nandini gupta miss world 2025
nandini gupta miss world 2025

Overview:

मिस वर्ल्ड पेजेंट 2025 इस साल भारत के लिए कई मायनों में खास है। इस साल इस प्रतिष्ठित पेजेंट का आयोजन हैदराबाद में किया जा रहा है।

Nandini Gupta Miss World 2025: मिस वर्ल्ड पेजेंट 2025 इस साल भारत के लिए कई मायनों में खास है। इस साल इस प्रतिष्ठित पेजेंट का आयोजन हैदराबाद में किया जा रहा है। इसमें 21 वर्षीय मिस इंडिया 2023 नंदिनी गुप्ता भारत को रिप्रेजेंट कर रही हैं। ऐसे में 31 मई को होने वाले 72वें मिस वर्ल्ड पेजेंट पर भारत के साथ ही ​दुनियाभर की नजरें हैं। वहीं नंदिनी गुप्ता इस मंच पर भारत की संस्कृति को खूबसूरती से पेश करती नजर आ रही हैं।

किसान परिवार की बेटी नंदिनी

नंदिनी गुप्ता एक किसान परिवार से हैं। उनका बचपन खेत खलिहानों के बीच बीता है। राजस्थान के कोटा में पली बड़ी नंदिनी बचपन से ही पूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या राय को अपना आदर्श और प्रेरणा मानती रही हैं। आज भी वह उन्हीं के कदमों पर चलकर विश्व सुंदरी का खिताब अपने नाम करना चाहती हैं। नंदिनी ने बिजनेस मैनेजमेंट स्टडीज पूरी की। लेकिन बचपन से ही उनका सपना मॉडल बनना था। जब उन्होंने इस बारे में अपने पेरेंट्स को बताया तो इस पर काफी चर्चा हुई। लेकिन माता-पिता ने उनका साथ दिया और आज वह पेजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

संजोया मिस वर्ल्ड का सपना

एक इं​टरव्यू में नंदिनी ने बताया कि उन्हें आज भी वह दिन याद है, जब उन्होंने माता-पिता को अपने सपने के बारे में बताया था। नंदिनी ने बताया कि उन्होंने फिल्म देवदास देखी थी। उसमें ऐश्वर्या राय की खूबसूरती से वह बहुत ज्यादा इंप्रेस हुईं। उन्होंने अपनी मम्मी से पूछा, वह कौन है। मम्मी ने बताया, मिस वर्ल्ड है। नंदिनी कहती हैं कि उन्होंने यह शब्द कभी नहीं सुना था। उनके लिए यह नया शब्द था। तब मम्मी ने बताया कि मिस वर्ल्ड बनने के लिए पहले अपने राज्य और फिर देश को रिप्रेजेंट करना होता है। उसी पल नंदिनी ने सोच लिया कि उन्हें भी मिस वर्ल्ड बनना है। इस सफर की शुरुआत ऐश्वर्या राय से हुई।

ऐसे शुरू हुआ सफर

नंदिनी अपने सपने को पूरा करने के लिए पूरी तरह से तैयार होना चाहती थीं। इसलिए उन्होंने मुंबई जाने का फैसला किया। लेकिन उनके पिता ने कहा कि ऐसा तब ही संभव है जब वह अपनी पढ़ाई में कम से कम 90 प्रतिशत अंक लाएंगी। ऐसे में नंदिनी ने पढ़ाई पर फोकस किया। नंदिनी कहती हैं कि इसी का नतीजा है कि आज उनके पास बिजनेस मैनेजमेंट की डिग्री है। और मात्र 19 साल की उम्र में वह मिस इंडिया 2023 बनीं।

भविष्य को लेकर ये है प्लान

नंदिनी ने बताया कि मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम करने के साथ ही वह बॉलीवुड में भी करियर बनाना चाहती हैं। वह अलग-अलग किरदार निभाना चाहती हैं। हालांकि वह एक्टिंग और बॉलीवुड में काम करने के बारे में कुछ खास नहीं जानती हैं। इसलिए एक्टिंग स्किल्स बढ़ाने के लिए वह वर्कशॉप और ट्रेनिंग करना चाहती हैं।

साउथ फिल्म इंडस्ट्री पर भी नजर

नंदिनी कहती हैं कि कोई भी राह आसान नहीं होती। कुछ पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होती है। और वह इसके लिए तैयार हैं। बॉलीवुड के साथ ही साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी नंदिनी काम करना चाहती हैं। उन्होंने कहा​ कि मैं साउथ की फिल्मों में ​नंदिनी नाम से कोई किरदार निभाना चाहती हूं। क्योंकि ऐश्वर्या राय ने भी ऐसा किरदार निभाया है।

मैं अंकिता शर्मा। मुझे मीडिया के तीनों माध्यम प्रिंट, डिजिटल और टीवी का करीब 18 साल का लंबा अनुभव है। मैंने राजस्थान के प्रतिष्ठित पत्रकारिता संस्थानों के साथ काम किया है। इसी के साथ मैं कई प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबों की एडिटर भी...