Iron Cleaning: कहते हैं कि फर्स्ट इंप्रेशन इज़ लास्ट इंप्रेशन। जब आप किसी के सामने होते हैं तो आपसे बात करने से पहले आपके कपड़ों से ही व्यक्ति आपके बारे में काफी कुछ अंदाजा लगा लेता है। यही कारण है कि व्यक्ति खुद को अप टू डेट रखना चाहता है। किसी भी कपड़े में अपने लुक को बेहतर बनाने के लिए आपको कपड़ों को आयरन करना बेहद जरूरी होता है। लेकिन कभी-कभी जब आप कपड़े को आयरन करते हैं तो उस दौरान कपड़ा आयरन से चिपक जाता है। ऐसे में प्रेस जल जाती है।
इस स्थिति में जब उस प्रेस का इस्तेमाल किया जाता है तो इससे अन्य कपड़े खराब होने का डर भी बना रहता है। इसलिए, यह जरूरी है कि आप पहले अपने आयरन को क्लीन करें। आप आयरन को क्लीन करने के लिए कुछ आसान हैक्स की मदद ले सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ हैक्स के बारे में बता रहे हैं-
1) सिरका आएगा काम

अगर आपकी प्रेस जल गई है तो उसे क्लीन करने में सिरका आपके बेहद काम आ सकता है। इसके लिए आपको बस इतना करना है कि आप एक बर्तन में 2 चम्मच सिरका और 1 चम्मच नमक डाल कर उसे अच्छी तरह मिक्स करें। अब आप इसे किसी मोटे ब्रश की मदद से आयरन पर लगाएं और उसे क्लीन करें। अंत में, एक कपड़े की मदद से आयरन को पोंछकर साफ कर लें।
2) टूथपेस्ट की लें मदद

अमूमन हम टूथपेस्ट की मदद से अपने दांतों को साफ करते हैं, लेकिन यह आपकी जली हुई आयरन को साफ करने में भी मदद कर सकता है। इसके लिए आप आपनी आयरन पर थोड़ा कोलगेट लगाएं, लेकिन ध्यान रखें कि आपकी प्रेस गरम ना हो। अब आप किसी कपड़े की मदद से आयरन को रगड़ कर साफ करें। अब आप आयरन को 5 मिनट के लिए किसी पुराने कपड़े पर स्टीम करें। ऐसा करने से आयरन में मौजूद टूथपेस्ट आसानी से रिमूव हो जाएगा।
3) बेकिंग सोडा से करें सफाई

बेकिंग सोडा का इस्तेमाल अमूमन हम खाना पकाने के दौरान करते हैं, लेकिन यह एक बेहतरीन क्लीनिंग एजेंट की तरह भी काम करता है। आप इसकी मदद से अपनी जली हुई प्रेस को आसानी से साफ कर सकते हैं। इसे इस्तेमाल करने के लिए आप एक कटोरी में एक चम्मच बेकिंग सोडा और एक चम्मच पानी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। अब आप इस पेस्ट को आयरन पर लगाएं और हल्का रब करें। इसके बाद आप किसी दूसरे साफ गीले कपड़े की मदद से इसे पोंछे। आपकी आयरन पर कोई बेकिंग सोडा ना रह जाए, इसके लिए आप करीबन 5 मिनट के लिए किसी कपड़े पर स्टीम करें।
4) डिटर्जेंट को लाएं काम में

डिटर्जेंट कपड़ों की क्लीनिंग के साथ-साथ आयरन की क्लीनिंग में भी आपकी मदद कर सकता है। बस आप पानी में थोड़ा डिटर्जेंट डालें और झाग आने तक इसे मिलाएं। इसके बाद, फिर किसी कपड़े की मदद से आयरन को साफ करें। आप देखेंगे कि आपकी आयरन अच्छी तरह क्लीन हो गई है।
5) पेरासीटामोल का करें इस्तेमाल

सुनने में आपको शायद अजीब लगे, लेकिन पेरासीटामोल भी आयरन क्लीनिंग में काफी मददगार साबित हो सकता है। आपने अब तक तबियत खराब होने पर पेरासीटामोल का इस्तेमाल किया होगा, जबकि वास्तव में यह आयरन पर जले हुए दाग को आसानी से साफ कर सकते हैं। इसके इस्तेमाल के लिए सबसे पहले प्रेस को ऑन करें और हल्का गर्म होने के बाद इसे ऑफ कर दें। अब आप एक पेरासीटामोल की गोली को पकड़ कर प्रेस पर घिसना शुरू करें और फिर इसे कपड़े से साफ करें। अब आप दोबारा आयरन को ऑन करें और फिर से इसी प्रोसेस को दोहराएं। इससे आपकी प्रेस पर जले हुए निशान आसानी से हट जाएंगे।
6) सैंडपेपर का करें इस्तेमाल

प्रेस की सतह पर लगी जंग और जले हुए निशान को आसानी से हटाने के लिए आप सैंडपेपर का इस्तेमाल करें। इससे आपका आयरन अधिक बेहतर तरीके से क्लीन हो पाएगा। इसके लिए आपको बस इतना करना है कि आप आयरन की सतह पर पानी की छींटे मारकर उसे भिगो लें। इसके बाद सैंडपेपर की मदद से प्रेस की सतह को कुछ देर तक रब करें। फिर इसे साफ कपड़े से पोंछ दें। पहली बार में ही आपकी आयरन काफी हद तक साफ हो जाएगी।
7) बेकिंग सोडा और नींबू

बेकिंग सोडा और नींबू को मिक्स करके भी जली हुई आयरन को बेहद आसानी से साफ किया जा सकता है। इसके लिए आप एक छोटी कटोरी में 2 चम्मच बेकिंग सोडा डालें और एक नींबू का रस डालें। अब आप इसे एक कॉटन की मदद से आयरन के जले हुए हिस्से पर लगा दें। करीबन 5 मिनट बाद किसी ब्रश की मदद से इसे रगड़ें। ऐसा करने से आपकी आयरन अधिक बेहतर तरीके से क्लीन होगी। अब आप इसे एक हल्के गीले कपड़े से पोंछें। इसके बाद आप आयरन की मदद से किसी कपड़े को स्टीम करें, जिससे आयरन पर मौजूद बेकिंग सोडा व नींबू आसानी से रिमूव हो जाए। अगर आपके पास बेकिंग सोडा नहीं है तो भी आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप सिर्फ नींबू की मदद से भी आयरन क्लीन कर सकते हैं। इसके लिए आप कॉटन बॉल को नींबू के रस में डिप करें और फिर इसकी मदद से आयरन को रब करें। करीबन दस मिनट बाद किसी दूसरे कपड़े की मदद से इसे साफ करें।
