Overview:
शरीर के लिए हाइड्रेशन आपकी सोच से ज्यादा महत्वपूर्ण है। इससे शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है। शरीर में मौजूद टॉक्सिक पदार्थों को बाहर निकालने में मदद मिलती है।
Right Way to Drink Water: गर्मी के मौसम ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। तीखी धूप, गर्म हवाएं और हलक सुखा देने वाला यह मौसम अपने साथ कई चुनौतियां और परेशानियां लेकर आता है। हालांकि कुछ सावधानियां आपको इनसे बचा सकती हैं। इस मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। ऐसे में पानी का लगातार सेवन करना चाहिए। लेकिन कहीं इस काम में भी आप गलतियां तो नहीं कर रहे। जी हां, पानी पीने के भी कुछ नियम हैं। आइए जानें, क्या हैं ये।
इसलिए गर्मियों में जरूरी है हाइड्रेशन

गर्मियों में शरीर को पूरी तरीके से हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। आपको भले ही यह गैरजरूरी लगे। लेकिन असल में हर थोड़ी देर में आपको पानी या अन्य लिक्विड पीते रहना चाहिए। दरअसल, गर्मी के मौसम में शरीर से पसीना ज्यादा निकलता है। जिसके कारण शरीर में पानी कम हो जाता है। इसे पानी से पूरा किया जा सकता है।
ढेर सारे फायदे हैं हाइड्रेशन के
शरीर के लिए हाइड्रेशन आपकी सोच से ज्यादा महत्वपूर्ण है। इससे शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है। शरीर में मौजूद टॉक्सिक पदार्थों को बाहर निकालने में मदद मिलती है। इतना ही नहीं सही हाइड्रेशन से जोड़ों में चिकनाई बनी रहती है। जिससे आपके अंग ठीक तरीके से काम करते हैं। इससे शरीर में ऊर्जा बनी रहती है। जब आप पर्याप्त पानी पीते हैं तो शारीरिक ही नहीं, मानसिक सेहत भी बेहतर रहती है।
डिहाइड्रेशन के नुकसान
गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन होना एक आम समस्या है। इसके कारण आप हीट स्ट्रोक का शिकार हो सकते हैं। इसी के साथ चक्कर आना, सिरदर्द, घबराहट होना, मांसपेशियों में ऐंठन, थकान और सुस्ती आदि लक्षण महसूस हो सकते हैं। इसलिए शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए दिनभर में पर्याप्त पानी का सेवन करना चाहिए। आप नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ, ग्रीन टी और हर्बल टी पी सकते हैं।
सही तरीके से पिएं पानी
शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करना सबसे अच्छा माना जाता है। लेकिन अधिकांश लोग पानी सही तरीके से पीने का तरीका नहीं जानते हैं। ऐसे में उन्हें फायदे के साथ ही कुछ नुकसान भी हो सकते हैं। हाल ही में ओलंपिक स्पोर्ट्स न्यूट्रिशनिस्ट रयान फर्नांडो ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके वो 3 गलतियां बताई हैं, जो अक्सर लोग पानी पीने के दौरान करते हैं।
1. एक साथ ज्यादा पानी पीना
आमतौर पर जब लोगों को बहुत ज्यादा प्यास लगती है तो वो एक साथ एक लीटर पानी पी जाते हैं। लेकिन ऐसा करना आपके लिए खतरनाक हो सकता है। इससे आपका पाचन तंत्र धीमा हो सकता है। साथ ही ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है। इसलिए पानी हमेशा छोटा-छोटा घूंट भर कर पिएं। इससे शरीर हाइड्रेट रहेगा। एक बार में 200 एमएल से ज्यादा पानी नहीं पिएं।
2. खड़े होकर पानी पीना
हमारे बड़े बुजुर्ग हमेशा बोलते हैं कि पानी बैठकर आराम से पीना चाहिए। दरअसल इसके पीछे एक अहम कारण है। रयान फर्नांडो के अनुसार जब खड़े होकर एक साथ ज्यादा पानी पीते हैं तो कई समस्याएं हो सकती हैं। एक बार में ज्यादा पानी पीने से शरीर के फिल्ट्रेशन सिस्टम पर असर पड़ता है। वह धीमा पड़ सकता है। इससे किडनी और पाचन तंत्र पर अतिरिक्त भार पड़ने की आशंका रहती है। इसलिए पानी हमेशा बैठकर पिएं।
3. बहुत ज्यादा ठंडा पानी कितना अच्छा
गर्मी के मौसम में हर किसी को ठंडा पानी पीना पसंद होता है। इससे ताजगी महसूस होती है। लेकिन यह आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक है। इससे आपके पाचन तंत्र पर असर होता है। यह डाइजेशन को कम कर सकता है। इसलिए हमेशा रूम टेंप्रेचर वाला पानी ही पीना चाहिए। हो सके तो गुनगुने पानी का सेवन करें। इससे पाचन तंत्र भी दुरुस्त रहता है।
