Summary: ननद का दें साथ, लव मैरिज के लिए घरवालों को ऐसे मनाएं
आइए जानते हैं कि जब आपकी ननद अपने पसंदीदा लड़के से शादी करना चाहती है तो इसमें आप कैसे उनकी मदद कर सकती हैं।
Love Marriage of Sister-in-law: ससुराल में ननद-भाभी का रिश्ता बहुत अनोखा होता है। ननद भाभी के लिए कभी छोटी बहन बन जाती है, तो कभी भाभी की सहेली बनकर भाभी को खूब हंसाती है। ऐसे में भाभी की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे अपनी प्यारी ननद की खुशियों का ध्यान रखे और अगर कभी ननद अपने दिल की बात भाभी से बताए तो रिएक्ट करने के बजाए ननद की मदद करनी चाहिए, खासकर जब ननद अपने पसंदीदा लड़के से शादी करना चाहती हो। आइए जानते हैं कि जब आपकी ननद अपने पसंदीदा लड़के से शादी करना चाहती है तो इसमें आप कैसे उनकी मदद कर सकती हैं।
सकारात्मक माहौल में बात करें

जब आपकी ननद अपने पसंद के लड़के से शादी करना चाहती हो और वे आपको घरवालों से बात करने के लिए कहें, तो आप एकदम से सबके सामने जाकर यह बात ना करें, बल्कि पहले घर का माहौल कैसा है यह जरूर देखें। जब आपको लगे कि आपके घर का माहौल सकारात्मक है, तो आप सबसे पहले इसके बारे में अपने पति से बात करें। उन्हें पूरी तरह से राजी करने के बाद ही इस बारे में सास-ससुर से बात करें।
धैर्य के साथ काम लें

लव मैरिज के लिए घरवालों को राजी करना काफी मुश्किल काम होता है। ऐसा भी हो सकता है कि आपको सबकी नाराजगी झेलनी पड़े और सब आपको भी भला -बुरा कहें, लेकिन आपको इस परिस्थिति में धैर्य से काम लेना है। अगर आप सबकी बातें सुनकर अपने कदम पीछे खींच लेंगी तो फिर आप ननद की मदद नहीं कर पाएंगी। इसलिए आपको हर तरह की परिस्थिति का सामना करने के लिए खुद को तैयार करना पड़ेगा।
दूसरों का उदाहरण पेश करें
अगर आपके घर-परिवार में किसी की लव मैरिज हुई है या आपकी किसी सहेली की लव मैरिज हुई है, तो आप अपने परिवार वालों को इनका उदाहरण दे सकती हैं और उनके रिश्ते की अच्छी बातें बता सकती हैं। ऐसा करने से परिवार वालों का नजरिया बदलता है और वे लव मैरिज के लिए तैयार हो जाते हैं।
पति की मदद लें

ननद की मदद करने में आपको अकेले काफी परेशानी होगी और कई तरह की चुनौतियों का भी सामना करना पड़ेगा, इसलिए इसमें आप अपने पति की मदद लें। ससुराल वालों से इसके बारे में बात करें तो अपने पति को अपने साथ रखें। जब आपके पति आपके साथ खड़े होंगे तो आपके सास-ससुर भी ननद की लव मैरेज के लिए मान जाएंगे।
दोनों परिवारों को मिलवाने की कोशिश करें

कभी-कभी परिवार वालों को लाख समझाने के बाद भी वे लव मैरिज के लिए तैयार नहीं होते हैं। ऐसे में आप एक बार दोनों परिवारों को आपस में मिलवाने की कोशिश जरूर करें। जब वे परिवार वालों से मिलते हैं, उनसे बात करते हैं तो उनकी सोच में भी बदलाव आने लगता है और वे अपनी बेटी की खुशी के लिए लव मैरिज करवाने के लिए तैयार हो जाते हैं।
