Fig Energy Boosting Drinks: अंजीर को कम लोग ही अपनी डाइट में शामिल करते हैं। जबकि यह जितने टेस्टी होते हैं, उतने ही हेल्दी भी माने गए हैं। अंजीर में कई तरह के विटामिन और मिनरल्स जैसे विटामिन ए, बी1, बी2, बी6, के, और ई, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटेशियम, जिंक, कॉपर, मैंगनीज, और आयरन आदि पाए जाते हैं। इतना ही नहीं, इसमें फाइबर भी प्रचुर मात्रा में होता है। अंजीर में पॉलीफेनोल और फ्लेवोनोइड्स जैसे एंटी-ऑक्सीडेंट भी मौजूद होते हैं।
जब आप अंजीर को अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं तो इससे आपका पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम करता है। वहीं, यह हार्ट हेल्थ और बोन हेल्थ के लिए भी फायदेमंद हैं। चूंकि इसमें कैलोरी कम होती है, इसलिए आप बेफिक्र होकर इसे खा सकते हैं। अंजीर के सेवन से आप खुद को अधिक एनर्जेटिक फील करते हैं। अब सवाल यह उठता है कि अंजीर को डाइट में किस तरह शामिल किया जाए। आप अंजीर को भिगोकर भी खा सकते हैं या फिर इसकी मदद से कुछ एनर्जी बूस्टिंग ड्रिंक्स बनाई जा सकती हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको अंजीर की मदद से बनने वाली कुछ एनर्जी बूस्टिंग ड्रिंक्स के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप भी अपने घर पर आसानी से बना सकते हैं-
Also read: Detox Drinks: होम मेड ड्रिंक्स से करें बाडी डिटाक्स
अंजीर और केले की स्मूदी

अगर आप घर पर एनर्जी बूस्टिंग ड्रिंक बनाना चाहते हैं तो अंजीर और केले की मदद से स्मूदी तैयार करें। यह स्मूदी अंजीर और केले से मिलने वाली प्राकृतिक शर्करा से भरपूर है, जो तुरंत ऊर्जा प्रदान करती है। वहीं, चिया सीड्स प्रोटीन, फाइबर और ओमेगा-3 फैटी एसिड प्रदान करते हैं। आप इसे वर्कआउट के बाद या ब्रेकफास्ट के समय ले सकते हैं।
आवश्यक सामग्री-
- 4-5 ताजे या सूखे अंजीर
- 1 पका हुआ केला
- 1 कप बादाम का दूध (या अपनी पसंद का कोई भी दूध)
- 1 बड़ा चम्मच शहद या मेपल सिरप (वैकल्पिक)
- 1 बड़ा चम्मच चिया सीड्स
- 1 चम्मच वेनिला एक्सट्रैक्ट
- बर्फ के टुकड़े (वैकल्पिक)
स्मूदी बनाने का तरीका-
- अगर सूखे अंजीर का उपयोग कर रहे हैं, तो उन्हें नरम करने के लिए लगभग 10-15 मिनट के लिए गर्म पानी में भिगोएं। ताज़े अंजीर का सीधे उपयोग किया जा सकता है।
- वहीं चिया सीड्स को थोड़े पानी में डालकर रखें, ताकि इसकी जेल जैसी कंसिस्टेंसी बन जाए।
- अब आप एक ब्लेंडर में अंजीर, केला, बादाम का दूध, चिया सीड्स और वेनिला एक्सट्रैक्ट डालें। अगर आपको मीठा स्वाद पसंद है, तो शहद या मेपल सिरप डालें।
- आप इसे तब तक ब्लेंड करें, जब तक आपको एक स्मूद कंसिस्टेंसी न मिल जाए।
- अगर आप ठंडी-ठंडी स्मूदी का लुत्फ उठाना चाहते हैं तो इसमें कुछ बर्फ के टुकड़े डालें और फिर से ब्लेंड करें।
- स्मूदी को गिलास में डालें और तुरंत पीएं।
अंजीर, खजूर और नारियल से बनाएं स्मूदी

यह स्मूदी नारियल पानी के हाइड्रेटिंग लाभों के साथ-साथ अंजीर और खजूर के फायदे भी प्रदान करती है। खजूर नेचुरल शुगर, फाइबर, पोटेशियम और मैग्नीशियम आदि का एक उत्कृष्ट स्रोत है। वहीं, नारियल का दूध एक क्रीमी टेक्सचर और हेल्दी फैट्स प्रदान करता है। यह एक फिलिंग स्मूदी है, जो आपको एनर्जेटिक बनाए रखती है।
आवश्यक सामग्री-
- 4-5 सूखे अंजीर
- 3-4 बीज निकाले हुए खजूर
- 1 कप नारियल पानी
- 1/2 कप नारियल का दूध
- 1 बड़ा चम्मच चिया सीड्स
- 1 चम्मच वेनिला एक्सट्रैक्ट
- बर्फ के टुकड़े (वैकल्पिक)
स्मूदी बनाने का तरीका-
- सूखे अंजीर और खजूर को नरम करने के लिए 10-15 मिनट के लिए गर्म पानी में भिगोएं।
- साथ ही, चिया सीड्स को थोड़े पानी में भिगोएं, ताकि इसकी जेल जैसी कंसिस्टेंसी जाए।
- अब एक ब्लेंडर में, भिगोए हुए अंजीर और खजूर, नारियल पानी, नारियल का दूध, चिया सीड्स और वेनिला एक्सट्रैक्ट को मिलाएं।
- जब तक आपको एक स्मूथ कंसिस्टेंसी ना मिले, तब तक आप इसे ब्लेंड करें।
- यदि आपको अपनी स्मूदी ठंडी पसंद है, तो कुछ बर्फ के टुकड़े डालें और फिर से ब्लेंड करें।
- स्मूदी को एक गिलास में डालें और इसका आनंद लें।
अंजीर और पालक से बनाएं ग्रीन स्मूदी

पालक में विटामिन ए, सी और के के साथ-साथ आयरन और एंटी-ऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। वहीं, अंजीर प्राकृतिक मिठास और ऊर्जा प्रदान करते हैं, जबकि अलसी के बीज हेल्दी फैट और फाइबर प्रदान करते हैं। सुबह के समय जब आप जल्दी में हैं, लेकिन फिर भी अपनी हेल्थ के साथ किसी तरह का समझौता नहीं करना चाहते हैं तो इस स्मूदी को बनाकर पिया जा सकता है।
आवश्यक सामग्री-
- 4-5 ताजे या सूखे अंजीर
- 1 कप ताजा पालक के पत्ते
- 1/2 सेब या नाशपाती (वैकल्पिक)
- 1 कप पानी या नारियल का पानी
- 1 बड़ा चम्मच अलसी के बीज
- 1 बड़ा चम्मच शहद (वैकल्पिक)
- बर्फ के टुकड़े (वैकल्पिक)
स्मूदी बनाने का तरीका-
- यदि सूखे अंजीर का उपयोग कर रहे हैं, तो उन्हें नरम करने के लिए 10-15 मिनट के लिए गर्म पानी में भिगोएं। ताजे अंजीर का सीधे उपयोग किया जा सकता है।
- एक ब्लेंडर में, अंजीर, पालक, सेब या नाशपाती, पानी या नारियल का पानी, अलसी के बीज और शहद डालें।
- आप इसे स्मूद और क्रीमी होने तक ब्लेंड करें। यदि आप ठंडी स्मूदी पसंद करते हैं तो बर्फ के टुकड़े डालें।
- इस स्मूदी को गिलास में डालें और ठंडा-ठंडा पीएं।
