Overview: ट्रैवलिंग के दौरान फूड पॉइजनिंग से बचने के उपाय
ट्रैवलिंग के दौरान अगर आप फूड पॉइजनिंग से बचना चाहती हैं तो ऐसे में आप कुछ आसान टिप्स अपना सकती हैं।
Avoid Food Poisoning During Travel: घूमना आखिर किसे अच्छा नहीं लगता है। हम सभी घूमना काफी पसंद करते हैं, लेकिन इस दौरान अक्सर हम सभी बाहर का खाना खाते हैं। ताजा मसालेदार चाट से लेकर पराठे, गरमा-गरम पकौड़े और ठंडी मलाईदार लस्सी घूमने के आनंद को दोगुना कर देते हैं। लेकिन अगर बाहर का खाना खाते हुए आपको फूड पॉइजनिंग हो जाए तो सारा मजा किरकिरा हो जाता है। इस तरह एक मजेदार सफ़र पलभर में किसी बुरे सपने में बदल जाता है। फूड पॉइजनिंग होने के बाद आप सारा समय अस्पताल के चक्कर काटने, दवाइयां खाने और टॉयलेट में समय गुजारने में बीत जाता है।
अब सवाल यह उठता है कि ट्रैवलिंग करते हुए फूड पॉइजनिंग से किस तरह बचा जाए। दरअसल, घूमते समय आपको भारतीय खाने से दूरी बनाने की कोई जरूरत नहीं है। बस जरूरत है कि आप बाहर का खाना खाते समय थोड़ी समझदारी दिखाएं और कुछ छोटे-छोटे टिप्स अपनाएं, जिससे आप पेट का ख्याल रख पाएं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं, जो ट्रैवलिंग के दौरान आपको फूड पॉइजनिंग से बचाने में मदद करेंगे-
ताजा और गरमा-गरम खाना ही खाएं

जब आप बाहर खाना खा रहे हैं तो यह सुनिश्चित करें कि आप ताजा और गरमा-गरम खाना ही खाएं। कभी भी रखा हुआ खाना खाने से बचें। दरअसल, गरमी ज्यादातर कीटाणुओं को मार देती है। वहीं, दूसरी ओर बहुत देर से रखा खाना बैक्टीरिया का घर बन जाता है। इसलिए ऐसी किसी भी दुकान से खाना लेकर ना खाएं, जो पहले से रखा हुआ हो। कोशिश करें कि आप फ्रेश बनवाकर ही खाएं।
पानी को लेकर रहें सावधान
जब आप ट्रैवलिंग कर रहे हैं तो पानी को लेकर खास सावधानी बरतें। कभी-कभी हम बाहर घूमते समय ऐसे ही नल का पानी पी लेते हैं। नल का पानी पेट को सूट नहीं करता, उसमें बैक्टीरिया हो सकते हैं। इससे फूड पॉइजनिंग होने की संभावना बढ़ जाती है। हमेशा सीलबंद बोतल का पानी पिएं। कोशिश करें कि आप बाजार के आइसक्यूब का इस्तेमाल ना करें। लंबी ट्रैवलिंग करनी हो तो फिल्टर वाली बोतल साथ रखें।
फल और सलाद खाएं कुछ इस तरह
यूं तो फल व सलाद खाना सेहत के लिए काफी अच्छा माना जाता है। लेकिन जब आप ट्रैवलिंग कर रहे हैं तो ऐसे में फल व सलाद सोच-समझकर खाएं। कच्ची सब्ज़ियां और फल गंदे पानी से धुले हो सकते हैं। इसलिए, इन्हें काटकर खाने से बचें। साथ ही, कभी भी कटे हुए फल सड़क किनारे से न खरीदें। लेट्यूस, प्याज, खीरा जैसी कच्ची चीजें तभी खाएं, जब अच्छे रेस्टोरेंट में हों। कोशिश करें कि आप घूमते समय छिलकर खाने वाले फल जैसे केला, संतरा आदि खाएं।
समझदारी से खाएं स्ट्रीट फूड

स्ट्रीट फूड खाना हम सभी को अच्छा लगता है। लेकिन जब आप बाहर से स्ट्रीट फूड खा रहे हैं तो ऐसे में समझदारी दिखाना जरूरी है। कोशिश करें कि आप गिल्ड फूड खाएं। वहीं, बाहर मिलने वाली चटनी या सॉस ना लें। कोशिश करें कि आप एक ही दिन में सबकुछ नया ट्राई ना करें, क्योंकि इससे पेट खराब होने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
