Overview:
जरा सी लापरवाही डायबिटीज से पीड़ित लोगों का ब्लड शुगर लेवल बढ़ा सकती है। ऐसे में उन्हें बहुत ही सोच समझकर स्नैक्स का चुनाव करना चाहिए।
Healthy Snacks for Diabetics: डायबिटीज के मरीजों के सामने सबसे बड़ा संकट ये होता है कि उन्हें हर चीज बहुत ही सोच समझकर खानी पड़ती है। जरा सी लापरवाही उनका ब्लड शुगर लेवल बढ़ा सकती है। अगर आप कुछ ऐसे विकल्पों की तलाश में हैं, जो आपको भरपूर एनर्जी भी दें और ब्लड शुगर लेवल को भी न बढ़ाएं तो आज हम आपको बताते हैं ऐसे 5 सुपर हेल्दी स्नैक्स।
उबले हुए चटपटे छोले

फाइबर, प्रोटीन और स्वाद से भरपूर स्नैक खाना चाहते हैं तो उबले हुए चटपटे छोले आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। बिना किसी झंझट के बनने वाला यह स्नैक्स बेहद हेल्दी है। करीब आधे कप यानी 80 ग्राम उबले हुए छोलों में 7 ग्राम प्रोटीन, 6 ग्राम फाइबर और 22.45 कार्ब्स होते हैं। इसमें टमाटर, प्याज, खीरा, हरी मिर्च डालें। साथ ही स्वादानुसार मसाले मिलाएं। इसे कटोरा भरकर खाएं, यह आपका ब्लड शुगर लेवल नहीं बढ़ाएगा।
रोस्टेड स्पाइसी मखाना
हेल्दी स्नैक्स की लिस्ट में हमेशा से ही टॉप में रहते हैं मखाने। आप इन्हें रोस्ट करें और फिर अपने मनपसंद फ्लेवर में इन्हें तैयार कर लें। ये खाने में न सिर्फ हल्के, टेस्टी और कुरकुरे होते हैं, बल्कि सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद होते हैं। इनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स बहुत कम होता है। जिसके कारण ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल रहता है। फाइबर से भरपूर मखाने आंतों में कार्बोहाइड्रेट के अवशोषण को धीमा करते हैं, जो डायबिटीज के मरीजों के लिए अच्छा रहता है।
मिक्स नट्स ट्रेल
डायबिटीज के मरीजों को अपनी डेली डाइट में मिक्स नट्स ट्रेल को शामिल करना चाहिए। जिसमें बादाम, पिस्ता, अखरोट, अंजीर, सूरजमुखी के बीज, कद्दू के बीज, सूरजमुखी के बीज आदि शामिल करने चाहिए। बादाम और कद्दू के बीज में मैग्नीशियम और प्रोटीन होता है। वहीं अखरोट और सूरजमुखी के बीज में विटामिन ई होता है। अंजीर फाइबर से भरपूर होती है। ये सभी चीजें ब्लड शुगर, खासतौर पर टाइप 2 डायबिटीज को कंट्रोल करते हैं। ये दिनभर आपकी ऊर्जा को स्थिर रखते हैं।
सब्जियों के साथ हम्मस
सब्जियों के साथ हम्मस खाना एक नया और टेस्टी स्नैक विकल्प है। हम्मस में प्रोटीन और फैट, दोनों होते हैं। वहीं सब्जियां फाइबर से भरपूर होती हैं। ऐसे में यह कॉम्बिनेशन ब्लड शुगर मैनेजमेंट में फायदेमंद है। साल 2020 में हुए एक स्टडी के अनुसार जो लोग दोपहर के स्नैक्स में हम्मस खाते हैं, उनका ब्लड ग्लूकोज लेवल कम होता है। इसके साथ खीरा, गाजर, शिमला मिर्च आदि खाने से दोगुना फायदा हो सकता है। इससे आपको तृप्ति का एहसास होता है और पोषण भी पूरा मिलता है।
पॉपकॉर्न हैं परफेक्ट
डायबिटीज के मरीजों के लिए पॉपकॉर्न एक शानदार स्नैक विकल्प है। तीन कप यानी लगभग 24 ग्राम पॉपकॉर्न में करीब 93 कैलोरी और 3 ग्राम फाइबर होता है। इसमें 18 ग्राम कार्ब्स होते हैं। खास बात यह है कि इसमें किसी प्रकार के तेल या बटर की जरूरत भी नहीं होती है। आप इन्हें माइक्रोवेव में बना सकते हैं। या फिर एयर फ्रायर में भी इन्हें तैयार कर सकते हैं।
