बचें घर की मेंटेनेन्स से जुड़ी इन 6 गलतियों से: Home Maintenance Mistakes
Home Maintenance Mistakes

Home Maintenance Mistakes: घर की सजावट जितनी जरूरी है, उतनी ही जरूरी है उसकी मेंटेनेन्स यानी रख-रखाव। लंबे समय तक घर खूबसूरत और आरामदायक बना रहे, इसके लिए घर का सही रख-रखाव बेहद जरूरी है। लेकिन हम अकसर ऐसी कई गलतियां करते हैं, जो बाद में बड़ी परेशानी का कारण बन सकती हैं। जानते हैं कुछ ऐसी ही गलतियों के बारे में।

आप अपने घर को सजाने-संवारने में ढेर सारी मेहनत, पैसा और समय खर्च करते हैं लेकिन यदि उसके बाद घर का रख-रखाव सही ढंग से न हो तो कुछ ही समय बाद घर की सारी सुंदरता फीकी पड़ जाती है। आपके घर की खूबसूरती हमेशा बनी रहे और साथ ही घर व्यवस्थित और साफ भी बना रहे, इसके लिए जरूरी है घर की देखभाल से जुड़ी कुछ आम गलतियों को जानना, जो हम अकसर करते हैं।

Also read: बचें घर की मेंटेनेन्स से जुड़ी इन 6 गलतियों से: Home Maintenance Tips

पूरा घर सुंदर और व्यवस्थित रहे, इसके लिए घर के इंटीरियर का रख-रखाव जितना जरूरी है, उतना ही घर के एक्सटीरियर यानी बाहरी हिस्से का रख-रखाव भी जरूरी है। अकसर हम अपने घर के बाहरी हिस्से को नजरअंदाज कर देते हैं जैसे कि घर की चार-दीवारी के आस-पास का हिस्सा। ऐसे ही घर के ड्रेनेज में कई बार अपने आप कुछ पेड़-पौधे उग आते हैं जो घर की नींव को कमजोर कर सकते हैं और ड्रेन को ब्लॉक कर सकते हैं। हर थोड़े अंतराल पर इन्हें साफ करवाना जरूरी होता है। इसके अलावा घर की बाहरी दीवारों पर भी किसी प्रकार की दरारों, आदि को समय रहते रिपेयर करवाएं ताकि आपका घर पूर्ण रूप से सुरक्षित रहे।

एक अन्य गलती है सफाई के लिए गलत चीजों का इस्तेमाल करना जैसे कि कई बार नाजुक चीजों पर पड़े जिद्दी दागों की सफाई के लिए स्क्रबर जैसी कठोर चीजों का इस्तेमाल किया जाता है या फिर किसी भी अधिक गंदी चीज को साफ करने के लिए क्लीनिंग प्रोडक्ट को जरूरत से ज्यादा मात्रा में इस्तेमाल कर लिया जाता है। ध्यान रखें कि किसी भी क्लीनिंग प्रोडक्ट को उतना ही इस्तेमाल करें जितनी गंदगी हो वर्ना ज्यादा होने पर बचा हुआ क्लीनर खुद गंदगी की एक लेयर बनकर जम जाएगा जिसे बाद में साफ करना और भी मुश्किल होगा। इसी तरह साबुन के दागों को साफ करने वाला क्लीनर विनायल फ्लोरिंग को खराब कर सकता है।

तेज घूप में खिड़कियों की सफाई करना एक ऐसी गलती है जो ज्यादातर लोग करते हैं। तेज धूप वाले दिनों में अपनी खिड़कियों को साफ करते वक्त आप जिस भी क्लीनर का इस्तेमाल करेंगे वह जल्दी सूख जाएगा और बाद में उसके निशान वहीं के वहीं रह जाएंगे।

बहुत से लोग अपने फ्रिज की कॉयल, एसी फिल्टर और ऐसी अन्य चीजों को नियमित रूप से साफ नहीं करते और धीरे-धीरे उन पर धूल और गंदगी की बहुत सी परतें जमा हो जाती हैं। इस गंदगी के कारण इन उपकरणों पर ज्यादा जोर पड़ता है और इसी भूल का नतीजा यह होता है कि आपके ये महंगे उपकरण सही तरीके से काम नहीं करते और जल्दी खराब होने लगते हैं। इसलिए इन्हें नियमित रूप से साफ करना बेहद जरूरी है।

घर में अकसर हमें बहुत सा सामान स्टोर करने की जरूरत पड़ती है लेकिन इस सामान को अगर सही ढंग से स्टोर नहीं किया जाए तो यह भूल बाद में परेशानी खड़ी कर सकती है। इसलिए सामान की सही ढंग से लेबलिंग करके उसे सही जगह पर स्टोर करना भी जरूरी है। जैसे कि किचन में अतिरिक्त सामान को एक साथ किसी शेल्फ में बड़े डिब्बों में रख दिया जाता है जिससे किसी भी सामान की जरूरत पड़ने पर हर चीज को खंगालना पड़ता है। इस कारण समय और ऊर्जा दोनों की बर्बादी होती है। इसी तरह मौसम बदलने पर अतिरिक्त कपड़ों को बिना लेबल किए एक जगह रख देने पर बाद में परेशानी झेलनी पड़ती है।

घर में थोड़े-थोड़े दिनों में कभी लाइट फिटिंग्स, नल का टपकना, फ्लोर टाइल्स में दरारें, सीलन, किसी इलैक्ट्रॉनिक उपकरण में खराबी या छोटी-मोटी टूट-फूट होती ही रहती है। ऐसे कामों को अकसर नजरअंदाज कर प्राथमिकता श्रेणी में पीछे रख कर कल पर टाल दिया जाता है। घर के सही रख-रखाव से जुड़ी यही छोटी-छोटी बातें बाद में बड़ी परेशानी का सबब बन सकती हैं। बिजली से जुड़ी छोटी सी टूट-फूट बाद में शॉर्ट सॢकट या मंहगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने का कारण बन सकती है और छोटी सी सीलन धीरे-धीरे बढ़कर घर के ढांचे को कमजोर कर सकती है। बाद में यह बड़े खर्चे और बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है इसलिए घर के रख-रखाव से जुड़े इन छोटे लगने वाले कामों को नजरअंदाज न करें।