Overview: आटे में लगने लगी है घुन? इन 4 चीजों का करें इस्तेमाल
मानसून में बढ़ती नमी आटे को खराब कर देती है। नमी की वजह से इसमें सीलन और घुन लग जाते हैं, जिससे यह खाने लायक नहीं रहता। इस तरह का आटा इस्तेमाल करना सेहत के लिए भी हानिकारक हो सकता है।
Flour Weevil Remedy: इंडियन किचन की जान है आटा। इसका इस्तेमाल हर दिन रोटी, परांठा बनाने में होता है। लेकिन मानसून में बढ़ती नमी आटे को खराब कर देती है। नमी की वजह से इसमें सीलन और घुन लग जाते हैं, जिससे यह खाने लायक नहीं रहता। इस तरह का आटा इस्तेमाल करना सेहत के लिए भी हानिकारक हो सकता है। अगर बच्चे गलती से आटे में घुन देख लें, तो वो तो खाना भी छोड़ देते हैं। बारिश के दिनों में आटे में घुन लगना काफी आम है।
अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू तरीकों से आटे को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है। हम आपको ऐसे 5 प्राकृतिक उपाय बता रहे हैं, जिनकी तेज खुशबू कीड़ों को आटे से दूर रखती है। इसके अलावा, आटे को सही तरीके से स्टोर करना भी बहुत जरूरी है। हमेशा इस बात का ध्यान रखें कि आटे को हमेशा सूखे और एयरटाइट कंटेनर में ही रखें। इसके अलावा, आप 5 खास तरीकों को अपनाकर आटे को घुन लगने से बचा सकते हैं। आइए जानें, आटे को घुन से कैसे बचाएं?
लौंग की महक से दिखेगा असर

अपनी तीखी महक के लिए जानी जाने वाली लौंग भी आटे से कीड़ों को दूर रखने का एक कारगर तरीका है। जब आप आटे को किसी डिब्बे में रखें, तो कुछ साबुत लौंग को एक छोटे कपड़े में बांधकर उस पोटली को आटे में रख दें। अगर आप चाहें, तो लौंग को सीधे आटे में भी डाल सकते हैं, बाद में इसे छानकर आसानी से निकाला जा सकता है। लौंग की तीखी गंध कीड़ों को पनपने नहीं देती और आपका आटा पूरी तरह सुरक्षित रहता है।
नीम के पत्ते आएंगे काम
अपने एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल गुणों के लिए मशहूर नीम की पत्तियां आटे को सुरक्षित रखने का एक बेहतरीन और प्राकृतिक तरीका है। इन पत्तियों की कड़वी गंध कीड़ों को दूर रखती है और इसके गुण आटे में फंगस लगने से भी बचाते हैं।
तेज पत्ते से दूर करें आटे की घुन

आप अपने आटे को कीड़ों और घुन से बचाने के लिए तेज पत्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन पत्तों की तेज खुशबू कीड़ों को आटे के कंटेनर से दूर रखती है। इसके लिए, बस 4 से 5 सूखे तेज पत्तों को आटे में डाल दें। हर महीने इन पत्तों को बदल दें, ताकि उनकी महक बनी रहे और आटा सुरक्षित रहे। यह एक बहुत ही आसान और प्राकृतिक उपाय है।
हींग से भागेंगे कीड़े
अगर आप अपने आटे को कीड़ों से बचाना चाहते हैं, तो हींग एक और प्रभावी उपाय है। इसकी बहुत तेज गंध कीड़ों को पास नहीं फटकने देती। बस एक छोटे कपड़े की पोटली में थोड़ी सी हींग डालकर आटे के डिब्बे में रख दें। ध्यान रखें कि हींग की मात्रा कम हो, वरना आटे में भी इसकी महक आ सकती है। इस आसान तरीके से आपका आटा लंबे समय तक सुरक्षित रहेगा।
