Basket Organizer Tips: आर्गेनाइज्ड घर हर किसी को अच्छा लगता है। अमूमन हम अपने घर को आर्गेनाइज करने के लिए हम सभी मार्केट से कई तरह के आर्गेनाइजर खरीदकर लाती है। हालांकि, घर को आर्गेनाइज करने के लिए बास्केट का इस्तेमाल करना ज्यादा अच्छा माना जाता है। इनकी मदद से आप अपने बेडरूम से लेकर बाथरूम तक, हर स्पेस को आसानी से आर्गेनाइज कर सकते हैं।
बास्केट की खास बात यह है कि ये आपको कई साइज में मिलते हैं, इसलिए आप इसमें खिलौनों से लेकर लॉन्ड्री, किताबों तक सबकुछ आसानी से रख सकते हैं। यह चुटकियों में ही आपके बिखरे हुए घर को एकदम साफ-सुथरा बना देते हैं। यह घर को आर्गेनाइज करने के साथ-साथ घर को एक स्टाइलिश लुक देते हैं। जिससे आपके होम इंटीरियर में भी चार-चांद लग जाते हैं। हालांकि, जब आप बास्केट से अपने घर को आर्गेनाइज करें तो कुछ छोटी-छोटी बातों का खास ख्याल रखें। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि घर को आर्गेनाइज करने के लिए बास्केट का इस्तेमाल करते समय किन टिप्स पर फोकस करना चाहिए-
Also read: Homemade Headband: घर पर ही बनाएं मार्केट जैसे हेडबैंड्स, यह है तरीका
सही बास्केट को चुनें

अगर आपने घर को आर्गेनाइज करने के लिए बास्केट का इस्तेमाल कर रही हैं तो इसके लिए सबसे पहला व जरूरी टिप है कि आप सही बास्केट को चुनें। चूंकि, वे सभी तरह के शेप, साइज व मैटीरियल में आते हैं, इसलिए आपको अपनी जरूरत को ध्यान में रखते हुए उसे चुनना चाहिए। उदाहरण के लिए-
- छोटी बास्केट टॉयलेटरीज़, मेकअप या ऑफ़िस सप्लाइज जैसी छोटी चीजों को आर्गेनाइज करने के लिए अच्छी मानी जाती हैं। इन्हें आप अपने ऑफिस डेस्क के नीचे से लेकर कमरे के कॉर्नर तक आसानी से रख सकती हैं।
- वहीं, मीडियम बास्केट में किताबें, कंबल या क्राफ्ट आइटम आदि को रखा जा सकता है। मीडियम साइज बास्केट को स्टडी रूम में भी रखा जा सकता है।
- बड़ी बास्केट लान्ड्री, तौलिये या खिलौने रखने के लिए एकदम सही मानी जाती है। आप इन्हें लान्ड्री रूम से लेकर किड्स रूम तक रखने का मन बना सकती हैं।
अलग-अलग कमरों में करें इस्तेमाल
बास्केट की मदद से आप अपने घर के हर कमरे को आसानी से आर्गेनाइज कर सकती हैं। आप कमरे व उसकी जरूरत के अनुसार बास्केट को चुन सकती हैं और उसे इस्तेमाल कर सकती हैं-
- लिविंग रूम- अतिरिक्त कंबल, तकिए या मैगजीन को स्टोर करने के लिए बड़ी बास्केट का उपयोग करें। आप उन्हें आसानी से कोनों में या कॉफ़ी टेबल के नीचे रख सकते हैं।
- किचन- फलों, सब्जियों या स्नैक्स को स्टोर करने के लिए आप किचन में बास्केट रखें। अपने प्रोडक्ट को आर्गेनाइज करने के लिए एक स्टाइलिश तरीके के लिए एक टियर्ड बास्केट का इस्तेमाल करें।
- बाथरूम- बाथरूम में बास्केट टॉयलेटरीज़, टॉवल या क्लीनिंग प्रोडक्ट को रखने के लिए एकदम सही है। आप सिंक के नीचे या अलमारियों के ऊपर भी बास्केट रख सकती हैं।
- बेडरूम- बेडरूम में आप कपड़े, जूते या स्कार्फ़ और कैप जैसे सामान को रखने के लिए बास्केट का इस्तेमाल कर सकती हैं। अगर आपकी अलमारी में जगह नहीं है, तो आसानी से पहुंचने के लिए बिस्तर के नीचे बास्केट रखें।
- लॉन्ड्री रूम- लॉन्ड्री रूम में बास्केट बहुत अधिक फायदेमंद है। आप इसका उपयोग डिटर्जेंट, फ़ैब्रिक सॉफ़्टनर या क्लीनिंग प्रोडक्ट्स को स्टोर करने के लिए भी किया जा सकता है।
एक जैसी आइटम्स को रखें एक साथ

जब आप बास्केट की मदद से अपने घर को आर्गेनाइज कर रही हैं तो ऐसे में एक जैसी आइटम को साथ रखें। उदाहरण के लिए, बाथरूम में अपने सभी हेयर केयर प्रोडक्ट्स को एक बास्केट में रखें, जबकि स्किनकेयर प्रोडक्ट्स को दूसरी बास्केट और क्लीनिंग प्रोडक्ट्स को तीसरी बास्केट में रखें। इससे सभी चीजें अपनी जगह पर रहेंगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें ढूंढना आसान हो जाएगा। अगर आप चाहें तो एकसमान आइटम को रखते समय बास्केट में कलर कोड का इस्तेमाल कर सकती हैं।
वहीं जब आप बच्चों के कमरे में बास्केट रख रही हैं तो ऐसे में आप आप अलग-अलग खिलौनों को रखें। मसलन, एक बास्केट में आप स्टफ एनिमल तो दूसरे में बिल्डिंग ब्लॉक और तीसरी में क्राफ्ट आइटम्स को रखा जा सकता है। इससे बच्चों का कमरा आर्गेनाइज रहता है और उनके लिए अपनी चीजों को सही तरह से रखना अधिक आसान हो जाएगा।
वर्टिकल स्पेस को करें मैक्सिमाइज
कई बार हम बास्केट से घर को आर्गेनाइज करते समय उसे फर्श पर रखते हैं, जिससे घर भरा हुआ लगता है और अधिकतर स्पेस भी इस्तेमाल हो जाता है। ऐसे में आप वर्टिकल स्पेस का इस्तेमाल करने पर विचार करें। कैप, बैग या स्कार्फ़ जैसी चीज़ों को स्टोर करने के लिए दीवार पर कुछ बास्केट को हैंग करें। इससे ना केवल उन चीजों तक पहुंच आसान होगी, बल्कि अलमारियों या टेबल पर जगह भी बचेगी। दीवार पर बास्केट को हैंग करने से आपका काफी सारा स्पेस बचता है। यहां तक कि आप अपने घर के छोटे स्पेस को आसानी से डबल कर सकती हैं।
हैंडल वाली बास्केट का करें चयन

जब आप बास्केट से अपने घर को आर्गेनाइज करते हैं तो उनकी सबसे अच्छी बात यह होती है कि आप उन्हें कहीं पर भी आसानी से मूव कर सकती हैं। अपनी पोर्टेबिलिटी के कारण ही आप उन्हें कई अलग-अलग तरीकों से व अलग-अलग जगहों पर इस्तेमाल कर सकती हैं। अगर आप बास्केट में ऐसी चीजों को रख रही हैं, जिन्हें आपको बार-बार एक जगह से दूसरी जगह ले जाने की ज़रूरत होती है, तो ऐसे में आप हैंडल वाली बास्केट को चुनें। ये बेडरूम से लॉन्ड्री रूम में कपड़े ले जाने या लिविंग रूम से बच्चों के कमरे में खिलौने ले जाने के लिए एकदम सही हैं। हैंडल वाली बास्केट आपके काम को काफी आसान बनाती हैं और आपको हर चीज को बार-बार हाथों में उठाकर इधर-उधर नहीं जाना पड़ता है।
