Overview:
टॉयलेट की सफाई का नाम सुनते ही बहुत से लोगों का मूड खराब हो जाता है। अगर आपको टॉयलेट साफ करने के लिए न तो ब्रश चलाना है और न ही हाथ लगाना है तो आप कुछ आसान टिप्स और ट्रिक्स अपना सकते हैं।
Diy Flush Cleaner: त्योहारों के समय घर में मेहमानों के आने का सिलसिला लगा ही रहता है। लेकिन गंदे टॉयलेट आपका पूरा इंप्रेशन खराब कर सकते हैं। दूसरी ओर टॉयलेट की सफाई का नाम सुनते ही बहुत से लोगों का मूड खराब हो जाता है। अगर आपको टॉयलेट साफ करने के लिए न तो ब्रश चलाना है और न ही हाथ लगाना है तो आप कुछ आसान टिप्स और ट्रिक्स अपना सकते हैं। इन्हें अपनाने से टॉयलेट गंदा नहीं होगा और हमेशा महकता रहेगा।
1. टूथपेस्ट से बनाएं क्लीनर
टॉयलेट फ्लश क्लीनर बनाने में टूथपेस्ट आपके काम आ सकता है। इसकी मदद से आप एक ऐसा डीआईवाई क्लीनर बना सकते हैं, जो एक बार में 10 से 15 दिन तक टॉयलेट को साफ रखता है।
सामग्री
नहाने का साबुन : 1 बार
टूथपेस्ट : जरूरत के अनुसार
बेकिंग सोडा : दो चम्मच
ऐसे बनाएं : सबसे पहले आप अपनी पसंद का कोई भी साबुन लें और उसे अच्छे से कद्दूकस कर लें। अब इसमें जरूरत के अनुसार टूथपेस्ट डालें। करीब दो चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। इसके बाद सारी सामग्री को अच्छे से मिला लें। अब मिश्रण की बॉल को फॉइल पेपर में डालें। फिर इसमें छोटे-छोटे छेद करके इसे फ्लश टैंक में डाल दें। ये डबल क्लीनिंग तकनीक आपके टॉयलेट को क्लीन रखेगी।
2. घर पर बनाएं फ्लश क्लीनर
आप चाहें तो मात्र 10 रुपए में एक नेचुरल फ्लश क्लीनर आसानी से घर पर ही बना सकते हैं। खास बात ये है कि हर बार फ्लश करने पर इससे टॉयलेट अपने आप साफ हो जाएगा। यह एक आसान और बजट फ्रेंडली तरीका है टॉयलेट को हमेशा साफ रखने का।
सामग्री
प्लास्टिक पैकेट : 1
नमक : 1 चम्मच
बेकिंग सोडा : 1 चम्मच
सिरका : 2 चम्मच
शैंपू : 2 चम्मच
टॉयलेट क्लीनर : 2 चम्मच
पानी : आधा गिलास
ऐसे बनाएं : आप एक खाली छोटा प्लास्टिक पैकेट लें और उसके ऊपरी हिस्से को कैंची से काट लें। फिर इस खाली पैकेट में सभी चीजें एक-एक करके डालें। अब पैकेट के खुले हिस्से को अच्छी तरह सील कर दें। इसके लिए आप टेप या हीट सीलिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। पैकेट में एक पिन से छोटे-छोटे छेद करें। अब इसे फ्लश टैंक में डाल दें। हर बार फ्लश करने पर टॉयलेट में मौजूद दाग-धब्बे और बदबू गायब होती रहेगी।
3. बेकार जुराब लें काम
हर घर में खराब और बेकार जुराबों का ढेर होता है। आमतौर पर लोग इन्हें खराब समझकर फेंक देते हैं। लेकिन आप इन्हीं बेकार जुराबों से एक शानदार फ्लश क्लीनर बना सकते हैं, वो भी मात्र 20 रुपए में।
सामग्री
जुराब : 1
नहाने का साबुन : 1 बार
ऐसे बनाएं : इस फ्लश क्लीनर को बनाने के लिए आपको बिलकुल भी मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। आप कोई भी बेकार जुराब लें। और अब इसमें अपनी पसंद की खुशबू वाला कोई भी नहाने के साबुन की बट्टी डाल दें। इसके बाद जुराब में अच्छे से गांठ लगा दें। फिर इसे फ्लश टैंक में डाल दें। ऐसा करने पर हर बार फ्लश करने पर साबुन के झाग और खुशबू टॉयलेट में आएगी। साथ ही टॉयलेट कम गंदा होगा।
