Overview:
नागार्जुन का कहना है कि फिटनेस एक लंबा सफर है, जिसे सालों के निरंतर प्रयास के बाद ही आप पा सकते हैं। नियमित रूप से एक्सरसाइज करने में विश्वास रखने वाले नागार्जुन अपने दिन की शुरुआत बहुत ही हेल्दी तरीके से करते हैं।
Nagarjuna Fitness Routine: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार नागार्जुन 65 साल की उम्र में भी एकदम फिट हैं। हाल ही में अपने बेटे व एक्टर नागा चैतन्य की शादी में सामने आई नागार्जुन की तस्वीरें देखकर सभी हैरान रह गए। अब इस मशहूर एक्टर ने अपनी फिटनेस के राज खोले हैं। उन्होंने कहा कि वह हेल्दी लाइफस्टाइल और फिटनेस के प्रति प्रतिबद्धता के कारण ही 65 साल की उम्र में भी फिट हैं। आइए जानते हैं नागार्जुन का फिटनेस सीक्रेट।
ऐसे होती है दिन की शुरुआत
नागार्जुन का कहना है कि फिटनेस एक लंबा सफर है, जिसे सालों के निरंतर प्रयास के बाद ही आप पा सकते हैं। नियमित रूप से एक्सरसाइज करने में विश्वास रखने वाले नागार्जुन अपने दिन की शुरुआत बहुत ही हेल्दी तरीके से करते हैं। वह सुबह जल्दी उठते हैं। इसके बाद सुबह 7 बजे एक्सरसाइज के लिए जाते हैं। इससे पहले वे नेचुरल प्रोबायोटिक्स का सेवन करते हैं, जिससे उनकी गट हेल्थ सही रहती है। साथ ही उनका एनर्जी लेवल भी दिनभर बना रहता है। इन नेचुरल प्रोबायोटिक्स में किमची, खमीर उठी गोभी यानी सौकरकूट आदि शामिल है। गर्म पानी और कॉफी पीते हैं। जिससे उनके दिन को एक किक स्टार्ट मिलती है। मॉर्निंग रूटीन पूरा करने के बाद नागार्जुन वर्कआउट पर जाते हैं।
एक्सरसाइज में ये है शामिल
नागार्जुन वर्कआउट के प्रति दीवाने हैं। उन्हें एक्सरसाइज इतनी पसंद है कि वे इसे काम से भी ऊपर रखते हैं। नागा कहते हैं कि एक्सरसाइज न करने के लिए लोगों के पास कई बहाने होते हैं। लेकिन फिट रहने के लिए कोई शॉर्टकट नहीं है। आपको इसके लिए नियमित रूप से एक्सरसाइज करनी ही होगी। नागार्जुन सप्ताह में पांच से छह दिन हर सुबह करीब एक घंटे की एक्सरसाइज करते हैं। इसमें स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, वेट ट्रेनिंग के साथ ही कार्डियो एक्सरसाइज शामिल है। यह रूटीन वह पिछले करीब 35 साल से फॉलो कर रहे हैं। जिस दिन वे एक्सरसाइज के लिए नहीं जाते हैं, उस दिन वे वॉकिंग, स्विमिंग करते हैं और गोल्फ खेलते हैं। नागार्जुन का कहना है कि इससे उनकी मेंटल हेल्थ अच्छी रहती है।
एक्सरसाइज करते समय रखें ध्यान
नागार्जुन का कहना है कि वह फुल फोकस के साथ एक्सरसाइज करते हैं। ज्यादा कैलोरी बर्न करने के लिए वह अपनी धड़कनों को हमेशा अपनी अधिकतम दर के 70 प्रतिशत से ऊपर रखने की कोशिश करते हैं। ऐसा वह स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और कार्डियो दोनों एक्सरसाइज के दौरान करते हैं। उन्होंने बताया कि वह वर्कआउट हमेशा काफी तेजी से करते हैं। न ही वे बीच में कोई ब्रेक लेते हैं, न ही आराम करते हैं न ही बैठते हैं। फोन भी दूर रखते हैं। उनका फोकस सिर्फ हृदय गति पर होता है। इससे मेटाबॉलिज्म तेज होता है और कैलोरी ज्यादा बर्न होती हैं। इसी के साथ पर्याप्त व अच्छी नींद लेते हैं और खुद को हाइड्रेट रखते हैं।
खाने पर दें खास ध्यान
एक्सरसाइज के साथ ही नागार्जुन अपनी डाइट पर भी पूरा ध्यान देते हैं। वे हेल्दी ब्रेकफास्ट और लंच करते है। वहीं डिनर हमेशा लाइट लेते हैं। नागार्जुन कहते हैं कि वह शाम को 7 से 7.30 बजे के बीच अपना डिनर कर लेते हैं। वह सालों से इंटरमिटेंट फास्टिंग कर रहे हैं। डिनर समय पर करने से यह आसान हो जाती है। आप अगले दिन ब्रेकफास्ट करते हैं जिससे आसानी से 12 से 14 घंटे की इंटरमिटेंट फास्टिंग कर पाते हैं। अपनी चीट मील के बारे में भी नागार्जुन ने खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि संडे उनका चीट डे होता है। इस दिल वह हैदराबादी खाना, बिरयानी और चॉकलेट खाना पसंद करते हैं। उन्हें मीठा पसंद है और चीट मील खाते समय वह कुछ नहीं सोचते, बस फूड एंजॉय करते हैं।
