Appu Animated Movie: बच्चों की कल्पनाओं में रंग भरने में मूवीज का भी एक अहम रोल है। कल्पनाओं से भरी कुछ ऐसी ही कहानी फिल्म अप्पू में नजर आने वाली है। यह एनिमेंटेड मूवी 19 अप्रैल को रिलीज होगी। इसे संजय, सूरज और सुरेश राहेजा ने प्रोड्यूस किया है। वहीं इसके डायरेक्शन का जिम्मा प्रोसेनजीत गांगुली, अजय वेलू और अर्चिसमन कर ने उठाया है। इस मूवी का ट्रेलर हाल ही में आउट किया गया है। इसमें एक छोटे हाथी अप्पू की एक साहस भरी कहानी को बताया गया है। फिल्म की खास बात है कि यह अप्पू सीरीज की भारत की पहली 4K एनिमेटेड मूवी है।
नायक है अप्पू
अप्पू हाथी का एक छोटा सा बच्चा जरुर है लेकिन कम उम्र में ही उसने मुसीबतों का सामना करना और उन पर जीत हासिल करना सीख लिया है। उसके पिता को शिकारी पकड़ कर ले जाते हैं। ऐसे में वो अपने परिवार और अपने समुदाय के संरक्षण के लिए आगे आता है। उसे पता चलता है कि शिकारी पहाड़ी के उस पार रहता है। वह उसे खोजने अकेला निकल जाता है। उसकी यह यात्रा बहुत ही रोचक अंदाज से फिल्मायी गयी है। इस दौरान उसे कई मुसीबतों का सामना भी करना होता है।
एक सीख भी है फिल्म
अगर इस फिल्म की बात करें तो यह जंगली जानवरों और वनों के संरक्षण का संदेश देती नजर आने वाली है। इसके अलावा हमें बेजुबान जानवरों के मर्म को समझने का मौका भी मिलेगा। इसका प्रोमो भी बहुत शानदार है। जिसमें बताया गया है कि मुसीबत के समय केवल एक चीज काम आती है और वो है बुद्धि। इसके अलावा यह भी बताया गया है कि मुश्किल वक्त में एक समय में कई फैसले लेने होते हैं। यह मूवी हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में रिलीज की जाएगी।
