Importance of Friends: दोस्ती का रिश्ता हर किसी के जीवन में बेहद ही खास होता है। हम सभी बचपन से लेकर बड़े होने तक कई लोगों को अपना दोस्त बनाते हैं। लेकिन इन दोस्तों में कोई एक खास शख्स ही होता है जो हमारा सच्चा दोस्त होता है। अगर व्यक्ति को जीवन में सच्चा दोस्त मिल जाए तो उसे जीवन में सिर्फ और सिर्फ तरक्की ही मिलती है। रवींद्रनाथ टैगोर ने भी एक बार कहा था कि “दोस्त वो होता है जो आपको समझे, आपके साथ खड़ा रहे और आपको हमेशा सही मार्ग दिखाए।“
चूंकि एक सच्चा दोस्त आपके साथ हमेशा खड़ा रहता है, इसलिए आप खुद को कभी भी अकेला महसूस नहीं करते हैं। वह आपको सही रास्ता दिखाता है और इससे आप खुद को हर गुजरते दिन के साथ इंप्रूव करते चले जाते हैं। चाहे कोई भी व्यक्ति हो, उसके जीवन में एक सच्चा दोस्त अवश्य होना चाहिए। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे कारणों के बारे में बता रहे हैं कि जीवन में एक सच्चा दोस्त होना क्यों जरूरी है-
Also read: फ्रेंडशिप डे पर दोस्त को दिए जा सकते हैं ये पांच खास हैंडमेड गिफ्ट: Gift for Friendship Day
इमोशनल सपोर्ट के लिए जरूरी है दोस्त

जीवन में हर वक्त एक जैसा नहीं होता है। हर व्यक्ति को अपने जीवन में कई तरह के उतार-चढ़ावों का सामना करना पड़ता है। जब आप किसी मुश्किल दौर से गुजर रहे होते हैं तो उस समय आपको सबसे ज्यादा इमोशनल सपोर्ट की जरूरत होती है। ऐसे में सच्चे दोस्त आपके लिए हमेशा खड़े होते हैं। मसलन, अगर आपका ब्रेकअप हो जाता है या फिर कोई करीबी आपसे दूर हो जाता है तो उस समय एक सच्चा दोस्त ही होता है, जो आपको पूरे दिल से सुनता है और आपको अपनी भावनाओं को मैनेज करने में मदद करता है।
सही फीडबैक देने के लिए जरूरी है दोस्त
हम सभी को हमेशा ही खुद को इंप्रूव करने की जरूरत होती है। इसके लिए ईमानदारी से फीडबैक मिलना बेहद जरूरी होता है। आमतौर पर, जीवन में ऐसे लोग मुश्किल से ही मिलते हैं जो आपको पूरी ईमानदारी के साथ प्रतिक्रिया है। अक्सर लोग फीडबैक देते समय उसमें अपना फायदा व नुकसान देखते हैं। लेकिन एक सच्चा आपकी रचनात्मक आलोचना करते हैं, जो आपको बेहतर बनाने में मदद करती है। इस तरह इससे आपको फायदा ही मिलता है। उदाहरण के लिए, अगर आप नौकरी के लिए इंटरव्यू की तैयारी कर रहे हैं, तो एक सच्चा दोस्त आपको आपके रिज्यूमे और इंटरव्यू स्किल्स पर ईमानदार प्रतिक्रिया देगा। वह यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेगा कि आप अच्छी तरह से तैयार हैं। इस तरह उसकी आलोचना आपको जीवन में बेहतर बनाने में मदद करेगी।
खुशी बांटने के लिए जरूरी है दोस्त

यूं तो आप अपनी खुशी के अवसर पर कोई पार्टी कर सकते हैं और कई लोगों को इनवाइट कर सकते हैं। लेकिन दोस्तों के साथ सफलता का जश्न मनाने का एक अलग ही आनंद होता है। उसके साथ अपनी खुशी बांटकर आपको एक अलग अनुभव होता है, जो शायद हजार लोगों के साथ पार्टी करने में भी महसूस ना हो। मसलन, अगर आपको ऑफिस में प्रमोशन मिला है, तो यह खबर अपने सबसे अच्छे दोस्त के साथ साझा करके आपकी खुशी कई गुना बढ़ जाती है।
पर्सनल ग्रोथ के लिए जरूरी है दोस्त
अगर आपके पास एक सच्चा दोस्त है तो वह आपकी पर्सनल ग्रोथ में भी मदद करते हैं। वे आपको आगे बढ़ने और एक बेहतर इंसान बनने के लिए हरदम प्रेरित करते हैं। हो सकता है कि वे आपको कोई नई हॉबी या कोई कोर्स करने के लिए प्रोत्साहित करें, जिससे आपकी पर्सनल ग्रोथ हो। साथ ही साथ, इससे आपके करियर पर भी सकारात्मक असर पड़ता है।
अकेलेपन को दूर करने के लिए जरूरी है दोस्त

कहते हैं कि इंसान एक सामाजिक प्राणी है और इसलिए वह अकेला नहीं रह सकता। यूं तो हर व्यक्ति के आसपास कई लोग होते हैं, लेकिन हजारों की भीड़ में भी अक्सर व्यक्ति खुद को अकेला महसूस करता है। इस अकेलेपन को दूर करने के लिए सच्चा दोस्ता होना बेहद आवश्यक है। अगर किसी व्यक्ति के पास एक अच्छा और सच्चा दोस्त है, तो वह खुद को कभी भी अकेला महसूस नहीं करता है। इतना ही नहीं, उसके साथ होने से आप कई चीजों को एक्सपीरियंस कर सकते हैं। मसलन, अगर आप कहीं बाहर जाना चाहते हैं या फिर आपको अकेले हाइकिंग करने में डर लगता है। तो ऐसे में दोस्त उस समय आपका साथी बनता है और आपके लिए हर चीज को आसान बना देता है।
सही फैसले लेने के लिए जरूरी है दोस्त
जीवन में हम कई बार ऐसे मोड़ पर होते हैं, जब हमें किसी एक ऑप्शन को चुनना होता है, लेकिन उस समय हम बहुत अधिक दुविधा में होते हैं। उस समय हमें ऐसे किसी व्यक्ति की जरूरत होती है, जो उन दुविधा की परतों को हटाकर हमें एक बेहतरीन निर्णय लेने में मदद करे। अगर आपके पास सच्चा दोस्त है तो आपके लिए जीवन में कठिन फैसलों को लेना काफी आसान हो जाएगा। वह आपको हर फैसले के फायदे व नुकसानों के बारे में बताता है, जिससे आप अपने लिए एक सही निर्णय ले पाते हैं। ऐसे में आगे चलकर आपको अपने फैसलों की वजह से किसी तरह का पछतावा नहीं होता है।
