Overview:
दिलजीत दोसांझ की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'सरदार जी 3' का ट्रेलर लॉन्च हो गया है। दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जैसे ही फिल्म का ट्रेलर पोस्ट किया। दर्शकों ने इस पर तुरंत प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया।
Sardaar Ji 3 Trailer: पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘सरदार जी 3‘ का ट्रेलर लॉन्च हो गया है। इस बार फिल्म की कॉमेडी के साथ ही इसकी स्टार कास्ट भी चर्चा में है। क्योंकि फिल्म में दिलजीत के अपोजिट पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर नजर आ रही हैं। हानिया के सरदार जी 3 टीम में शामिल होने पर पब्लिक का क्या रिएक्शन है, आइए जानते हैं।
सिर्फ विदेश में होगी रिलीज
दिलजीत दोसांझ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जैसे ही आने वाली फिल्म सरदार जी 3 का ट्रेलर पोस्ट किया। दर्शकों ने इस पर तुरंत प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। कुछ ही घंटों में इस ट्रेलर को साढ़े चार मिलियन से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है। हालांकि दिलजीत ने इस ट्रेलर लॉन्च के साथ यह भी साफ लिखा कि यह फिल्म सिर्फ विदेश में ही रिलीज होगी।
ये है सरदार जी 3 की स्टोरी
फिल्म सरदार जी 3 की स्टोरी भी भूत प्रेतों से घिरी हुई है। इस फिल्म में दिलजीत और हानिया दोनों भूत प्रेत का शिकार करते दिख रहे हैं। फिल्म यूनाइटेड किंगडम पर बेस है। जिसमें एक हवेली में आत्मा है, जिसे भगाने का जिम्मा दिलजीत और हानिया को मिला है। इस हॉरर कॉमेडी में दिलजीत, हानिया के साथ ही नीरू बाजवा भी नजर आएंगी। वहीं दिलजीत दोनों के साथ रोमांस करते दिखेंगे। यह फिल्म कॉमेडी, एक्शन, इमोशन का मेल है। खूबसूरत लोकेशन्स इस फिल्म की खासियत हैं।
और लोगों ने दीं प्रतिक्रियाएं
जानकारी के अनुसार सरदार जी 3 इस साल 27 जून को सिर्फ विदेशों में रिलीज की जाएगी। हालांकि इस फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों का मिला जुला रिएक्शन मिल रहा है। कुछ लोग हानिया के कारण फिल्म का इंतजार कर रहे हैं तो वहीं कुछ लोगों को पाकिस्तानी एक्ट्रेस का पंजाबी फिल्म में आना पसंद नहीं आया। एक इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा कि मैं यह फिल्म सिर्फ हानिया के लिए ही देखूंगा। वहीं कुछ यूजर्स ने पूछा कि आखिर सिर्फ विदेश ही में फिल्म रिलीज क्यों हो रही है। एक अन्य फैन ने लिखा कि अब मैं इस फिल्म का और इंतजार नहीं कर सकता। अधिकांश यूजर्स ने लिखा कि फिल्म का ट्रेलर शानदार है और वह खुश है कि इसमें दिलजीत और हानिया साथ नजर आएंगे।
बायकॉट की भी मांग

वहीं कुछ यूजर्स को पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर का इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में आना पसंद नहीं आ रहा है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ‘बायकॉट पाकिस्तान’ और ‘बायकॉट सरदार जी 3’ जैसे कॉमेंट्स भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि ये लोग देश के लिए थोड़ा भी नुकसान नहीं उठा सकते हैं। वहीं एक अन्य ने लिखा कि ये पाकिस्तानी एक्टर भारत के खिलाफ जहर उगलते हैं और यहां उन्हें फिल्मों का हिस्सा बना रहे हैं। आपको बता दें कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थितियां हैं। इस बीच पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर का भारतीय फिल्म का हिस्सा बनना कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रहा है।
