Mumbai Places Tour: मायानगरी कहलाने वाला मुंबई सपनो का शहर है। कोई यहां अपने सपनो को हकीकत बनाने जाता है, तो कोई सपनो को हकीकत में जीने। ये संघर्ष से भरा शहर जितना रंगीन दिखता है, उससे भी ज्यादा कठिन इसमें टिके रहना है। मुंबई की रंगीन दुनिया के पीछे बहुत कुछ ऐसा छुपा है जो कई जिंदगियां बना देता है, तो कइयों को उजाड़ भी देता है। ये मायानगरी हौसलों को जिंदा रखने का काम भी करती है, और हौसलों को तोड़कर दफनाने का भी।
मुंबई की इस संघर्षशील भागदौड़ वाली जिंदगी में जब कभी आप कमजोर और टूटा हुआ महसूस करते हैं, तब आपको अपनी दिनचर्या में एक खास बदलाव की इच्छा होती होगी। आपके पास इस अंजान शहर में कम से कम एक ऐसी खास जगह होनी चाहिए, जहां जाकर आप अपनी हफ्ते भर की भड़ास निकाल सकें। जहां जाकर आप बेहतर महसूस करें। इस लेख में आप ऐसी ही टॉप टेन जगहों के बारे में जानेंगे जो आपकी मुंबई लाइफ को आसान बना देंगी।
Read More : भारत के इन 5 वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी में मिलेगा प्रकृति का अद्भुत नजारा: Wildlife Sanctuary
मुंबई में दोस्तों संग हैंगआउट करने के लिए बेस्ट हैं, ये जगहें: Mumbai Places Tour
मरीन ड्राइव क्वींस नेकलेस
क्वीन्स नेकलेस के नाम से दुनिया भर में जाना जाने वाला मरीन ड्राइव, मुंबई का एक बेहद खूबसूरत स्थान है, जहां हर मुंबईकर अपना अच्छा समय बिताना चाहता है। दक्षिण मुंबई मेंअरब सागर के किनारे स्थित यह C शेप एरिया काफी रमणीय स्थल है, तभी तो यहां की सूर्यास्त की छटा भी देखते ही बनती है। अगर आप इत्मीनान से समुद्र किनारे टहलते हुए खुले आसमान की हवाओ में थोड़ा समय बिताना चाहते हैं तो ये जगह परफेक्ट है। यहां आकर मन को एक अलग सी शांति मिलती है, जैसे समुद्र में उठती लहरे भी आपको कुछ कहने चाह रही हो। डूबते सूरज के नारंगी रंग के साथ इस जगह को खूबसूरती और भी ज्यादा बढ़ जाती है। क्योंकि सूर्यास्त के समय जब यहां लगी स्ट्रीट लाइट्स जगमगाती हैं तो ये मोती की तरह दिखाई देती हैं। मोतियों से सजा ये हार बेहद खास लगता है।
गेटवे ऑफ इंडिया
जॉर्ज पंचम और उनकी पत्नी की शान और स्वागत में बनाया गया ये भव्य गेटवे एक खास ऐतिहासिक महत्व रखता है। अंग्रेजों के शासनकाल में इसे भारत में आने और जाने के द्वार के रूप में विकसित किया गया था। आज भी ये खूबसूरत दरवाजा पूरी शान ओ शौकत के साथ खड़ा है। अगर आप मुंबई में हैं, तो गेटवे ऑफ इंडिया घूमना तो बनता है। इस जगह जाकर आपको इतिहास की एक अलग सी खुशबू अनुभव होगी। गेटवे ऑफ इंडिया की इस शानदार सैर पर आप चटपटे खाने का भी स्वाद ले सकते हैं।
कोलाबा कॉसवे
अगर इस देश की जान मुंबई है, तो मुंबई का दिल कोलाबा कॉसवे में बसता है। अंग्रेजों के समय में एक विशाल मार्केट के तौर पर निर्मित यह एरिया आज भी एक बहुत बड़ा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स है। हर ट्रेंडिंग फैशन की शॉपिंग आप यहां पर काफी सस्ते में कर सकते हैं। ऐसे में यह जगह आपको कभी भी बोर नहीं करती। आप कितनी बार कोलाबा कॉसवे जायेंगे, उतना ही इसके करीब पहुंच जायेंगे। मुंबई के खास वड़ा पाव का स्वाद भी आप यहां ले सकते हैं।
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस
किसी समय में विक्टोरिया टर्मिनस के नाम से प्रसिद्ध रही यह शानदार जगह आज छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम से जानी जाती है। आप सोच रहे होंगे एक रेलवे टर्मिनस में ऐसा घूमने वाला क्या है, जो इस जगह को इस श्रेणी में जोड़ा गया। दरअसल तीन अलग अलग वास्तु स्टाइल में बनी छत्रपति शिवाजी टर्मिनस की इमारत बेहद खूबसूरत है। किसी महल की तरह दिखाई देने वाली इस जगह एक बार तो हर कोई घूमना ही चाहता है। इस इमारत को आपने अब तक कई पिक्चर्स में देखा होगा, अब आप इसे करीब से देख सकते हैं। करीब से देखने पर इस जगह की खूबसूरती से आपको भी मोहब्बत हो जाएगी।
फोर्ट एरिया
अंग्रेजों द्वारा विकसित की गई पहली इमारतों में शामिल यह शानदार बिल्डिंग बेहद खास है। वैसे तो मुंबई शहर की हर जगह अपने आप में खास ही है, लेकिन उससे भी ज्यादा शानदार है मुंबई का यह फोर्ट एरिया। मुंबई में अगर आप संस्कृति यानिकि कल्चर को करीब से देखना चाहते हैं, अगर आप आर्ट के शौकीन हैं, तो इस जगह जाकर आपको बहुत अच्छा लगने वाला है। पूरी मुंबई से अलग थलग इस जगह में एक ठहराव सा है। इस बार आप यहां भी जाने का प्लान बना सकते हैं।
जुहू बीच
मुंबई के सबसे ज्यादा हाई फाई इलाकों में शुमार ये जुहू बीच भी अपने आप में खास है। जुहू का वो नीला सा समुद्र तट बेहद सुंदर है जिसे जुहू चौपाटी के नाम से भी जाना जाता है। ये मुंबई का सबसे खास, लोकप्रिय और सबसे ज्यादा लंबा समुद्र तट है। पर्यटकों के लिए यह जगह बेहद खास है, क्योंकि समुद्र का ये शानदार किनारा और स्ट्रीट फूड का लजीज स्वाद भी मजेदार है। यह समुद्र तट बेहद शानदार है और लगभग छह किलोमीटर लंबा है। छुट्टियों में इस बीच पर समय बिताकर हर किसी को खास दिखता है। इस एरिया में तो बॉलीवुड के कई सितारे भी रहते हैं।
हाजी अली दरगाह
अगर आप मन की शांति चाहते हैं तो मुंबई की भाग दौड़ भरी जिंदगी से दूर आप कुछ वक्त हाजी अली की दरगाह पर भी बीता सकते हैं। मुंबई के वरली तट के पास में ही यह एक छोटे से टापू पर स्थित है। सय्यद पीर हाजी अली शाह बुखारी की याद में बनाई गौ यह दरगाह असीम आस्था का प्रतीक है। हर साल लाखों लोग यहां चादर चढ़ाकर अपनी झोली फैलाते हैं। और हाजी अली की दुआओं से वो मुरादे पूरी भी होती हैं। मुस्लिमो के बीच ही नहीं यह दरगाह हिंदुओ के लिए भी खास है।
वर्ली सी फेस
अगर आप मुंबई में हैं और अपने इन दिनो को खास बनाना चाहते हैं तो वर्ली सी फेस भी एक शानदार जगह है। आप यहां पर वर्ली किला और बांद्रा-वर्ली सी लिंक घूम सकते हैं। वर्ली सी फेस ब्रिज हमारे देश का चौथा सबसे लंबा ब्रिज है। इसी ब्रिज को बांद्रा-वर्ली सी लिंक यानिकि राजीव गांधी सी लिंक के नाम से दुनिया भर में जाना जाता है। आप चाहें तो यहां के खूबसूरत व्यू को लुत्फ उठा सकते हैं।
Read More : महिलाएं सोलो ट्रिप के लिए जरूर अपनाएं यह टिप्स: Solo Trips for Women
एलिफेंटा केव्स
भारत में वैसे तो कई एतिहासिक जगहें हैं, लेकिन उन सब में भी ये स्थान बेहद खास है। जी, हम बात कर रहे हैं मुंबई में स्थित एलिफेंटा केव्स की। ये एक बेहद शानदार और घूमने लायक जगह है। एलिफेंटा केव्स के नाम से प्रसिद्ध ये गुफाएं सिर्फ देशी ही नहीं बल्कि विदेशी सैलानियों के बीच में भी काफी प्रसिद्ध हैं। एलिफेंटा केव्स एलिफेंटा द्वीप में स्थित हैं जो महाराष्ट्र के मुंबई शहर में स्थित गेटवे ऑफ इंडिया से लगभग लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है। एलिफेंटा की गुफाएं घारापुरी के नाम से भी प्रसिद्ध हैं जो की किसी समय में कोंकणी मौर्य की द्वीपीय राजधानी हुआ करती थी। एलिफेंटा नाम इसे पुर्तगालियों ने दिया था क्योंकि यहां पर पत्थर के हाथी बने हुए हैं। साथ ही यहां पर कई हिंदू देवी देवताओं की मूर्तियों को भी पहाड़ में उकेरा गया है।आप यहां आएंगे तो अनुभव करेंगे जैसे एक नई दुनिया में आ गए हों।
संजय गांधी नेशनल पार्क
प्रकृति के अतुल्य दर्शन के लिए आप इस जगह पर आ सकते हैं। संजय गांधी नेशनल गार्डन के नाम से जानी जाने वाली यह जगह अपने आप में बेहद खास है। मुंबई शहर के कंक्रीट के जंगलों के बीच में ये हरा भरा इलाका बेहद खास लगता है। आप चाहें तो इस जगह पर जाकर न सिर्फ प्रकृति का पवित्र अनुभव कर सकते हैं, बल्कि साथ ही आप बौद्ध इतिहास का जीवंत स्वरुप भी देख सकते हैं। वन्य इलाके के बीच में 2400 साल पुरानी कन्हेरी गुफाएँ भी स्थित हैं जिनका निर्माण बेसाल्टिक चट्टानों से बौद्ध भिक्षुओं ने किया था। संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान की हरी भरी जिंदगी हार साल लाखों पर्यटकों को अपनी ओर खींचती हैं।
पवई लेक
मुंबई में स्थित यह आर्टिफिशियल झील एक बेहद सुरम्य और रमणीय स्थल है। मुंबई के रहने वाले हों या बाहर से आने वाले पर्यटक, ये झील सबको अपनी ओर खींचती है। यहां का वातावरण, और शुद्ध हवा बेहद खास है। आप चाहें तो अपने स्ट्रेस से बचने के लिए यहां आ सकते हैं।
श्री सिद्धिविनायक मंदिर
भारत की आर्थिक यानिकि इकोनॉमिक राजधानी कहलाने वाली मुंबई सपनो की वो नगरी है, जहां या तो सपने पूरे होते हैं या इंसान टूट जाते हैं। इस शहर की खूबसूरती में आप खो सकते हैं, तो साथ ही इस शहर के संघर्ष में आप खुद से हार सकते हैं। ऐसे में इस पूरे शहर को ताकत देता है सिद्धिविनायक मंदिर। मुंबई ही नही बल्कि देश और दुनिया में भी सिद्धिविनायक मंदिर बेहद प्रसिद्ध है। गणपति बप्पा को समर्पित इस मंदिर में भगवान के दर्शन के लिए यहां पर भारी संख्या में भक्तजन हर दिन आते हैं। मान्यता है, यहां आने वाले भक्त कभी निराश नही होते और बप्पा सभी की मनोकामना पूरी करते हैं। यहां तक कि गणेश उत्सव के दौरान सिद्धिविनायक मंदिर में बप्पा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। बप्पा की भव्य और दिव्य मूर्ति भगवान गणपति का साक्षात स्वरूप है, आप यहां पर दर्शन करके एक दिव्य अनुभव कर सकते हैं।