Overview:
नैनीताल सहित हरिद्वार-ऋषिकेश, देहरादून-मसूरी, रामनगर, कॉर्बेट, हल्द्वानी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग को उम्मीद थी कि उन्हें पहाड़ों पर गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन उन्हें मिल रहा है कई घंटों का ट्रैफिक जाम।
Traffic Jam in Uttarakhand: गर्मियों की छुट्टियों में चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने के लिए लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। पर्यटकों की टॉप लिस्ट में शामिल है उत्तराखंड। नैनीताल सहित हरिद्वार-ऋषिकेश, देहरादून-मसूरी, रामनगर, कॉर्बेट, हल्द्वानी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग को उम्मीद थी कि उन्हें पहाड़ों पर गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन उन्हें मिल रहा है कई घंटों का ट्रैफिक जाम। कई किलोमीटर तक लगे ट्रैफिक जाम ने लोगों की समर हॉलीडे की प्लानिंग पर पानी फेर दिया है।
इन शहरों में है सबसे ज्यादा जाम
उत्तराखंड हमेशा से ही लोगों की फेवरेट समर हॉलीडे डेस्टिनेशन रही है। लेकिन तेज गर्मी और चारधाम यात्रा के चलते इस समय यहां भयंकर भीड़ है। ऐसे में ट्रैफिक जाम एक बड़ी परेशानी बन गया है। मिनटों का सफर पूरा करने में लोगों को घंटों लग रहे हैं। हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, मसूरी, नैनीताल, कॉर्बेट में सबसे ज्यादा हालात खराब हैं।
कैंची धाम में उमड़े भक्त
नैनीताल में पर्यटकों की भारी संख्या ने प्रशासन की सभी व्यवस्थाओं को फेल कर दिया है। नैनीताल से करीब 18 किलोमीटर दूर स्थित कैंची धाम में नीम करोली बाबा के आश्रम में दर्शन करने वाले भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। नैनीताल आने वाला लगभग हर पर्यटक यहां पहुंच रहा है। ऐसे में यहां लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है। लोगों को वाहनों की पार्किंग में भी खासी परेशानी हो रही है। कई किलोमीटर पैदल चलकर उन्हें आश्रम तक पहुंचना पड़ रहा है। वहीं आश्रम के अंदर भी भक्तों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं।
नैनीताल पुलिस की एडवाइजरी
पर्यटकों की भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम को ध्यान में रखते हुए नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की है। एडवाइजरी के माध्यम से पुलिस ने नैनीताल और कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के लिए रूट प्लान दिया है। इसी के साथ पुलिस ने कई स्थानों पर भीड़भाड़ और यातायात को लेकर सूचना भी जारी की है, जिससे पर्यटकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। पर्यटकों से अपील की जा रही है कि वे रूट प्लान के अनुसार ही सफर करें।
कॉर्बेट के रास्ते में 21 किमी का जाम
जानकारी के अनुसार इस वीकेंड पर जिम कॉर्बेट पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या रिकॉर्ड पार कर गई। रामनगर से जिम कॉर्बेट के रास्ते पर करीब 21 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लोग 10 से 12 घंटे तक इस जाम में फंसे रहे। जाम देर रात 12 बजे जाकर खुल पाया। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की तमाम कोशिशें यहां फेल होती नजर आईं।
परीक्षा जैसा देहरादून से मसूरी जाना
देहरादून से मसूरी करीब 35 किलोमीटर दूर है। लेकिन भयंकर जाम के कारण इस दूरी को पार करने में लोगों को साढ़े चार से पांच घंटे का समय लग रहा है। ऐसे में यह तय है कि देहरादून से मसूरी की राह पर्यटकों के लिए आसान नहीं है। इस रास्ते पर जाम का एक बड़ा कारण यह भी है कि चारधाम यात्रा पर जाने वाले भक्त यमुनोत्री जाने के लिए मसूरी से ही होकर गुजरते हैं।
