुफ्त बदनाम और बर्बाद किया चाहती हो और सिवाय तुम्हारे और कोई भी मेरे माथे में कलंक का टीका नहीं लगा सकता क्योंकि वास्तव में मैं तुम्हारे पति का घातक नहीं हूँ। तुम मुझे मुफ्त में बदनाम करती और इसी बदनामी को दूर करने के लिए मुझे मजबूर होकर तुम्हारे साथ दुश्मनी करनी पड़ती है।

घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसी दाल, हर कोई चाटता रह जाएगा उंगलियां: Dal Fry Recipe

जमना : अगर तुम इस बात का सबूत दे दो कि तुम वास्तव में मेरे पति के घातक नहीं हो तो मैं आज ही से तुम्हारे साथ दुश्मनी करने का खयाल एकदम छोड़ दूँ, मगर साथ ही इसके तुमको भी मेरे साथ का अपना बर्ताव बदल देना अर्थात् दुश्मनी का ध्यान छोड़ देना पड़ेगा।

भूतनाथ : मैं यह काम करने के लिए तैयार हूँ।

सरस्वती : बस तो सबूत देने में देर क्या है?

भूतनाथ : इतना ही कि मेरा ऐयारी का बटुआ मुझे मिल जाय।

जमना : तुम्हारे ऐयारी के बटुए में कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे तुम अपनी सफाई के सबूत में पेश कर सको।

भूतनाथ : (आश्चर्य से) यह तुम्हें कैसे मालूम हुआ?

जमना : तुम्हारा बटुआ मेरे कब्जे में है, मैं उसे अच्छी तरह देख चुकी हूँ।

भूतनाथ : यह तो तुमने अच्छा नहीं किया!

जमना : (मुस्कुराकर) तुम दूसरे का सर्वस्व नाश कर दो तो कोई हर्ज नहीं मगर कोई दूसरा तुम्हारा ऐयारी का बटुआ किसी तरह ले ले तो कहो ‘बहुत बुरा किया’ ! जिन भैया राजा को तुमने धोखा देकर फँसाया था उन्होंने ही तुम्हारे बटुए पर कब्जा कर लिया था और अब वह मेरे पास मौजूद है।

जमना की बातें सुनते-सुनते भूतनाथ को क्रोध चढ़ आया और उसने बिना इस बात का विचार किये ही कि मैं कहाँ हूँ, किसके कब्जे में हूँ और क्या कर रहा हूँ उन तीनों पर हमला किया अर्थात् खंजर निकालकर वार करने के लिए उन पर झपटा।

Leave a comment