Brushing Teeth: दांतों को ब्रश करना हमारी दिनचर्या का एक अहम हिस्सा है। लेकिन बच्चों को अक्सर हम ठीक तरह से ब्रश करना नहीं सिखाते। जिस वजह से उन्हें दांतों में समस्याएं होने लगती हैं। हम सभी जानते हैं दांतों को साफ करने का एक तरीका। लेकिन एक दिन में कितनी बार दातों को ब्रश करना चाहिए और कितनी देर तक ब्रश करना चाहिए, इसको लेकर लोगों के बीच भ्रम रहता है। दरअसल, कई लोग ऐसे भी हैं जो बहुत देर तक दांतों को ब्रश करते हैं। इस कारण भी दांतों में समस्या होने की संभावना बनी रहती है। ऐसे में हमें कितनी देर तक ब्रश करना चाहिए, आइये जानते हैं।
Also read : इन 10 आदतों को अपनाकर आप अपने दांतों और मसूड़ों को रखें स्वस्थ: Teeth Health Care
सर्वे के अनुसार

अमेरिकन डेंटल एसोसिएशन के मुताबिक आपको पूरे दिन में दो बार तो ब्रश करना ही चाहिए। साथ ही जब भी आप ब्रश करे कम से कम दो या तीन मिनट के लिए ब्रश करें। लेकिन आपको ये भी ध्यान रखना है कि आपको पांच मिनट से ज्यादा ब्रश नहीं करना है। अधिक समय तक ब्रश करने से दांतों को नुकसान पहुंचता है।
दांतों को ब्रश करने का सही तरीका
- आपको ये जानना सबसे ज्यादा जरूरी है कि ब्रश करने का सही तरीका क्या है। क्योंकि तभी आप ब्रश को सही प्रकार से कर पाएंगे।
- सबसे पहले आप अपने मुंह को चार भागों में बांट लें ऊपरी दायां, ऊपरी बायां, निचला दाएं, और निचला बायां।
- अब आपको मुंह के हर हिस्से में 30 सेकेंड ब्रश करनाहै। ध्यान रखें कि ब्रश बहुत ज्यादा रगड़ कर नहीं करना है इससे दांतों के इनेमल पर इसका असर पड़ेगा। आपको ब्रश को धीरे-धीरे करना है।
- ऊपरी दांतों की बायें तरफ, ऊपरी दांतों की दाहिनी तरफ, पिछले दांतों की बायें तरफ तथा पिछली दांतों की दाहिनी तरफ। अगर आप ब्रश करने के लिए हर जगह के लिए 30 सेकंड का समय देते हैं, तो पूरे दांतों को ब्रश करने के लिए आपको दो मिनट का समय लगेगा।
- ध्यान रखें कि एक साथ बहुत सारे दांतों को ब्रश करने से बचें बल्कि थोड़े-थोड़े दांतों को ही ब्रश करें।
- यदि आपको लगता है कि आप दांत साफ करते हुए बोरियत महसूस कर रहे तो आप टीवी देखते हुए भी दांतों को साफ कर सकते है। या फिर गाने सुनते हुए भी ब्रश कर सकते है। इससे आपको दांत साफ करने में बोरियत महसूस नहीं होगी। और यदि आप किसी गाने के आरम्भ होने से लेकर और खत्म होने तक ब्रश करते है तो उसमें आपको पता चल जाएगा आप कितनी देर ब्रश कर रहे है।
दांतों की सफाई है जरूरी

यदि आप दांतों को साफ नहीं करेंगे तो आपके दांतों में धीरे-धीरे प्लाक जमता जाएगा और बैक्टीरिया घर कर जाएंगे। जिससे आपके मुंह से सड़ान की बदबू आने लगेगी। तो इसके लिए ब्रश करना बेहद जरूरी है। डॉक्टर के अनुसार आपको हर छह महीने में दांतों का चेकअप जरूर करवाना चाहिए। जिससे समस्या सही समय पर पता लग जाएगी तो उसका इलाज भी सही समय पर हो जाएगा।
(डेंटिस्ट नवीन अरोरा से बातचीत पर आधारित)
