Overview: सिर्फ इस एक कोरियन डिश से तेजी से घटेगा वजन, स्टडी में ये बात आई सामने
वर्ल्ड इंस्टीट्यूट ऑफ किमची की स्टडी में पाया गया कि रोज 60 ग्राम किमची खाने से चर्बी 2.6% और मोटापे में 31.8% तक कमी होती है।
Kimchi For Weight Loss: अनियमित जीवनशैली और गलत खान-पान की वजह से मोटापा तेजी से बढ़ रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की 2022 रिपोर्ट के अनुसार दुनिया में हर आठ में से एक व्यक्ति मोटापे का शिकार है। मोटापे से परेशान लोग फिटनेस प्लान और डाइट चार्ट की तलाश में रहते हैं। इसी बीच कोरिया की मशहूर डिश किमची ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। वर्ल्ड इंस्टीट्यूट ऑफ किमची की नई स्टडी में सामने आया है कि रोजाना किमची खाने से वजन तेजी से कम होता है और शरीर की चर्बी घटती है। क्या वाकई इस बात में सच्चाई है। तो चलिए जानते हैं क्या कहती है स्टडी और किमची के अन्य फायदे क्या हैं।
क्या है किमची

यह कोरियाई व्यंजन मुख्य रूप से पत्तागोभी, मूली और अन्य सब्जियों से बनता है। इसमें लहसुन, अदरक, मिर्च पाउडर और मसाले डाले जाते हैं। यह खट्टा, तीखा और स्वादिष्ट होता है। कोरिया में इसे साइड डिश के रूप में खाया जाता है। सूप, स्ट्यू या फ्राइड राइस में भी इसका इस्तेमाल होता है। अब यह डिश ग्लोबल हेल्थ फूड के रूप में उभर रही है।
क्या कहती है स्टडी
वर्ल्ड इंस्टीट्यूट ऑफ किमची के शोधकर्ता सुंग वूक हॉन्ग ने 55 मोटापे से ग्रस्त पुरुषों और महिलाओं पर अध्ययन किया। इनका बॉडी मास इंडेक्स 23 से 30 के बीच था। उन्होंने लोगों को दो ग्रुप में बांटा। एक ग्रुप को हर भोजन के साथ तीन किमची कैप्सूल दिए गए, जो 60 ग्राम किमची के बराबर थे। यह तीन महीने तक चला जिसके परिणाम चौंकाने वाले थे। स्टडी के अनुसार लोगों के शरीर में चर्बी का औसत 2.6 प्रतिशत कम हुआ। मोटापे से ग्रस्त लोगों में चर्बी 31.8 प्रतिशत तक घटी। स्टडी में आंत के माइक्रोबायोम पर भी असर देखा गया। रोजाना किमची खाने से आंत में अच्छे बैक्टीरिया का विकास हुआ। इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर डॉ. हे-चून चांग ने कहा कि यह क्लिनिकल ट्रायल किमची के मोटापा कम करने वाले प्रभाव को वैज्ञानिक रूप से साबित करता है।
किमची खाने से कम होता है मोटापा
स्टडी में पाया गया कि किमची खाने वालों में अक्करमैंसिया म्यूसिनोफिला नामक अच्छा बैक्टीरिया बढ़ा। यह सूजन कम करता है, मेटाबॉलिक सिंड्रोम सुधारता है और मोटापा नियंत्रित करता है। वहीं प्रोटियोबैक्टीरिया जैसे हानिकारक बैक्टीरिया कम हुए, जो मोटापे से जुड़े होते हैं। इससे साफ है कि किमची वजन घटाने के साथ आंत को स्वस्थ बनाता है।
किमची से इम्यूनिटी होती है बूस्ट

किमची के अन्य फायदे भी कम नहीं हैं। इसमें विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर होते हैं, जो इम्यूनिटी मजबूत करते हैं। संक्रमण से लड़ने में मदद मिलती है। लैक्टिक एसिड बैक्टीरिया कोलेस्ट्रॉल कम करते हैं, दिल स्वस्थ रहता है। किमची कैलोरी में कम लेकिन फाइबर में ज्यादा होता है। इससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है, वजन नियंत्रित रहता है। लहसुन और अदरक की वजह से इसमें एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण हैं।
सूजन होती है कम
किमची से सूजन कम होती है। प्रोबायोटिक्स और विटामिन त्वचा को साफ और जवां रखते हैं। झुर्रियां कम होती हैं। कुछ स्टडीज में किमची के बायोएक्टिव कंपाउंड कैंसर के जोखिम को कम करने में सहायक पाए गए हैं।
घर पर बनाएं कोरियन किमची
सामग्री: एक पत्तागोभी, नमक, चार-पांच कप पानी, एक मूली, चार-पांच हरी प्याज, एक बड़ा चम्मच चीनी।
पेस्ट के लिए: तीन बड़े चम्मच गोचुगरु, पांच-छह लहसुन की कलियां, एक इंच अदरक, दो बड़े चम्मच फिश सॉस या सोया सॉस, एक-दो बड़े चम्मच पानी।
बनाने की विधि: पत्तागोभी को लंबाई में चार टुकड़ों में काटें। नमक वाले पानी में एक-दो घंटे भिगोएं। तीन-चार बार धोकर नमक हटाएं। पेस्ट बनाएं: गोचुगरु, लहसुन, अदरक, फिश सॉस, चीनी मिलाएं। जरूरत हो तो पानी डालें। मूली और हरी प्याज काटकर कैबेज में मिलाएं। पेस्ट लगातार चलाते हुए अच्छे से मिक्स करें। साफ जार में भरें, हवा निकालें। कमरे के तापमान पर एक-दो दिन रखें। किमची तैयार है।
