Winter Skin Care: सर्दियों का मौसम सर्द हवाओं और आरामदायक अहसास के साथ त्वचा के लिए चुनौतियां लेकर भी आता है। सर्दियों का मौसम आते ही त्वचा में रूखापन और खिंचाव महसूस होने लगता है। ऐसे मौसम में त्वचा को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी होता है, लेकिन शुष्क हवाओं के कारण त्वचा बार-बार ड्राय होने लगती है। इस मौसम में यदि त्वचा की सही देखभाल न की जाए तो त्वचा में चकत्ते, लालपन, खुजली और पपड़ी जैसी समस्याएं दिखाई देने लगती हैं। समस्या बढ़ जाने पर इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है। सर्द मौसम में त्वचा को रूखेपन और इंफेक्शन से बचाने के लिए विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। सामान्यतौर पर हम सभी त्वचा को हाईड्रेट रखने के लिए मॉइस्चराइजर का प्रयोग करते है लेकिन ऐसे शुष्क मौसम में सिर्फ मॉइस्चराइजर ही काफी नहीं होता। त्वचा को स्पेशल स्किनकेयर रुटीन की आवश्यकता होती है। स्किनकेयर रुटीन को अपनाने से पहले ये समझना जरूरी है कि आपकी त्वचा किस प्रकार की है और उसे कैसे स्किनकेयर रुटीन की जरूरत है। बदलते मौसम के साथ स्किन प्रोडक्ट्स और स्किनकेयर रुटीन में भी बदलाव आता है। इस विंटर क्या है स्किनकेयर रुटीन का लेटेस्ट ट्रेंड्स, जानते हैं इसके बारे में।
स्किन टाइप की पहचान कैसे करें

यदि आप अपनी स्किन टाइप के बारे में जानते हैं तो आपके लिए सही स्किन प्रोडक्ट का चुनाव करना आसान हो जाता है। स्किन टाइप की पहचान करना कोई मुश्किल काम नहीं है, बस आपकी त्वचा आपको क्या इशारा दे रही है उसे समझना जरूरी है। स्किन टाइप को जानने के दो तरीके हैं-
क्लींजिंग मैथड
इस मैथड में सबसे पहले अपने चेहरे को एक माइल्ड क्नींजर से धोएं और 30 मिनट तक देखें कि आपकी त्वचा बिना मॉइस्चराइजर के क्या प्रतिक्रिया देती है। यदि त्वचा धोने के बाद आपको शुष्क और खिंचाव महसूस होता है तो इसका मतलब है कि आपकी त्वचा शुष्क है। वहीं यदि आप त्वचा में चिपचिपाहट महसूस कर रहे हैं तो आपकी त्वचा तैलीय है। इसके अलावा चेहरे के एक हिस्से में तेल और एक हिस्सा सूखा है, तो आपकी मिली-जुली त्वचा है। वहीं अगर आप इनमें से कोई भी लक्षण महसूस नहीं कर रहे हैं तो आपकी त्वचा सामान्य है।
पेपर मैथड
ये एक बेहतरीन मैथड है जिसमें आप आसानी से अपनी स्किन टाइप की पहचान कर सकते हैं। इसके लिए एक ब्लोटिंग पेपर ले लें और त्वचा को दबाते हुए चेहरा पोछें। फिर लाइट में जाएं और त्वचा में मौजूद तेल की मात्रा का निरीक्षण करें। यदि पेपर में अधिक तेल है तो आपकी त्वचा तैलीय है, वहीं यदि पेपर पूरी तरह से सूखा है तो आपकी त्वचा शुष्क है। इसके अलावा आप पेपर से टी जोन एरिया भी पोंछें। यदि नाक के पास अधिक तेल है तो आपकी त्वचा कॉम्बीनेशन यानी मिली-जुली है। बेस्ट रिजल्ट के लिए आप इस मैथड का प्रयोग दोपहर और शाम के समय कर सकते हैं।
क्या है लेटेस्ट विंटर स्किनकेयर रुटीन

क्लींजर
सर्दियों के मौसम में स्किनकेयर रुटीन की शुरुआत हमेशा क्लींजर से करनी चाहिए। क्लींजर त्वचा को रुखा किए बिना गहराई से साफ करने में मदद करता है। इस मौसम में क्रीमी फेसवॉश का प्रयोग करें। त्वचा में मौजूद धूल और मिट्टी को साफ करने के लिए लगभग 60 सेकंड तक क्लींजर से मालिश करें और फिर गुनगुने पानी से धो लें। त्वचा के अनुसार क्लींजर का चुनाव कैसे करें।
शुष्क त्वचा: ड्राय यानी शुष्क त्वचा के लिए सबसे अच्छा क्लींजर वो है जो त्वचा में मौजूद प्राकृतिक तेल को अलग किए बिना आपकी त्वचा को साफ करे। शुष्क त्वचा के लिए क्रीम बेस्ड क्लींजर बेस्ट ऑप्शन हो सकता है।
कॉम्बीनेशन त्वचा: कॉम्बीनेशन यानी मिली-जुली त्वचा के लिए जेल बेस्ड क्लींजर का चयन करें। ये त्वचा को हाइड्रेट रखते हुए गहराई से सफाई करता है।
तैलीय त्वचा: इस प्रकार की त्वचा को बेहद सौम्य क्लींजर की आवश्यकता होती है। तैलीय त्वचा के लिए ग्लाइकोलिक एसिड, ग्रीन टी और नियासिनमाइड जैसे इंग्रीडिएंट्स अधिक फायदेमंद होते हैं।
टोनिंग
स्किनकेयर रुटीन में अक्सर टोनिंग को लोग नजरअंदाज करते हैं। लेकिन बता दें कि टोनिंग स्किनकेयर रुटीन का महत्वपूर्ण कदम है। एक अच्छा टोनर आपकी त्वचा के पीएच लेवल को बरकरार रखने में मदद करता है। साथ ही इसके नियमित प्रयोग से रोम छिद्र को भी कम किया जा सकता है। टोनर का चयन स्किन टाइप के अनुसार किया जा सकता है।
शुष्क त्वचा: इस प्रकार की त्वचा के लिए ग्लिसरीन और हाइलूरोनिक एसिडयुक्त टोनर का चयन करें। सर्दियों के मौसम में एंटी-ऑक्सीडेंट युक्त हाइड्रेटिंग टोनर की तलाश करें।
कॉम्बीनेशन त्वचा: सर्दियों के मौसम में कॉम्बीनेशन स्किन वाले नेचुरल टोनर का प्रयोग करें। वहीं AHA और BHA युक्त टोनर से दूर रहें।
तैलीय त्वचा: तैलीय त्वचा के लिए एस्ट्रिंजेंट और ग्रीन टी जैसे कंपोनेंट वाले टोनर बेस्ट हो सकते हैं। इस प्रकार के टोनर कॉम्बीनेशन स्किन पर भी काम करते हैं।
सीरम

विंटर स्किनकेयर रुटीन का सबसे अहम हिस्सा है सीरम। सीरम न सिर्फ त्वचा को मॉइस्चराइज करता है बल्कि नमी को लॉक करने में भी मदद कर सकता है। सीरम को त्वचा पर थपथपाते हुए डायरेक्ट एप्लाई किया जाता है। इसका चुनाव करते समय त्वचा की आवश्यकता को ध्यान में रखना बेहद जरूरी है।
शुष्क त्वचा: सर्दियों के दिनों में त्वचा को हाइड्रेट करने के लिए एजेलेइक एसिड का चुनाव करें। ये त्वचा को अधिक देर तक मॉइस्चराइज रखता है।
सामान्य त्वचा: इस प्रकार की त्वचा पर ग्रीन टी और नियासिनमाइड युक्त सीरम का उपयोग किया जा सकता है। ये त्वचा को पोषित करने का काम करेगा।
तैलीय त्वचा: तैलीय त्वचा के लिए ऐसे सीरम का चुनाव करें जो अधिक ऑयली न हो। इस प्रकार की त्वचा के लिए सैलिसिलिक एसिड युक्त सीरम बेस्ट ऑप्शन हो सकता है।
मॉइस्चराइज
सर्दियों के मौसम में त्वचा को मॉइस्चराइज करना बेहद जरूरी होता है। मॉइस्चराइजेशन से त्वचा को पर्याप्त रूप से हाइड्रेट करने और नमी को बनाए रखने में मदद मिलती है। मॉइस्चराइजर का चयन स्किन टाइप के अनुसार किया जाना चाहिए जो आपकी त्वचा को सुरक्षा प्रदान कर सके।
सनस्क्रीन
मौसम चाहे कोई भी हो सनस्क्रीन को अपने स्किनकेयर रुटीन में शामिल करना बेहद आवश्यक है। सर्दी के मौसम में कम से कम 30 या उससे अधिक एसपीएफ वाला सनस्क्रीन का चुनाव करें। घर से बाहर निकलने के लगभग 15 मिनट पहले इसे एप्लाई करें। आपको अपने कान, चेहरे और गर्दन पर पर्याप्त मात्रा में सनस्क्रीन एप्लाई करना चाहिए। सनस्क्रीन लगाने के बाद आपकी त्वचा सर्दियों का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह से तैयार होगी।
