Mosquito Repellent Plants : गर्मी और बरसात का सीजन अपने साथ मच्छरों की फौज लेकर आता है, जो स्वास्थ्य पर बड़ा हमला करने को हमेशा तैयार रहते हैं। मच्छर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी अलग अलग खतरनाक बीमारियों का खतरा बढ़ाते हैं। मच्छरों से फैलने वाले रोगों की संख्या बढ़ती जा रही है, यहां तक की मच्छरों के काटने से फैले रोग मौत का कारण भी बन सकते हैं।
ऐसे में अपने स्वास्थ्य का बचाव करना बेहद जरूरी हो जाता है। घर में खुले पानी को इकट्ठा ना होने दें और पेड़ पौधों के आस पास सफाई का खास ख्याल रखें। मच्छरों को घर से दूर भगाने के लिए कुछ खास पौधे उगाए जा सकते हैं। मच्छरों को कुछ पौधों की महक से परेशानी होती है, इसलिए ये उन्हें दूर रखने का सबसे आसान और कारगर उपाय हो सकते हैं। आइए जानते हैं, मच्छरों को घर से दूर भगाने के लिए गमलों में कौन से पौधे लगाए जा सकते हैं।
मच्छरों को घर से दूर भगाने में काम आते हैं ये पौधे
गेंदा

यह फूल सदाबहार है, घर को सजाने के साथ ही मच्छरों को भगाने में भी ये आपकी मदद कर सकता है। गेंदे के पौधे आसानी से गमलों या किसी भी छोटी जगह पर लगाए जा सकते हैं। इस पेड़ की महक से मच्छर दूर भागते हैं और घर के आस-पास यह फूल होने से मच्छर घर के पास नहीं मंडराते। गेंदे के फूल को ज्यादा देखरेख की जरूरत नहीं पड़ती मगर इसके फायदे इसे बाल्कनी और गार्डन की जरूरत बना सकते हैं।
लेमन ग्रास

अक्सर घरों में लेमन ग्रास के पौधे लगाए जाते हैं, पर शायद ही लोगों को पता है कि ये लेमनग्रास मच्छरों को दूर भगाने में कितनी सहायक हो सकती है। लेमन ग्रास को मच्छर भगाने वाली दवाइयां में तक उपयोग किया जाता है। ताजगी से भरी ये हर्ब आपके घरों को मच्छरों से सुरक्षा प्रदान कर सकती है। इसकी महक जितनी अच्छी और फ्रेश होती है, मच्छर भगाने में ये उतनी ही प्रभावशाली भी है।
लहसुन

सब्जियों में स्वाद घोलने वाला लहसुन मच्छरों को घर से दूर भगाने में भी मददगार होता है। एक ओर जहां लहसुन खाने को महकाता है, वहीं दूसरी ओर इसका पौधा मच्छरों को घर से दूर भगा देता है। लहसुन का सेवन बॉडी को मच्छरों से इम्यून कर देता है, इसके सेवन से ब्लड में मच्छरों को ना पसंद आने वाली महक घुल जाती है और मच्छर पास नहीं भटकते हैं। लहसुन का पौधा अपने गार्डन में लगाना आपको ढेरों फायदे देगा, इसे औषधि से रूप में भी उपयोग किया जाता है और मच्छरों का खात्मा तो इसका गुण है ही।
नीम

औषधियों की बात की जाए और नीम पीछे रह जाए ऐसा हो ही नहीं सकता है। नीम घर में लगाने के ढेरों फायदों में से एक मच्छरों और दूसरे कीड़े मकोड़ों से सुरक्षा भी है। घर में नीम का पेड़ होने से सभी छोटे कीड़े मकोड़े दूर रहते हैं। इसके एंटीऑक्सीडेंट और एयर प्यूरिफाइंग गुण इसे घर में लगाना जरूरी कर देते हैं।
यह भी पढ़ें: सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने के लिए अपनाएं ये वास्तु टिप्स, घर में बनी रहेगी सुख-शांति: Vastu Shastra Remedies
लैवेंडर

आपने कभी ना कभी लैवेंडर फ्लेवर की मॉस्किटो कॉइल घर में अवश्य प्रयोग की होगी। एक ओर लैवेंडर के फूल घर को सजाते हैं, वहीं दूसरी ओर मच्छरों को घर से दूर रखने में मदद करते हैं। लैवेंडर ऑयल का उपयोग करने से भी मच्छरों से सुरक्षा बरती जा सकती है। आज ज्यादातर मॉस्किटो कॉइल ब्रांड्स लैवेंडर को उपयोग में लाती ही हैं।
तुलसी

घर का आंगन सजाने वाली तुलसी मच्छरों से बचाव के लिए सुरक्षा कवच भी तैयार करती है। तुलसी का पौधा हर घर में पाया ही जाता है। इसकी महक से मच्छर घर से दूर रहते हैं, आंगन या खिड़कियों के पास तुलसी का पौधा लगा के रखना मच्छरों से बचने का अच्छा तरीका हो सकता है।
