Hindu Temple in Vietnam: भारतीय लोगों के लिए घूमने के लिहाज से वियतनाम बेहद ही खूबसूरत और बजट फ्रेंडली देश है। दरअसल, भारतीय मुद्रा का मूल्य यहां की मुद्रा से अधिक है, ऐसे में वियतनाम घूमना आपका बजट नहीं बिगाड़ेगा। खूबसूरत होने के साथ वियतनाम शांत वातावरण, बौद्ध मंदिर, वॉर म्यूजियम्स, अनोखी फ्रेंच वास्तु कला और स्वादिष्ट खानपान के लिए भी काफी मशहूर है। यहां हर समय सैलानियों का हुजूम लगा रहता है। बौद्ध मंदिर ही नहीं वियतनाम के हिन्दू मंदिर भी वास्तुकला का अनोखा उदाहरण है। यहां हम आपको वियतनाम में स्थित हिन्दू मंदिरों के बारे में बता रहे हैं, जहां आप घूमने जा सकते हैं।
Also read : दो विशाल हाथों पर टिका है वियतनाम का यह अनोखा पुल: Vietnam Golden Bridge
मरियम्मन मंदिर

वियतनाम की हो ची मिन्ह सिटी में स्थित मरियम्मन मंदिर हिंदू देवी मरियम्मन को समर्पित एक मंदिर है। इस मंदिर का निर्माण 19वीं सदी के अंत में तमिलनाडु के एक व्यापारिक समुदाय पट्टुकोट्टई, तंजावुर जिले के पलानीअप्पा थेवर द्वारा किया गया था। इस मंदिर में आपको दक्षिण भारतीय संस्कृति की झलक नजर आएगी। सूंदर पत्थरों से किया गया काम इस मंदिर को और भी आकर्षक बनाता है। यहां सभी हिन्दू देवी-देवताओं की प्रतिमा मौजूद हैं।
प्रवेश समय और शुल्क: मंदिर में प्रवेश निःशुल्क है। ये सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक खुलता है और फिर एक घंटे बंद रहने के बाद 2:00 बजे फिर से मंदिर को खोल दिया जाता है, जो शाम 7:00 बजे तक खुला रहता है।
माई सन सैंक्चुअरी

भगवान शिव को समर्पित माई सन सैंक्चुअरी में प्राचीन हिंदू मंदिरों का समूह है, जो मुख्यरूप से वियतनाम के हनोई में स्थित है। चौथी से 14वीं शताब्दी ईस्वी में बना मंदिरों का ये समूह अब खंडहर हो चूका है। इस मंदिर को यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल का दर्जा प्राप्त है। मुख्यरूप से चौथी शताब्दी में मंदिरों के इस समूह का निर्माण लकड़ी से किया गया था, लेकिन बाद में चंपा साम्राज्य के राजा ने पत्थर से इसका पुनःनिर्माण कराया। अमेरिकियों के हमले के बाद इस जगह आज सिर्फ खंडहर बचे हैं, जो आज भी सैलानियों को आकर्षित कर रहे हैं।
प्रवेश समय और शुल्क: इस जगह पर प्रवेश के लिए प्रति सैलानी को 150,000 वीएनडी (वियतनामी डोंग) का शुल्क देना होता है। ये जगह सैलानियों के लिए सुबह 6:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक खुला रहता है।
सुब्रमण्यम मंदिर

नवग्रहों को समर्पित इस मंदिर का निर्माण 19वीं शताब्दी में भारतीय व्यापारियों द्वारा कराया गया था। प्रत्येक नवग्रह को रंगीन रेशमी वस्त्र पहनाया जाता है। यहां शिव, कृष्ण, देवी लक्ष्मी और हिंदू धर्म के अन्य देवताओं की खूबसूरत तस्वीरें देखने मौजूद हैं। कई वर्षों तक अनदेखा किए जाने के बावजूद ये मंदिर वियतनाम के सबसे खूबसूरत मंदिरों में से एक है।
प्रवेश समय और शुल्क: वियतनाम की हो ची मिन्ह सिटी में स्थित ये मंदिर सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक खुलता है। इसमें प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं है।
पो नगर टावर

इस स्थान का निर्माण 784 ईस्वी में चाम राजा सत्यवर्मन द्वारा किया गया था। देवी पो नगर को समर्पित ये मंदिर प्राचीन हिंदू मंदिरों में से एक है। देवी पो नगर को देवी भगवती और महिषासुर मर्दिनी माना जाता है। इस स्थान पर मौजूद मीनारें भगवान शिव और भगवान गणेश को समर्पित हैं। इस पवित्र पूजा स्थल से कुछ दूरी पर देवी का एक मंदिर है, जहां संतान वाली महिलाओं को आशीर्वाद प्राप्त होता है।
प्रवेश समय और शुल्क: यह मंदिर प्रवेश के लिए सुबह 8:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक खुला रहता है, जिसका प्रवेश शुल्क 22000 वीएनडी (वियतनामी डोंग) है।
नहान टॉवर

चाम लोगों के अंतर्गत आने वाले इस स्थान को हिंदू देवी-देवताओं की पूजा के लिए जाना जाता है। इस जगह का 11वीं शताब्दी में निर्माण कराया गया था। इसकी वास्तुकला प्राचीन भारतीय संस्कृति से जुड़ी हुई है। ये मंदिर सैलानियों के लिए 24 घंटे निःशुक्ल खुला रहता है।
