Overview:
शादी के बाद हनीमून सबसे खूबसूरत और यादगार पलों में से एक होता है। इस दौरान दो अनजान लोग एक-दूसरे को करीब से जानते हैं और आने वाली जिंदगी के सुनहरे सपने बुनते हैं। इसलिए यह बहुत जरूरी है कि आप अपना हनीमून डेस्टिनेशन बहुत ही सोच समझकर चुनें।
Honeymoon Destination: वेडिंग सीजन नजदीक है और इसी के साथ न्यूली वेड कपल्स जुटने वाले हैं अपने हनीमून की प्लानिंग में। शादी के बाद हनीमून सबसे खूबसूरत और यादगार पलों में से एक होता है। इस दौरान दो अनजान लोग एक-दूसरे को करीब से जानते हैं और आने वाली जिंदगी के सुनहरे सपने बुनते हैं। इसलिए यह बहुत जरूरी है कि आप अपना हनीमून डेस्टिनेशन बहुत ही सोच समझकर चुनें। अगर आप भी टूरिस्ट की खचाखच भरी मशहूर जगहों की जगह कुछ ऐसा डेस्टिनेशन चुनना चाहते हैं, जहां आप अपने पार्टनर के साथ सुकून के पल बिता सकें तो आप इन ऑफबीट हनीमून डेस्टिनेशन पर जाने का प्लान बना सकते हैं।
चिकमंगलूर, कर्नाटक
पहाड़, झरने, नदियां, ऐतिहासिक मंदिर, एडवेंचर और खूबसूरत नजारे… अगर आप अपनी एक ही ट्रिप में ये सब चाहते हैं तो कर्नाटक का चिकमंगलूर आपके लिए बेस्ट हनीमून डेस्टिनेशन हो सकता है। इस जगह के चप्पे-चप्पे से आपको प्यार हो जाएगा। यहां की मुल्लायानगिरी पहाड़ियां आपका दिल जीत लेंगी। वैसे तो चिकमंगलूर में कई वाटरफॉल्स हैं, लेकिन हेब्बे फॉल्स इनमें से प्रमुख है। हरे भरे पहाड़ों से गिरने वाला यह झरना, दूध की धारा जैसा नजर आता है। इसके अलावा यहां झारी फॉल्स, कल्लथी फॉल्स और कदंबी फॉल्स भी देख सकते हैं। इस छोटे से हिल स्टेशन में कुद्रेमुख राष्ट्रीय उद्यान भी है। इसी के साथ प्राचीन कोडंडाराम मंदिर, श्री कलेश्वर स्वामी मंदिर और अन्नपूर्णेश्वरी मंदिर भी दर्शनीय स्थलों में शामिल है। आप यहां 12वीं सदी में बना बल्लालारायण दुर्गा किला, कॉफी संग्रहालय, भद्रा वन्यजीव अभयारण्य, हिरेकोलाले झील देख सकते हैं। अगर आप ट्रैकिंग के शौकीन हैं तो यहां आपको कई शानदार ट्रेक्स मिल जाएंगे।
जीरो वैली, अरुणाचल प्रदेश
अरुणाचल प्रदेश की प्रकृति में जड़े हीरे जैसी है जीरो वैली। यह अरुणाचल प्रदेश के निचले सुबनसिरी जिले में स्थित एक हिल स्टेशन है। भीड़भाड़ से दूर आप यहां अपने पार्टनर के साथ सुकून, शांति और प्यार के खास पल बिता सकते हैं। इस खूबसूरत घाटी में घूमने के लिए कई शानदार पर्यटक स्थल हैं। किले पाखो आपको यहां की स्थापत्य कला के दर्शन करवाएगा। वहीं टैली घाटी वन्यजीव अभयारण्य में आप कई जीव जंतु और वनस्पतियां देख सकते हैं। मेघना गुफा मंदिर, आबा वाइनरी, मैरी इमैकुलेट कैथोलिक चर्च, टाउन बैपटिस्ट चर्च और तारिन फिश फार्म देखना एक अलग अनुभव होगा। यहां के आर्किड रिसर्च सेंटर में आप आर्किड की सैकड़ों प्रजातियां देख सकते हैं। मिडी और मंडो ट्रैक ट्रैकिंग के लिए बेस्ट माने जाते हैं। दिसंबर से फरवरी के बीच आप यहां बर्फबारी का भी आनंद ले सकते हैं।
कौसानी, उत्तराखंड
उत्तराखंड की खूबसूरती हमेशा से ही कपल्स को लुभाती है। वैसे तो यहां कई मशहूर पर्यटक स्थल हैं, लेकिन बागेश्वर जिले में स्थित हिल स्टेशन कौसानी अपने आप में खास है। इसे भारत का स्विट्जरलैंड भी कहा जाता है। इस ऑफबीट पर्यटक स्थल के पास ही नंदा देवी और त्रिशूल चोटियों सहित हिमालय पर्वतमाला के शानदार नजारे आपके हनीमून को यादगार बना देंगे। यहां महात्मा गांधी को समर्पित अनासक्ति आश्रम और बैजनाथ मंदिर परिसर भी देखा जा सकता है। कौसानी करीब 1,890 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यहां की ठंडी-ठंडी हवा, हरे-भरे पहाड़, चाय के बागान आपकी ट्रिप को और भी खास बनाते हैं। भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर आप यहां अपने पार्टनर के साथ सुकून के पल बिता सकते हैं।
