Overview: बच्चे के हाथ और मुंह में दिख रहे हैं छाले, कहीं ये HFMD तो नहीं, जानें क्या है ये
हैंड, फुट एंड माउथ डिजीज (HFMD) एक वायरल संक्रमण है, जो बच्चों में छाले का कारण बनता है। सही इलाज कराने से इसे कंट्रोल किया जा सकता है।
Cause of HFMD: बच्चे के मुंह, हाथ और पैर में निकलने वाले छोटे-छोटे दानें या छाले HFMD यानी हैंड, फुट एंड माउथ डिजीज की ओर इशारा करते हैं। ये एक आम वायरल संक्रमण है, जो मुख्य रूप से छोटे बच्चों, खासकर पांच साल से कम उम्र के बच्चों को प्रभावित करता है। यह डिजीज बच्चे को असहज महसूस कराती जिससे बच्चे कई बार खाना-पीना छोड़ देते हैं। इसमें बच्चे के हाथ, पैर और मुंह के आसपास छाले और चकत्ते दिखाई देते हैं। HFMD क्या है और ये कैसे फैलता है, चलिए जानते हैं इसके बारे में।
क्या है HFMD

HFMD एक संक्रामक बीमारी है, जो बच्चों के हाथ, पैर और मुंह के आसपास की त्वचा को प्रभावित करती है। इसके अलावा, मुंह के अंदर, जैसे होंठों के पीछे, गालों की भीतरी सतह, गले के पास और कभी-कभी नितंबों या जननांग क्षेत्र में भी छाले दिखाई दे सकते हैं। यह रोग बच्चों में बेचैनी, भूख न लगना और दर्द का कारण बन सकता है।
क्या है HFMD का कारण
HFMD का मुख्य कारण एंटरोवायरस समूह के वायरस हैं, जिनमें कॉक्ससैकी वायरस A16 और एंटरवायरस 71 सबसे आम हैं। ये वायरस संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से तेजी से फैलता है। जिन बच्चों की इम्यूनिटी कमजोर होती है वह इसके चपेट में अधिक आते हैं।
ऐसे हो सकता है HFMD
त्वचा के संपर्क से: अगर बच्चा किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आता है, जैसे गले लगने, हाथ मिलाने या गाल पर चुम्बन से, तो वायरस फैल सकता है।
खांसी या छींक से: संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली लार या बलगम की बूंदों के सांस के जरिए बच्चे तक वायरस पहुंच सकता है।
मल-मुंह मार्ग: अस्वच्छता के कारण, जैसे दूषित मल को छूने के बाद हाथ न धोने से वायरस फैल सकता है।
दूषित भोजन और पानी: दूषित भोजन या पानी के सेवन से भी यह रोग फैलता है।
दूषित सतहों को छूना: वायरस कपड़ों, दरवाजे के हैंडल, खिलौनों आदि पर जीवित रह सकता है।
बर्तनों का साझा करना: अगर बच्चा किसी संक्रमित व्यक्ति के साथ कप या बर्तन साझा करता है, तो वायरस फैल सकता है।
क्या हैं HFMD के लक्षण

बुखार: यह पहला लक्षण है, जो आमतौर पर 100.4°F (38°C) से कम होता है।
मुंह में छाले: बुखार के एक-दो दिन बाद मुंह में छोटे, तरल से भरे छाले दिखाई देते हैं, जो जीभ, मसूड़ों, गालों के अंदर और गले के पास हो सकते हैं।
हाथ और पैरों पर चकत्ते: छोटे, लाल-गुलाबी रंग के छाले हाथों और पैरों की हथेलियों और तलवों पर दिखाई देते हैं।
निगलने में दर्द: बच्चे को खाना या दूध निगलने में दर्द हो सकता है।
भूख में कमी: निगलने में दर्द के कारण बच्चा खाने-पीने से मना कर सकता है।
कैसे करें HFMD को मैनेज
– दवाईयां: चिकित्सकीय उपचार के माध्यम से बच्चे को राहत मिल सकती है।
– पर्याप्त तरल पदार्थ दें: दूध, पानी या ठंडे पेय पदार्थ बच्चे को हाइड्रेटेड रखते हैं और मुंह की जलन को कम करते हैं।
– तरल आहार दें: फल, सब्जी या दाल की प्यूरी और शोरबा खिलाएं। साथ ही स्तनपान सामान्य रूप से जारी रखें।
– दवा के बाद भोजन: बुखार और दर्द की दवा देने के 20-30 मिनट बाद भोजन कराएं।
– आराम: पर्याप्त आराम बच्चे की इम्यूनिटी को बढ़ाता है।
HFMD से बरतें सावधानियां
– बच्चे के हाथ नियमित रूप से गर्म पानी और साबुन से धोएं।
– खांसते या छींकते समय नाक और मुंह को ढकें।
– बच्चे को छूने से पहले अपने हाथ साफ करें।
– बच्चे के खिलौनों और घर की सतहों को एंटीसेप्टिक लिक्विड से साफ करें।
– बच्चे के बर्तनों को साझा न करें।
