Overview:
हाल ही में जर्नल ऑफ अफेक्टिव डिसऑर्डर में प्रकाशित एक स्टडी में नियमित सेक्स और मानसिक सेहत के बीच गहरा कनेक्शन मिला है।
Sex Effect on Mental Health: सेक्स जिंदगी में उत्साह और उमंग भरता है। लेकिन क्या इसका मानसिक सेहत पर कोई असर होता है। यह राज खुल गया है हाल ही में हुए एक शोध में। इस शोध में सेक्स और सेहत को लेकर कई बड़े खुलासे हुए हैं। आइए जानते हैं क्या है सेक्स और मानसिक स्वास्थ्य के बीच कनेक्शन।
ऐसे किया यह शोध

जर्नल ऑफ अफेक्टिव डिसऑर्डर में प्रकाशित एक स्टडी में नियमित सेक्स और मानसिक सेहत के बीच गहरा कनेक्शन मिला है। जब आप नियमित रूप से सेक्स करते हैं तो यह आपको रिलेक्स करता है, जिससे मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। इस स्टडी में शोधकर्ताओं ने 20 से 59 साल के 14,000 लोगों को शामिल किया। साथ ही सभी पर नियमित सेक्स के प्रभाव को जांचा।
कम हो सकता है डिप्रेशन
स्टडी में इन सभी अमेरिकी वयस्कों के डेटा का पूरा विश्लेषण किया गया। सभी की सेक्स एक्टिविटीज के बारे में भी जाना गया। जिसमें शोधकर्ताओं ने पाया कि जो लोग सप्ताह में कम से कम एक बार सेक्स करते हैं, उनमें मध्यम से गंभीर अवसाद के लक्षण की आशंका करीब 24% कम हो जाती है। वहीं जो लोग महीने भर से सेक्स से दूर थे, उनमें अवसाद की आशंका ज्यादा रहती है। ऐसेे में साफ है कि सेक्स आपको डिप्रेशन से बचा सकता है।
टास्क नहीं, एंजॉय करें
शोधकर्ताओं ने पाया कि हर वयस्क को सप्ताह में एक से दो बार सेक्स करना चाहिए। इससे वे गहरे डिप्रेशन में जाने से बच सकते हैं। हालांकि इसके लिए सही और पूरा समय चुनना चाहिए। इसे किसी टास्क की तरह नहीं करना चाहिए। इस अध्ययन में विभिन्न एज ग्रुप के लोगों को शामिल किया गया था। इन सभी का शारीरिक स्वास्थ्य, वैवाहिक स्थितियां और अन्य कारक अलग थे। ऐसे में इसके परिणाम भी अलग-अलग दिखे। स्टडी में सामने आया कि सेक्स और डिप्रेशन में कमी के बीच का संबंध युवा वयस्कों में सबसे मजबूत है।
मूड भी है महत्वपूर्ण
ऐसा नहीं है कि सिर्फ सेक्स करना आपको सेहतमंद और डिप्रेशन फ्री रखेगा। इसके लिए आपका मूड और पार्टनर की सहमति व साथ, सभी जरूरी है। एकतरफा संबंध बनाने से डिप्रेशन कम होने की संभावना भी कम होती है। सेक्स में पार्टनर्स का आपसी भावनात्मक जुड़ाव होना बहुत जरूरी है। इसी के साथ बेहतर मूड भी जरूरी है। इससे अवसाद कम होने में मदद मिलती है। शोधकर्ता ने माना कि सेक्स और सेहत एक सर्कल है, जो विभिन्न कारकों पर निर्भर करता है। यह इसी के अनुसार दूसरों को प्रभावित भी करता है।
इसलिए फायदेमंद है सेक्स
शोधकर्ताओं के अनुसार सेक्स से शरीर में एंडोर्फिन जैसे रसायन बनते हैं, जिनसे मूड अच्छा होता है। जिससे तनाव और चिंता दोनों कम होने लगते हैं। ऐसे में क्या आप सेक्स को डिप्रेशन की दवा मान सकते हैं। जवाब है, नहीं। शोधकर्ताओं का कहना है कि सेक्स डिप्रेशन का अकेला इलाज नहीं हो सकता है। यह सिर्फ इसे कम करने में मददगार हो सकता है। इससे आप मानसिक रूप से रिलेक्स होते हैं। कुछ देर के लिए अपनी चिंताएं भूल जाते हैं।
