Overview:
मार्केट के इन महंगे हेयर सीरम की जगह आप घर पर ही बहुत ही आसानी से बजट फ्रेंडली तरीके से शानदार हेयर सीरम बना सकती हैं। ये हेयर सीरम नेचुरल हैं और एक बार इन्हें उपयोग करने पर ही आपको इसका असर नजर आने लगेगा।
Homemade Hair Serum: बालों का रूखा, बेजान और दोमुंहा होना आपकी ब्यूटी और इंप्रेशन दोनों को खराब कर सकता है। इसलिए बहुत जरूरी है कि आप हेयर केयर पर पूरा ध्यान दें। बाजार में इन दिनों कई हेयर सीरम आ रहे हैं, जिन्हें बालों के लिए वरदान बताया जा रहा है। हालांकि मार्केट के इन महंगे हेयर सीरम की जगह आप घर पर ही बहुत ही आसानी से बजट फ्रेंडली तरीके से शानदार हेयर सीरम बना सकती हैं। ये हेयर सीरम नेचुरल हैं और एक बार इन्हें उपयोग करने पर ही आपको इसका असर नजर आने लगेगा।
1. एलोवेरा जेल और बादाम का तेल

एलोवेरा जेल और बादाम के तेल को हमेशा से ही बालों के लिए वरदान माना गया है। और जब इन दोनों को मिलाकर आप घर में ही हेयर सीरम बनाकर लगाएंगी तो इसके रिजल्ट और भी शानदार आते हैं। इन दोनों को बराबर मात्रा में मिलाकर सप्ताह में 2 से 3 बार हैड मसाज करें। इस जादुई मिश्रण से आपके स्कैल्प की डेट स्किन हटती है, जिससे डैंड्रफ, रूखापन, इंफेक्शन जैसी कई समस्याएं दूर होती हैं। इससे बालों को मजबूती मिलती है और बाल कम झड़ते हैं।
2. प्याज का रस और शहद सीरम
प्याज के रस और शहद को बराबर मात्रा में मिलाकर आप मिनटों में शानदार हेयर सीरम बना सकती हैं। सल्फर से भरपूर प्याज के रस से आपके पोर्स को पूरा पोषण मिलता है। यह बंद पड़े पोर्स को फिर से एक्टिव भी करता है। इसी के साथ यह बालों को टूटने से भी बचाता है। वहीं इस रस में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट के कारण सफेद बालों की समस्या भी कम होती है। वहीं शहद में मॉइश्चराइजिंग के गुण होते हैं जिसके कारण यह आपके स्कैल्प और बालों को हाइड्रेट और हेल्दी रखता है। ऐसे में इन दोनों के शानदार मिश्रण को सप्ताह में दो बार बालों और स्कैल्प में लगाने से आपके बालों को चमक मिलती है। बाल मजबूत होते हैं और टूटने से बचाते हैं।
3. रोजमेरी और ओलिव ऑयल सीरम

रोजमेरी ऑयल और ओलिव ऑयल को मिलाकर आप घर में ही शानदार हेयर सीरम बना सकते हैं। रोजमेरी ऑयल का उपयोग सदियों से बालों को स्वस्थ रखने के लिए किया जा रहा है। वहीं ओलिव ऑयल भी बालों की ग्रोथ के लिए अच्छा माना जाता है। इन दोनों तेलों के मिश्रण से नियमित रूप से मालिश करने से बालों की जड़ें मजबूत होंगी। साथ ही बालों की ग्रोथ भी बढ़ेगी। इतना ही नहीं यह होममेड सीरम आपके बालों को जल्दी सफेद होने से भी रोकेगा।
4. विटामिन ई और एलोवेरा जेल सीरम
विटामिन ई स्किन के साथ ही बालों के लिए भी बहुत ही फायदेमंद होता है। वहीं एलोवेरा जेल में अमीनो एसिड और फैटी एसिड होते हैं। यह बालों को पोषण देते है। एलोवेरा जेल में ऐसे एंजाइम होते हैं जो फैट को तोड़कर बालों और स्कैल्प से सीबम को हटाते हैं। इसलिए नियमित रूप से एलोवेरा जेल में विटामिन ई की एक कैप्सूल मिलाकर सीरम बनाएं और उसे स्कैल्प से लेकर बालों के सिरों तक अच्छे से लगाएं। आपके बालों की चमक लौट आएगी।
5. कैस्टर और कोकोनट ऑयल सीरम
बालों की ग्रोथ बढ़ाने के लिए और उन्हें मजबूती देने के लिए कैस्टर ऑयल और नारियल का तेल दोनों ही बहुत फायदेमंद हैं। इन दोनों को बराबर मात्रा में मिलाकर मालिश करने से बालों की जड़ों को अंदर से पोषण मिलता है। जिससे बाल मजबूत होते हैं और बाल झड़ने की समस्या कम होती है। नियमित रूप से सिर की मालिश करने से ब्लड सर्कुलेशन अच्छा होता है जिससे आपकी हेयर ग्रोथ भी बढ़ती है।
