Uttrakhand Places: उत्तराखंड ‘जिसे पहले उत्तरांचल के नाम से जाना जाता था’ उत्तर भारत का एक राज्य, जिसे देवताओं की भूमि यानि देवभूमि के रूप में जाना जाता है। यह एक पहाड़ी राज्य है जो उत्तर में चीन और पूर्व में नेपाल के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है। यह विशाल हिमालयी क्षेत्र प्रकृति की सुंदरता और देवताओं के प्रति समर्पण को प्रदर्शित करता है। इसके दो मुख्य क्षेत्र है गढ़वाल और कुमाऊं ,जिनमें पहाड़ों, घाटियों, नदियों, झीलों, ग्लेशियरों और कई पवित्र मंदिरों का आकर्षण है। दुनिया भर से पर्यटक स्कीइंग, वन्यजीव, अभयारण्यों, रिवर राफ्टिंग, ध्यान और चार धाम यात्रा के लिए उत्तराखंड आते हैं। तो आइये जानते हैं उत्तराखंड के मुख्य पर्यटन स्थलों के बारे में जिनके आगे विदेश की खूबसूरती भी फेल है-
बद्रीनाथ
बद्रीनाथ उत्तराखंड का एक लोकप्रिय तीर्थ स्थल है। बद्रीनाथ समुद्रतल से लगभग 3,100 मीटर की उचाईं पर अलकनंदा नदी के तट पर स्थित है। यह तीर्थ हिंदुओं के चार प्रमुख धामों में से एक है। यह पवित्र स्थल भगवान विष्णु के चतुर्थ अवतार नर एवं नारायण की तपोभूमि है। यह भगवान विष्णु को समर्पित 108 मंदिरों में से एक है। यह मन्दिर हर साल अप्रैल- मई में खुलता है और सर्दियों में नवंबर के तीसरे सप्ताह में बंद हो जाता है क्योंकि यहां पर बहुत ही अधिक बर्फबारी होती है।
केदारनाथ
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ, गढ़वाल हिमालय पर्वतमाला में स्थित एक छोटा सा शहर है। इसे हिंदुओं के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक माना जाता है। यह प्रसिद्ध केदारनाथ मंदिर भगवान शिव का घर है और यह चारों धामो में एक प्रमुख धाम है। भगवान शिव के इस मन्दिर में किसी को भी शिवलिंग को छूने की अनुमति नहीं है। केदारनाथ मंदिर भारत में भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। ऐसा माना जाता है कि मंदिर का निर्माण पांडवों ने युद्ध के दौरान की गई हत्याओं के पाप से खुद को मुक्त करने के लिए किया था। केदारनाथ मंदिर के पीछे केदारनाथ शिखर, भीम शिला,केदार गुंबद और अन्य छोटे- छोटे मन्दिर हैं जिनका दर्शन आप कर सकते हैं।
हरिद्वार
हरिद्वार उत्तराखंड के घूमने एवं दर्शन करने के स्थानों में से एक है। तथा यह चारों धामों में भी आता है। तथा हरिद्वार को ” ईश्वर का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है” भारत के सबसे पवित्र स्थानों में से एक माना जाने वाला हरिद्वार अपने शहर में तमाम मंदिरों और धार्मिक स्थलों को समेटे हुए है। आप अगर हरिद्वार आएं हैं, तो यहां की गंगा आरती में जरूर शामिल हो।आप यहां पर मनसा देवी मन्दिर, चंडी देवी मन्दिर, भारत माता मन्दिर इन सभी जगहों पर दर्शन कर सकते हैं।
मसूरी
मसूरी उत्तराखंड राज्य का मुख्य पर्यटन स्थल है, जिसे पर्वतों की रानी भी कहा जाता है। गढ़वाल हिमालय पर्वतमाला के बीच स्थित, मसूरी में पूरे साल सुखद मौसम रहता है। पहाड़ियों, झीलों और मंदिरों का घर, उत्तराखंड में मसूरी भारत में सबसे अच्छे हनीमून स्थानों में से एक है। इसमें बर्फ से ढके पहाड़ों और हरी-भरी घाटियों के मंत्रमुग्ध कर देने वाले दृश्य हैं। मसूरी में दर्शनीय स्थलों की सैर और ट्रेकिंग से लेकर धुंधली झीलों और राजसी झरनों तक जाने के लिए बहुत सी जगहें हैं। इसके साथ ही मसूरी के घूमने लायक जगहों में से कुछ हैं, दलाई हिल्स,केम्प्टी फॉल्स, कैमल्स बैक रोड, भट्टा वॉटरफॉल, और कंपनी गार्डन आदि।
ऋषिकेश
हिमालय की तलहटी में बसा ऋषिकेश उत्तराखंड के सबसे अच्छे पर्यटन स्थलों में से एक है।उत्तराखंड राज्य में स्थित, ऋषिकेश ऋषियों, योग साधकों और तीर्थयात्रियों का केंद्र है, जो घाटों और मंदिरों में आते है। यह अपने शांत मंदिरों और रिवर राफ्टिंग, बंजी जंपिंग, जिप-लाइनिंग, ट्रेकिंग, विशाल झूले और रॉक क्लाइम्बिंग जैसे रोमांचकारी साहसिक खेलों के लिए लोकप्रिय है। सुंदर हिमालय के पास स्थित, ऋषिकेश में पवित्र गंगा नदी भी है। पर्यटक यहां आध्यात्मिक तीर्थयात्रा और कल्याण के लिए आते हैं, क्योंकि यह योग और ध्यान की राजधानी के रूप में भी प्रसिद्ध है।
देहरादून
उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों में से एक है देहरादून, देहरादून उत्तराखंड की राजधानी है, जो हिमालय की तलहटी में स्थित है। देहरादून की प्राकृतिक सुंदरता और यहां की शांति ही पर्यटकों को यहां पर आकर्षित करती है और अपनी तरफ खींच लाती है।अनेक पर्यटन स्थल हैं जिन्हें आप देख व घूम सकते हैं। देहरादून अपने झरनें, गुफ़ाएं, प्राकृतिक झरनें तथा अनेक सुंदर प्राचीन मंदिरों के लिये भी प्रसिद्ध है। यहां पर सहस्त्र धारा, लक्ष्मण सिद्ध मंदिर, तपकेश्वर महादेव मन्दिर, संता देवी मन्दिर, तपोवन आदि देहरादून में आप इन सभी धार्मिक स्थलों पर घूम सकते हैं व दर्शन कर सकते हैं।
