स्पिरिचुअल सोलो ट्रिप के लिए इन 7 जगहों का प्लान बनाएं: Spiritual Solo Trip
Spiritual Solo Trip

Spiritual Solo Trip: अक्सर कई ट्रैवल फ्रीक लोग एक बहुत बड़ी प्रोब्लम का सामना करते हैं। वो ट्रैवल प्लान किसके साथ बनाएं और कहां घूमने जाएं, ये सवाल उन्हें सताता रहता है। अगर आप भी अपने इसी सवाल की तलाश कर रहे हैं तो इस आर्टिकल को अंत तक जरूर पढ़िएगा। दरअसल अगर आपके पास कोई ट्रैवल पार्टनर नहीं है, तो आप निराश न हो। आप खुद की कंपनी को सेलिब्रेट करते हुए एक सोलो ट्रिप प्लान कर सकते हैं।

सोलो ट्रिप में जहां आपको किसी और की कोई टेंशन नहीं होगी, वहीं आप खुद को बेहतर ढंग से जानने के साथ साथ एंजॉय भी कर पाएंगे। और अगर आप वाकई खुद को जानना चाहते हैं तो अपनी सोलो ट्रिप को आध्यात्मिक टच दें। इस आर्टिकल में आप जानेंगे टॉप 7 स्पिरिचुअल स्पॉट्स के बारे में जहां आप अपना सोलो ट्रिप प्लान करके खूब एंजॉय कर सकते हैं।

सोलो ट्रिप के लिए भारत की बेस्ट स्पिरिचुअल डेस्टिनेशन

केदारनाथ

Spiritual Solo Trip
Spiritual Solo Trip-Kedarnath

इस लिस्ट में सबसे टॉप पर केदारनाथ धाम है। अगर आप एक आध्यात्मिक जगह पर अकेले ट्रैवल करना चाहते हैं, तो केदारनाथ आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है। भगवान शिव के ज्योतिर्लिंगों में से एक, केदारनाथ धाम हिमालय पर्वत श्रंखला में स्थित है, जहां हर साल लाखों की संख्या में भक्तगण पहुंचते हैं। इस साल 25 अप्रैल को सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर केदारनाथ मंदिर के कपाट खोले जाएंगे, जिसके बाद आप कभी भी अपनी सोलो ट्रिप प्लान कर सकते हैं। बस अपना केदारनाथ ट्रिप प्लान करते वक्त ध्यान रखें कि यहां बरसात के समय पर जाने से बचें और अपने साथ ज्यादा हेवी सामान लेकर चढ़ाई न करें। केदारनाथ का प्लान बनाने के लिए आप ऋषिकेश से गुप्तकाशी तक का बस ट्रैवल कर सकते हैं जिसके बाद आप ट्रेकर की मदद से गौरीकुंड तक पहुंच पाएंगे। गौरीकुंड से केदारनाथ धाम तक की चढ़ाई लगभग 19 किलोमीटर की है जिसमे लगभग दस घंटे का समय लगता है।

वाराणसी

Varanasi
Varanasi

अगर आप पहाड़ो पर नही बल्कि गंगा किनारे की शांति को महसूस करना चाहते हैं तो आप बिंदास होकर वाराणसी का सोलो ट्रिप प्लान कर सकते हैं। पुराने शहर बनारस की खूबसूरत गलियों में बसने वाली बम बम भोले की जयकार जहां आपके मन को शांत कर देगी, वहीं मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर आपका सामना जीवन की सच्चाई से होगा। भगवान शिव के ज्योतिर्लिंगों में से एक काशी विश्वनाथ बाबा का मंदिर भी यहां स्थित है, जहां हर साल बहुत बड़ी संख्या में भक्तगण दर्शन करने आते हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर का भव्य कॉरिडोर आज जिस प्रारूप को प्राप्त है, उसकी सुंदरता का अनुभव आपको संस्कृति के अंतः से जोड़ेगा। ऐसे में आप बनारस का ट्रिप प्लान कर अध्यात्म को सीखने की एक कोशिश कर सकते हैं।

वृंदावन

Vrindavan
Spiritual Solo Trip-Vrindavan

सोलो ट्रिप के लिए एक बेहतरीन आध्यात्मिक जगह है वृंदावन। अगर आप मन की शांति के साथ भक्ति का अनुभव करना चाहते हैं तो आप बेझिझक वृंदावन जा सकते हैं। भगवान श्री कृष्ण का निवास धाम वृंदावन एक ऐसा स्थान है, जहां भगवान श्री विष्णु ने अपने कृष्णावतार में अपनी लीलाएं की। आज भी उन लीलाओं से संबंधित स्थानों जैसे कालीदेह, वंशीवट, निधिवन, सेवाकुंज, केशीघाट, चीर घाट, श्रृंगार घाट आदि हैं, जहां आज भी भक्तो की असीम आस्था है। साथ ही वृंदावन के ठाकुरों में आप श्री बाकेँ बिहारी जी, श्री राधारमण लाल जी, श्री राधा वल्लभ जी, श्री गोविंद देव जी, श्री राधा दामोदर जी के दर्शन कर सकते हैं। साथ ही प्रेम मंदिर, रंग जी का मंदिर, प्रियकांत जू, इस्कॉन मंदिर, गोपेश्वर महादेव के भी दर्शन कर सकते हैं। वृंदावन के साथ आप बरसाने और मथुरा को भी कवर कर सकते हैं।

उज्जैन महाकाल

Ujjain Mahakal
Spiritual Solo Trip-Ujjain Mahakal

सोलो ट्रिप के लिए आप उज्जैन को भी चूज कर सकते हैं। देवाधिदेव भगवान महादेव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से सिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर बाबा का धाम मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित है। महाकालेश्वर बाबा जो काल के अधिष्ठाता हैं, आप जहां उनके दर्शन पूजन से स्वयं को लाभान्वित कर सकते हैं वहीं उज्जैन के दिव्य और भव्य कॉरिडोर महाकाल लोक में आप शिव महापुराण में वर्णित विभिन्न लीलाओं के सजीव चित्रण का भी अनुभव कर सकते हैं।

यह भी देखे-शॉर्ट एंड स्वीट ट्रिप कर रही हैं प्लान तो ऋषिकेश के पास हैं ये शानदार ऑफबीट डेस्टिनेशन: Rishikesh Tourism

अयोध्या

Ayodhya
Ayodhya

भगवान श्री रामचंद्र की जन्मभूमि अयोध्या एक अत्यंत पूजनीय धरा है। यदि आप भगवान श्री राम के चरित्र की अतुलनीय व्याख्या को जानना चाहते हैं, तो आप अवधपुरी में जा सकते हैं। सरयू नदी के तट पर बसी अयोध्या के राममय वातावरण में जहां आपको स्वयं को जानने का मौका मिलेगा। भगवान श्री राम के नाम की महिमा को जानने के लिए आप अयोध्या का प्लान बना सकते हैं।

ऋषिकेश

Rishikesh
Spiritual Solo Trip-Rishikesh

इस लिस्ट में छटे स्थान पर ऋषिकेश है। ऋषिकेश के सोलो ट्रिप को प्लान कर आप एक बेहद खास अनुभव की यात्रा पर निकल सकते हैं। त्रिवेणी घाट और परमार्थ निकेतन की गंगा आरती के अनुभव के साथ जहां आप ऋषिकेश की ट्रिप को खास बना सकते हैं वहीं लक्ष्मण झूला, राम झूला और जानकी सेतु के मनोरम दृश्य भी आपको एक अलग अनुभव कराएंगे। गंगा तट पर योग और आश्रमों में यज्ञ की दिव्य अनुभूति आपकी इस स्पिरिचुअल सोलो ट्रिप को नए आयाम देगी।

वैष्णो देवी

Vaishno Devi
Vaishno Devi

आप अपनी स्पिरिचुअल सोलो ट्रिप के लिए माता भगवती के दिव्य धाम वैष्णो देवी को भी चुन सकते हैं। माता वैष्णो देवी का मंदिर जम्मू के कटरा में त्रिकुट पर्वत पर स्थित है। आप देवी के दर्शन के साथ जहां उनके आशीष के पात्र बनेंगे वहीं उनकी अनुकंपा से आप स्वयं के निकट भी आ पहुंचेंगे। महाकाली, महासरस्वती और महालक्ष्मी की पिंडियों के दिव्य दर्शन कर आप अपनी ट्रिप को बेहद खास और दिव्य बना सकते हैं।

मैं रेनुका गोस्वामी, विगत पांच वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। डिजिटल पत्रकारिता में एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और हेल्थ पर लेखन का अनुभव और रुचि है, वर्तमान में गृहलक्ष्मी टीम का हिस्सा हूं। पूर्व में मैंने दैनिक...