Holi Hair Remedy: जैसे-जैसे होली नजदीक आ रही है वैसे-वैसे घरों और बाजारों में रौनक और चहल-पहल बढ़ने लगी है। पूरा देश इनदिनों होली की तैयारियों में जुटा हुआ है। ये त्योहार खुशी और रंगों के साथ मनाया जाता है। होली के दिन यूनीक और स्टाइलिश दिखने के लिए लोग वाइब्रेंट कपड़े खरीदते हैं और स्किन केयर रुटीन भी अपना लेते हैं। लेकिन जब बात आती है बालों की तो लोग अक्सर लापरवाही बरतने लगते हैं। इस रंगों के त्योहार में जितना अपनी स्किन को बचाना आवश्यक है उतना ही अपने बालों को हानिकारक रसायनों से सुरक्षित रखना जरूरी है। होली में अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं ऐसे में दादी मां के घरेलू नुस्खे आपके बालों को हानिकारक रंगों से तो बचाएंगे ही साथ ही बालों की चमक को बरकरार रखने में भी मदद कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
गोल्डन ऑयल मसाज

होली के रंगों में डूबने से पहले बालों को गोल्डन ऑयल मसाज देना बेहद जरूरी है। होली में अब कुछ ही दिन शेष बचे है ऐसे में आज से ही बालों को नियमित रूप से पोषित करें। दादी मां के अनुसार यदि बालों को प्रतिदिन ऑयल मसाज दी जाए तो होली के रसायनिक कलर्स से सुरक्षित रखा जा सकता है। आप सोने से पहले नियमित रूप से सरसों या आर्गन ऑयल से मसाज करें। ऐसा करने से बालों की नमी बरकरार रहेगी साथ ही बालों की चमक को भी बढ़ावा मिल सकता है।
बालों का बनाएं जूड़ा
होली के दिन विशेष तौर पर अपने बालों को खुला न छोड़ें। होली में इस्तेमाल किए जाने वाले रंग आपके बालों पर चिपक जाते हैं और उन्हें कमजोर बना सकते हैं। इसलिए बालों को तेल लगाने के बाद बांधना जरूरी है। इससे बाल उलझेंगे नहीं और कम टूटेंगे। दादी मां के अनुसार बालों को रंगों से बचाने के लिए जूड़ा बनाया जा सकता है। आप चाहे तो स्टाइलिश ब्रेड भी बना सकते हैं।
हाइड्रेशन जरूरी
बाल बेहद नाजुक होते हैं। यदि इन्हें सही ढंग से पोषित न किया जाए तो ये डिहाइड्रेटेड हो सकते हैं। खासकर रंगों की वजह से ये बेजान और खराब हो सकते हैं। इसलिए होली से पहले अपने बालों को पैंपर करें और पर्याप्त मात्रा में पानी व वॉटर सप्लीमेंट्स का सेवन करें। इसके अलावा आप घरेलू हेयर मास्क का भी उपचार कर बालों की नमी को लॉक कर सकते हैं।
बालों को करें कवर

होली पर आप किसी को रंग लगाने से रोक नहीं पाते, ऐसे में चेहरे के अलावा बालों को भी हानिकारक रंगों का सामना करना पड़ता है। लोगों को तो आप मना नहीं कर सकते लेकिन बालों को कवर जरूर कर सकते हैं। दादी मां के अनुसार आप बालों को स्टाइलिश स्कार्फ से कवर कर सकते हैं। जो देखने में तो यूनिक लगेगा ही साथ ही आपके बालों को सुरक्षित रखने में भी मदद कर सकता है। आप चाहे तो दुपट्टे का इस्तेमाल करके भी बालों को स्टाइलिश लुक दिया जा सकता है।
शैंपू से पहले करें कंडीशनिंग
आमतौर पर बालों को शैंपू करने के बाद कंडीशनर किया जाता है। लेकिन यदि आप आसानी से बालों में मौजूद कलर निकालना चाहते हैं तो शैंपू से पहले कंडीशनर लगाएं। ऐसा करने से बाल नम हो जाएंगे और आसानी से कलर निकल जाएगा। आप कैमिकलयुक्त कंडीशनर की बनाए दही और शहद भी लगा सकते हैं।
मुलतानी मिट्टी पैक
दादी मां के अनुसार बालों को हानिकारक रंगों से बचाने के लिए आप मुलतानी मिट्टी का पैक भी लगा सकते हैं। इससे बालों को डीप कंडीशनिंग मिलेगी साथ ही एक्सेस ऑयल को रिमूव करने में भी मदद मिल सकती है। इस पैक को बनाने के लिए आप मुलतानी मिट्टी, दही और शहद को अच्छी तरह मिक्स करके एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लें और 30 मिनट के लिए बालों में लगा रहने दें। फिर माइल्ड शैंपू से धो लें।
