Overview:
दिवाली के नौ दिनों में नवग्रह पूजा करने के लिए नौ दीयों की एक थाली पूजन करना चाहिए। हालांकि अगर आपके पास समय नहीं है तो आप यह उपाय सालभर में कभी भी कर सकते हैं। इन दीयों से आरती करें और फिर इन्हें अपने घर के केंद्र में रखें जिससे ऊर्जा सभी दिशाओं में प्रवाहित होती है।
Navgrah Pooja on Diwali: जीवन में सुख समृद्धि और वैभव पाने के लिए यह बहुत जरूरी है कि आप अपने नवग्रहों को प्रसन्न रखें। ऐसे में आपको हर काम में सफलता मिलेगी। जीवन की सभी कठिनाइयां दूर होंगी। साथ ही नौ ग्रहों को प्रसन्न करने से आपको पर मां लक्ष्मी का भी आशीर्वाद प्राप्त होगा। इसके लिए दिवाली के दौरान लगातार नौ दिनों तक एक छोटा सा अनुष्ठान करके आप नौ ग्रहों की स्थिति सुधार सकते हैं।
नौ दीयों से खुश करें नवग्रह

हाल ही में मशहूर एस्ट्रोलॉजर जय मदान ने बताया कि नवग्रहों को प्रसन्न करने के लिए दिवाली का समय सबसे अच्छा है। दिवाली के नौ दिनों में नवग्रह पूजा करने के लिए नौ दीयों की एक थाली पूजन करना चाहिए। हालांकि अगर आपके पास समय नहीं है तो आप यह उपाय सालभर में कभी भी कर सकते हैं। इन दीयों से आरती करें और फिर इन्हें अपने घर के केंद्र में रखें जिससे ऊर्जा सभी दिशाओं में प्रवाहित होती है।
गुरु को करें प्रसन्न
गुरु ग्रह को धन, भाग्य, ज्ञान, शिक्षा और विवाह का ग्रह माना जाता है। इस ग्रह के प्रसन्न रहने से आपके जीवन की कई परेशानियां दूर होंगी। गुरु की कृपा पाने के लिए आप घी के दीपक में गुड़ डालें।
चंद्रमा को करें मजबूत
चंद्रमा ग्रह यानी चंद्र ग्रह आपके जीवन में शांति, स्थिरता और प्रसन्नता लाता है। यह आपके रिश्तों को मजबूत और मधुर बनाता है। इसे सफलता का ग्रह भी माना जाता है। इस ग्रह की कृपा पाने के लिए आप घी के दीपक में चावल डालें।
मंगल ग्रह से होंगे मंगल कार्य
आपका मंगल ग्रह मजबूत होने का सीधा मतलब है कि आपके जीवन का हर काम बहुत आसानी से होगा। जीवन में मंगल ही मंगल होगा। यह ग्रह आत्मविश्वास, साहस और ऊर्जा का प्रतीक है। इससे करियर में सफलता और तरक्की मिलती है। यह ग्रह धन-दौलत और जमीन जायदाद से भी जुड़ा है। इस ग्रह को मजबूत करने के लिए आप घी के दीपक में मसूर की दाल डालें।
प्रसन्नता बढ़ाता है बुध ग्रह
बुध ग्रह आपके जीवन में प्रसन्नता का संचार करता है। इससे जीवन में खुशहाली आती है। यह बुद्धि, संचार और कौशल का ग्रह माना जाता है। इसके प्रभाव से व्यक्ति को नौकरी हो या व्यापार, सभी में सफलता मिलती है। बुध को सक्रिय करने के लिए घी के दीपक में 3 हरी इलायची डालें।
राहु और शनि को खुश रखना जरूरी
माना जाता है कि अगर आपका राहु सही है और आप पर शनि की अच्छी दृष्टि है तो जीवन में सफलता को कोई नहीं रोक सकता है। राहु ग्रह के प्रसन्न होने पर व्यक्ति को मान-सम्मान, यश, प्रतिष्ठा और धन लाभ मिलता है। आगे से आगे आपकी तरक्की होती है और धन वैभव आता है। वहीं शनि देव की कृपा से इंसान को सफलता, सुख-समृद्धि और सम्मान मिलता है। इन दोनों ग्रहों को प्रसन्न करने के लिए आप घी के दीपक में 10 लौंग डालें।
केतु से मिलती है शक्ति
केतु ग्रह शक्ति, मोक्ष और ध्यान-अध्यात्म का ग्रह माना जाता है। यह जीवन में मानसिक शांति लाता है। केतु को प्रसन्न करने के लिए घी के दीपक में काले-सफेद तिल डालें।
शुक्र देगा सुख सुविधाएं
जिन लोगों पर शुक्र ग्रह की कृपा रहती है, उनके जीवन में सभी सुख सुविधाएं अपने आप चलकर आती हैं। यह प्रसन्नता का ग्रह है, जो जीवन में धन-दौलत, ऐश्वर्य लाता है। इससे आपका वैवाहिक जीवन सुखद रहता है। जीवन में विलासिता और आराम भी इसी ग्रह की कृपा से मिलता है। शुक्र की कृपा पाने के लिए दीपक में गुलाब की पंखुड़ियां डालें।
