Friendship Goals: दोस्ती का रिश्ता बेहद ही खास होता है। अच्छे और सच्चे दोस्त आपके जीवन को एक सही दिशा में लेकर जाते हैं। अरस्तू ने भी कहा था कि दोस्ती एक आत्मा है जो दो शरीरों में निवास करती है। इस बात में कोई दोराय नहीं है कि जीवन में दोस्तों का होना बेहद जरूरी है। लेकिन इससे भी ज्यादा जरूरी है कि वह आपका सच्चा दोस्त हो। आपकी संगत और दोस्ती का गहरा प्रभाव जीवन पर पड़ता है।
एक सच्चे दोस्त की पहचान समय रहते करना बेहद जरूरी है। आप अच्छे और सच्चे दोस्त की पहचान उसकी खूबियों से कर सकते हैं। यूं तो हर व्यक्ति का स्वभाव, उसकी सोच व चीजों को देखने का नजरिया अलग होता है। लेकिन अगर वह व्यक्ति आपका सच्चा दोस्त होगा तो उसमें आपको कुछ खूबियां देखने को जरूर मिलेंगी। अगर आपके दोस्त में भी वह खूबियां हों तो आपको उसका साथ कभी भी नहीं छोड़ना चाहिए। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि सच्चे दोस्त में क्या-क्या खूबियां होती हैं-
Also read: फ्रेंडशिप डे पर दोस्त को स्पेशल फील करवाने के लिए अपनाएं ये तरीके: Friendship Day Special
ईमानदार होना

अमूमन हर व्यक्ति के जीवन में ऐसे लोग जरूर होते हैं, जो सिर्फ आपकी तारीफ करते रहते हैं या फिर आपकी कमियों को गिनाते रहते हैं। लेकिन एक सच्चा दोस्त वास्तव में बहुत ईमानदार होता है। वह आपको बिना किसी झिझक के सही और गलत के बारे में बताता है। अगर आपसे कोई गलती हो जाती है तो वह आपको साफ-साफ आपके मुंह में उसके बारे में बताएगा। साथ ही, उसे ठीक करने के तरीकों के बारे में भी बताएगा। वह सिर्फ आपको खुश करने के लिए आपकी तारीफ नहीं करेगा।
हमेशा सपोर्ट करना
कहते हैं कि सच्चे दोस्त की पहचान आपके बुरे वक्त में होती है। यह बात सौ फीसदी सच है। जब आप अपने जीवन के अच्छे दौर में होते हैं, तो हर कोई आपसे दोस्ती करना पसंद करता है। लेकिन एक सच्चा दोस्त हमेशा आपके साथ खड़ा रहता है, फिर चाहे आपका वक्त अच्छा चल रहा हो या बुरा। अगर आप किसी तरह के मुश्किल दौर से गुजर रहे होते हैं तो उस समय आपको इमोशनल व मेंटल सपोर्ट की जरूरत होती है। सच्चा दोस्त आपके लिए हमेशा खड़ा रहता है।
कोई स्वार्थ ना होना

आज के समय में हर व्यक्ति अपने स्वार्थ से किसी से जुड़ता है। अगर व्यक्ति किसी से दोस्ती भी करता है तो उसमें कहीं ना कहीं अपना फायदा देखता है। लेकिन एक सच्चे दोस्त की खूबी यह होती है कि वह पहले हमेशा आपके भले की सोचता है और वह भी बिना किसी स्वार्थ के। वह कभी भी अपनी व्यक्तिगत इच्छाओं या फायदों को अपनी दोस्ती में नहीं लाता है। वह हमेशा इसे पीछे रखकर आपकी भलाई के लिए काम करता है।
पॉजिटिव रहना
जीवन में उतार-चढ़ाव हर किसी के जीवन में आते हैं। जब व्यक्ति का बुरा दौर आता है तो वह निराशा के अंधेरे में घिर जाता है। ऐसे में उसे अपने जीवन में सिर्फ और सिर्फ निराशा ही नजर आती है। लेकिन एक सच्चे दोस्त की यह खूबी होती है कि वह उस बुरे दौर में आपके लिए पॉजिटिव एनर्जी बनकर आता है। वे आपकी बुरी से बुरी परिस्थिति में आपको अच्छा दिखाने की कोशिश करते हैं और हर वक्त आपको इंस्पायर करते हैं। जिससे आप विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी हिम्मत और धैर्य बनाए रख पाते हैं।
माफ करने का गुण होना

कहते हैं कि इंसान गलतियों का पुतला होता है और इसलिए हम सभी से गलती हो ही जाती है। अक्सर यह देखने में आता है कि लोग छोटी-छोटी गलतियों को मुद्दा बना लेते हैं और आपस में बातचीत करना तक छोड़ देते हैं। लेकिन एक सच्चे दोस्त का यह गुण होता है कि वह उनमें माफ करने की क्षमता होती है। पे अपने दोस्त की छोटी-मोटी गलतियों को नजरअंदाज करते हैं और रिश्ते को आगे बढ़ाने की कोशिश करते हैं। वे छोटी-मोटी बातों के कारण रिश्ते को खराब नहीं करते हैं। जिससे उनका रिश्ता हमेशा मजबूत बना रहता है।
भरोसेमंद होना
आज के समय में व्यक्ति के लिए किसी पर भी भरोसा करना आसान नहीं है। आमतौर पर, यह देखा जाता है कि जब आप किसी व्यक्ति को अपनी बात बताते हैं तो वह उस बात का फायदा उठाता है या फिर आपकी बातें दूसरों तक पहुंचाता है। लेकिन एक सच्चे दोस्त की सबसे बड़ी खूबी उसका भरोसेमंद होना होता है। उसके साथ रहकर आपको यह अहसास ही नहीं होता है कि आप किसी अन्य व्यक्ति से अपनी बातें शेयर कर रहे हैं। एक सच्चे दोस्त से आप घंटों बात कर सकते हैं और बिना किसी झिझक के अपने सभी सीक्रेट्स शेयर कर सकते हैं। आपको यह पता होता है कि आपका दोस्त भरोसेमंद है और इस तरह आपकी बात किसी तीसरे और बाहरी व्यक्ति को कभी पता नहीं लगेगी।
आपकी खुशी में खुश होना

आज के समय में यह देखने में मिलता है कि एक व्यक्ति जब कुछ हासिल करता है तो उसके आसपास व करीबी लोगों को उससे जलन होती है। वे खुशी का दिखावा करते हैं, लेकिन वास्तव में वह आपको वापिस नीचे लाने का प्रयास करते हैं। लेकिन अगर आपका दोस्त सच्चा है तो वह आपकी खुशियों में खुश महसूस करता है। इतना ही नहीं, वह आपको सफल होता हुआ देखना चाहता है और इसके लिए खुद भी भरसक प्रयास करता है। इतना ही नहीं जब आपको सफलता मिलती है तो वह आपकी उपलब्धियों को सेलिब्रेट करता है और आपकी खुशी में पूरी तरह से भागीदार होता है।
