नर्सरी में प्लांट्स की शॉपिंग करते समय इन 6 बातों का रखें ध्यान: Gardening Tips
नर्सरी से पौधे खरीदने के दौरान कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है, तभी हमारे गार्डन में पौधे अच्छी तरह से लग पाते हैं।
Plants Shopping Tips: कई लोगों को अपने घर में छोटे पेड़-पौधे लगाना बेहद पसंद होता है, लेकिन उनकी देखभाल करना बेहद मुश्किल काम है। यदि आपको भी गार्डनिंग का शौक है और आप अपने घर पर छोटा सा गार्डन बनाना चाहते हैं और उसके लिए नर्सरी जाकर पौधे खरीदने वाले हैं, तो आपको कुछ बातों का ध्यान रखने की जरूरत है। दरअसल, नर्सरी से पौधे खरीदने के दौरान कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है, तभी हमारे गार्डन में पौधे अच्छी तरह से लग पाते हैं। आइए जानते हैं की नर्सरी से पौधे खरीदने के दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
Also read: घर में लगाएं ऑक्सीजन प्रदान करने वाले पौधे: Oxygen Plants for Home
पौधे का साइज

पौधे खरीदने से पहले हमेशा उसके साइज का ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि आजकल मार्केट में मौजूद हर छोटे और बड़े पौधे के अपने फायदे और नुकसान होते हैं। कोई पौधा सिर्फ एक या दो फीट का होता है और आसानी से गार्डन में लग जाता है, जबकि कुछ पौधे ज्यादा लंबे होते हैं तो वह आपके गार्डन में आसानी से नहीं लग पाते हैं। इसलिए जब भी आप पौधे खरीदें, तो उसका साइज अपने बजट और अपने घर की जगह के अनुसार ही चुनें।
कमजोर पौधे न लें
अगर आप नर्सरी या मार्केट कही से भी पौधा खरीद रहे हैं तो पौधे को घर लाने से पहले उसे अच्छी तरह चेक करना बहुत जरूरी है। आप ऐसे किसी भी पौधे को न लाएं, जो कमजोर दिखे या फिर टूटे हो। वहीं अच्छे पौधे की पत्तियां नरम और ताजी नज़र आती हैं। आप ऐसे पौधे बिल्कुल ना खरीदे जिनकी पत्तियां धब्बे और पीले दागों से भरी हुई है क्योंकि ऐसे पौधों को बीमार माना जाता है।
लेबल पढ़े
पौधे को खरीदते समय उसके लेबल को ठीक से पढ़ना भी बहुत जरूरी होता है, क्योंकि लेबल को अच्छी तरह से पढ़ने से आपको पौधे के लिए पानी और फर्टिलाइजर की जरूरत के बारे में जानकारी मिल जाती है. इसके साथ ही कुछ लेबल पौधे के रखरखाव के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी देते हैं। वहीं कुछ नर्सरी वाले अपने पौधे में लेबल नहीं लगाते हैं ऐसे में आप पौधा खरीदने से पहले उसका नाम एक बार इंटरनेट पर जरूर सर्च कर लें।
कलियों वाला पौधा खरीदे

लोगों को हमेशा नन्हीं कलियों से भरा पौधा ही खरीदना चाहिए, क्योंकि जिन पौधों में पहले से ही ज्यादा फूल लगे होते हैं, उनमें बाद में फूल खिलने की संभावना खत्म हो जाती है।
नर्सरी का भी ध्यान रखें
हमेशा पौधे की खरीदारी किसी अच्छी नर्सरी से करें, क्योंकि वे कस्टमर का विश्वास खोना नहीं चाहते और उन्हें स्वस्थ पौधे देते हैं। ऐसे में पौधे खरीदते समय अगर आप इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखेंगे, तो आपको उचित कीमत पर अच्छे पौधे मिल जाएंगे और आपका गार्डन हमेशा हरा-भरा रहेगा।
पौधा चेक करें

कुछ पौधों को सपोर्ट की जरूरत होती है इसलिए नर्सरी वाले उन्हें लकड़ी के सहारे बांध देते हैं। पौधा खरीदते समय उसके बांधने के निशान को देख ले क्योंकि कई बार पौधे को इतनी सख्ती से बांधा जाता है कि उसकी तने कमजोर होकर सूखने लगती है।
