Baby Care Tips: छोटे बच्चों को अतिरिक्त केयर की जरूरत होती है। कम उम्र में बच्चों को कई समस्याओं को सामना करना पड़ता है और इससे उन्हें नुकसान भी हो सकता है। अकसर ऐसा होता है कि जब बेबी बेड पर लेटा होता है या फिर सो रहा होता है तो ऐसे में अकसर वह बेड से नीचे गिर जाता है। जिसमें उसे चोट लगने की भी संभावना बनी रहती है। इसलिए अकसर बेबी को सुलाने के बाद मां उसके दोनों तरफ तकिया लगा देती है। लेकिन सिर्फ इस एक तकनीक को अपनाकर बेबी को बेड से गिरने से नहीं रोका जा सकता है। ऐसे कई तरीके हैं, जिन्हें अपनाकर आप अपने बेबी को गिरने से रोक सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में आपको ऐसे ही कुछ तरीकों के बारे में बता रहे हैं-
बेबी के लिए खरीदें छोटा बेड

आजकल मार्केट में वुडन के लंबे किनारे वाले पालने या बेबी बेड मार्केट में आसानी से मिलते हैं। अगर आप अपने बेबी के गिरने की संभावना को कम करना चाहती हैं तो ऐसे में आप उनके लिए इस बेबी बेड को खरीद सकती हैं। जब बच्चा खेलता है या फिर सो रहा होता है तो ऐसे में आप उसे उस पालने में लिटा सकती हैं। इससे बेबी बेड से नहीं गिरता है।
बेबी को बिठाएं फर्श पर

यह भी एक तरीका है बेबी को बेड पर गिरने से बचाने का। अगर आप चाहती हैं कि आप गैर-मौजूदगी में बेबी बिस्तर से ना गिरे तो ऐसे में आप फर्श पर कालीन व उस पर गद्दे बिछा सकती हैं। इससे बच्चे को खेलने के लिए एक अच्छी जगह मिलेगी। साथ ही साथ, इससे उसके गिरने की भी कोई संभावना नहीं होगी।
बेबी के खरीदें बेड प्रोटेक्टर
अगर आप एक ऐसे उपाय को अपनाना चाहती हैं जो अफोर्डेबल व आसान हो। तो ऐसे में बेड प्रोटेक्टर को खरीदना एक अच्छा विचार हो सकता है। ये बेड प्रोटेक्टर ऑनलाइन व ऑफलाइन आसानी से मिल जाते हैं। चूंकि ये रिमूवेबल होते हैं, इसलिए जब बच्चा बेड पर है तो आप इसे लगा सकती हैं और अपने बेबी को प्रोटेक्ट कर सकती हैं। वहीं, जब आपको इसकी जरूरत ना हो तो आप इसे हटा सकती हैं। यह बेड प्रोटेक्टर काफी कम दाम में मिलते हैं, इसलिए आपको बहुत अधिक पैसे खर्च करने की भी जरूरत नहीं है।
दीवार के साथ लगाएं बेड

यह एक आसान ट्रिक है जो बच्चे को गिरने से बचा सकती है। अगर आपका बेबी बेड पर रोल करना पसंद करता है तो ऐसे में उसके गिरने की संभावना को खत्म करने के लिए अपने बेड की प्लेसिंग को चेंज करें। आप बेड को दीवार के साथ लगाएं। इससे एक तरफ से बेबी आसानी से प्रोटेक्ट हो जाएगा। दूसरी तरफ से आप बेबी बीन बैग या तकिए का इस्तेमाल कर सकती हैं। यह एक बैरियर के रूप में काम करेगा और आपके बेबी को गिरने से रोकेगा।
अपने बेबी के साथ सोएं

बच्चे के साथ सोने से भी बेबी के बिस्तर से गिरने की संभावना कम हो सकती है। जब आप अपने बेबी के साथ सोती है तो इससे ना केवल आप उसे प्रोटेक्ट करती हैं, बल्कि इससे बच्चा खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करता है। साथ ही साथ, इससे आप दोनों को भी एक अच्छी नींद लेने में मदद मिलती है। इसलिए, कोशिश करें कि आपका और बेबी के सोने का समय एक ही हो।
फर्श पर बिछाएं कालीन

कई बार ऐसा होता है कि तमाम सावधानियां बरतने के बावजूद भी बेबी फर्श से गिर जाता है। जिससे उसके गंभीर रूप से चोटिल होने की संभावना बढ़ जाती है। बेबी के साथ ऐसी कोई दुर्घटना ना हो, इसके लिए आप अतिरिक्त सावधानी बरत सकती हैं। मसलन, आप बेड के साइड में फर्श पर एक नरम कालीन बिछाएं। इससे अगर बच्चा गिर भी जाता है, तो उसे चोट नहीं लगती है।
फोम रोल की लें मदद

यह एक आसान ट्रिक है, जो आपके बेहद काम आ सकती है। इसके लिए आप दो फोम रोल लें। कोशिश करें कि उसकी लेंथ आपके बेड की लेंथ के समान हों। आप एक पतली फोम रोल लें और दूसरी उससे मोटी। आप मोटी फोम रोल के भीतर पतली फोम रोल लगाएं। अब आप इसे बेड के साइड में रखें और फिर अपने बेड पर चादर बिछाकर उसे रेडी करें। यह फोम रोल एक तरह से बेड प्रोटेक्टर के रूप में ही काम करेगा। अगर बच्चा सोते हुए बेड के कॉर्नर पर आ भी जाता है तो भी वह इस फोम रोल के कारण वहीं रूक जाएगा और नीचे गिरने से बच जाएगा।
बेड बंपर का करें इस्तेमाल

मार्केट में कई तरह के बेड बंपर मिलते हैं। ये भी एक तरह से बेड बैरियर के रूप में काम करते हैं और बेबी को नीचे गिरने से रोकते हैं। आप अपने बेड के डिजाइन व साइज के अनुसार मार्केट से बेड बंपर को खरीद सकते हैं। आजकल मार्केट में रेलिंग वाले बेड बंपर से लेकर सॉफ्ट टॉयज के रूप में बेड बंपर भी मिलते हैं। आप उन्हें भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा, अगर आप चाहें तो एक कंबल या बड़े तौलिये को रोल करके उसे भी इस्तेमाल कर सकते हैं। आप इसे एक अलग शीट के नीचे रखें जिसे आपने गद्दे पर रखा है, इससे आपके बच्चे के लिए बाहर रोल करना बहुत मुश्किल हो जाता है।