Monsoon Home Makeover: मिट्टी की भीनी-भीनी खुशबू, धीमी-धीमी बारिश, ठंडी-ठंडी हल्की हवा … जी हां, ऐसा ही नज़ारा होता है मॉनसून का। ऐसे में मूड को और खुशमिज़ाज़ बनाने के लिए क्यों न घर की सजावट में भी कुछ बदलाव करें।
मॉनसून ने दस्तक दे दी है। ऐसे में आप घर की साज-सज्जा में कुछ बदलाव कर सकती हैं। फिर चाहे वह घर के पेंट का रंग बदलने की बात हो या फिर डाइनिंग हॉल में लेटेस्ट कटलरी रखने की। बारिश के इस मौसम में आप कुछ हल्के-फुल्के बदलाव करके घर की सुंदरता में चार-चांद लगा सकती हैं। वह, कैसे आइए जानें-
Also read: सिजलिंग फूड जो मूड बना दे रोमांटिक
डेकोरेशन हो कुछ खास

इस मॉनसून सीजन में लिविंग रूम को नया और एकदम डिफरेंट लुक देने के लिए चटक लाल कलर के शेड वाले पेंट से दीवारों को रंगें। पेंटिंग से भी दीवारों की खूबसूरती बढ़ा सकती हैं। बारिश के मौसम में नैचुरल लाइट की थोड़ी-सी प्रॉब्लम होती है, जिससे घर बहुत डल लगने लगता है। इसके लिए घर के कोनों को सजाना ना भूलें। कलरफुल अम्ब्रेला स्टैंड, फ्लोर लैम्प, लैंटर्न आदि से घर के कोनों को जगमगाएं।
डाइनिंग टेबल को सुंदर बनाएं

इसी तरह से डाइनिंग टेबल पर सुंदर-सुंदर डिज़ाइन के कलरफुल टेबलमेट भी इस्तेमाल कर सकती हैं, जिससे डाइनिंग टेबल की खूबसूरती तो बढ़ेगी ही, साथ ही मेहमानों को भी घर में कुछ नया बदलाव नज़र आएगा।
हल्के पर्दे लगाएं
इस मौसम में भारी कढ़ाई वाले पर्दों की जगह हल्के पर्दे टांगें, जिससे हवा आसानी से आ-जा सके। घर को अलग और रिफ्रेशिंग लुक देने के लिए आप फिरोजी, हरा, एक्वा, यलो रंग के पर्दे भी लगा सकती हैं।
बालकनी को दें न्यू लूक

बालकनी घर का अहम हिस्सा होता है। मॉनसून सीजन में बालकनी में बैठने का अपना अलग ही मज़ा है। अगर आपको भी बारिश की बूंदों की आवाज़ पसंद है और इसे आप अच्छे से महसूस करना चाहती है, तो इसके लिए आप बालकनी में विंड चाइम लगाएं। हवा चलने के साथ जब विंड चाइम की मीठी-मीठी आवाज़ बारिश की बूंदों के साथ आपके कानों में पड़ेगी तो मन एकदम प्रसन्न हो उठेगा।
दुर्गंध को कहें न
मॉनसून के दिनों में घर में सीलन से दुर्गंध आना आम बात है, इसलिए बारिश के मौसम में खिड़़कियों को थोड़ी देर के लिए खोलकर ज़रूर रखें। इससे क्रॉस वेंटिलेशन होगा, जिससे कमरे में मौजूद दुर्गंध खत्म हो जाएगी। नेच्यूरल लाइट और हवा घर के अंदर आ सके। घर को सुगंधित रखने के लिए एयर फ्रेशनर का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। अच्छे और हल्की फ्रेग्नेंस वाले एयर फ्रेशनर के छिड़काव से कमरे को तरोताजा और खुशबूदार बनाया जा सकता है।
फ्लावर्स से घर को सजाएं
फ्रेश फ्लावर्स की जगह कोई नहीं ले सकता। इसलिए बारिश के मौसम में घर को महकाने के लिए खुशबूदार फूलों से घर को सजाइए। इससे घर में ताजगी भी बनी रहेगी। फूलों के गुलदस्ते को कमरे में सजा कर रख सकती हैं।
कैंडल्स से महकाएं घर
खुशबूदार कैंडल्स और फ्लोटिंग कैंडल्स से भी आप घर की साज-सज्जा कर सकती हैं। ये कैंडल्स घर को महकाने के साथ ही उसकी सुंदरता में भी चार-चांद लगा देंगी।
किचन का भी मेकओवर

महिलाओं का ज्यादातर समय किचन में ही बीतता है। ऐसे में किचन की डेकोरेशन को कैसे अनदेखा किया जा सकता है। सुंदर कटलरी सेट और फैंसी डाइनिंग सेट से किचन के लुक को आप एकदम बदल सकती हैं। आप अपने मूड के अनुसार अनोखे डिजाइन वाले कटलेरी सेट से भी अपने किचन को सजाए। ठ्ठ
क्विक टिप्स

1. घर के फर्नीचर को सेफ जगह पर रखें। फर्नीचर को ऐसी जगह पर रखें, जहां बारिश की बूंदें उन तक न पहुंच पाएं।
2. अगर घर के खिड़की-दरवाजे वुड के हैं, तो समय-समय पर उन्हें वैक्सिंग और ऑयलिंग करें। इससे फर्नीचर में नमी नहीं आ पाएगी।
3. घर में नमी को कंट्रोल करने के लिए सूखे नीम के पत्तों का इस्तेमाल करें। इसके अलावा आप ह्यूमिडिटी फायर का भी उपयोग कर सकती हैं ।
4. मॉनसून सीजन में फर्नीचर की सफाई के लिए गीले कपड़े की बजाय सूखे और साफ कपड़े का इस्तेमाल करें।
