Overview:
मानसून का मौसम अपने साथ कई परेशानियां भी लाता है। मानसून सीजन में कपड़ों से बदबू और नमी दूर करने तरीके जानने से पहले ये पता लगाते हैं कि आखिर ये समस्या आती क्यों है।
Clothes Drying Hacks in Monsoon: बारिश, ठंडी हवाएं और चारों ओर हरियाली लेकर आने वाला मानसून का मौसम अपने साथ कई परेशानियां भी लाता है। इन्हीं में से एक है गीले कपड़े सुखाना। लगातार बारिश के कारण कई बार घर के बाहर कपड़े सूख नहीं पाते। वहीं घर के अंदर कपड़े सुखाने से उनमें एक अजीब सी गंध और नमी का एहसास होता है। अगर आप भी ऐसी ही परेशानियां का सामना कर रहे हैं तो आइए जानते हैं मानसून में कपड़े सही तरीके से सुखाने का असरदार तरीका।
इसलिए आती है कपड़ों से बदबू

मानसून सीजन में कपड़ों से बदबू और नमी दूर करने तरीके जानने से पहले ये पता लगाते हैं कि आखिर ये समस्या आती क्यों है। दरअसल, बारिश के कारण हवा में नमी बढ़ जाती है। जब यह नमी लंबे समय तक कपड़ों में बनी रहती है तो कई प्रकार के बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। अगर आप कपड़े वॉश करते समय कम डिटर्जेंट का उपयोग कर रहे हैं तो यह परेशानी और भी बढ़ सकती है। क्योंकि ऐसे में कपड़े में मौजूद बैक्टीरिया पूरी तरह से निकलते नहीं हैं और नए बैक्टीरिया तेजी से पनपने लगते हैं। अगर आप कपड़े धोने के काफी देर बाद तक भी उन्हें नहीं सुखाते हैं तो भी मानसून में कपड़ों से दुर्गंध आने लगती है। इसका कारण भी बैक्टीरिया ही होते हैं।
न करें ये गलतियां
मानसून में कपड़ों से दुर्गंध आने की एक बड़ी वजह ये है कि इस मौसम में कपड़े पूरी तरह से सूख नहीं पाते। ऐसे में कई बार लोग नमी वाले आधे सूखे कपड़ों को ही फोल्ड करके अलमारी में रख देते हैं। या फिर इन्हें पहनने लगते हैं। इसके कारण इनमें बैक्टीरिया बनने लगते हैं। कई बार फंगस बनने लगती है और कपड़ों से बदबू आने लगती है।
मानसून में ऐसे सुखाएं कपड़े
मानसून में कपड़े सुखाने के लिए आपको भले ही पूरी धूप न मिले। लेकिन उन्हें सही वेंटिलेशन वाली जगह पर सुखाना जरूरी है। बाथरूम या बंद जगह पर कपड़े न सुखाएं। अगर आप कपड़ों को घर के अंदर सुखा रहे हैं तो पंखा जरूर चलाएं। इससे कपड़ों में नमी नहीं आएगी और वो जल्दी भी सूखेंगे। कोशिश करें कि इस दौरान आप घर की खिड़कियां और दरवाजे खोलकर रखें। अगर कपड़े काफी मोटे हैं तो रूम हीटर या ब्लोअर चलाकर पंखा चलाएं। इससे कपड़ों में बैक्टीरिया पनपने की आशंका नहीं रहेगी।
कपड़ों की नमी दूर करने पर दें ध्यान
कपड़ों को दुर्गंध से बचाने और जल्दी सुखाने के लिए यह बहुत जरूरी है कि आप उनमें से नमी हटाने पर फोकस करें। आप घर में डीह्युमिडिफायर का उपयोग कर सकते हैं। यह वातावरण से अतिरिक्त नमी को सोख लेता है। जिससे कपड़े जल्दी सूखते हैं और उनकी नमी दूर होने से बैक्टीरिया भी नहीं पनप पाते। कपड़ों को अलमारी में रखने से पहले वहां सिलिका जेल पैकेट्स रखें। इससे भी नमी दूर होने में मदद मिलेगी।
कपड़े धोने के दौरान अपनाएं ये टिप्स
मानसून में कपड़ों की दुर्गंध काफी हद तक उन्हें धोने के तरीके पर भी निर्भर है। इसलिए हमेशा अच्छी क्वालिटी और खुशबू वाला डिटर्जेंट कम में लें। इसे बैक्टीरिया और बदबू दोनों दूर होंगे। कपड़े धोने के पानी में एक कप सफेद सिरका और आधा कप बेकिंग सोडा जरूर मिलाएं। इससे भी मदद मिलेगी। खास बात ये है कि इनसे कपड़ों को नुकसान नहीं होगा। आप कपड़े धोने के पानी में कोई नेचुरल डियोड्रेंट्स भी डाल सकते हैं।
किचन की ये दो चीजें आएंगी काम
कपड़ों से दुर्गंध दूर करने के लिए उन्हें धोने से पहले नमक के पानी में भिगोना भी फायदेमंद रहता है। आधे से एक घंटे बाद आप साफ पानी और डिटर्जेंट से कपड़े वॉश करें। इससे बदबू पूरी तरह से निकल जाती है। कपड़े धोने के बाद उन्हें नींबू के पानी से निकालना भी एक शानदार तरीका है। इसके लिए आप एक बाल्टी पानी में एक से दो नींबुओं का रस डालें। फिर इनमें कपड़े डालें। इसके बाद उन्हें अच्छे से निचोड़कर तार पर सुखाएं। कपड़ों से अच्छी खुशबू आएगी।
