Overview: लकड़ी के फर्नीचर पर लगे नेल पॉलिश के दाग हटाने के तरीके
अगर लकड़ी के फर्नीचर पर नेल पॉलिश का दाग लग गया है तो उसे हटाने के लिए कुछ आसान तरीके आजमाएं।
Nail Paint Stain On Wooden Furniture: घर में हम सभी को तरह-तरह के फर्नीचर की जरूरत पड़ती है और अक्सर हम लकड़ी के फर्नीचर को अपने घर में जगह देना पसंद करते हैं। ये ना केवल देखने में क्लासी लगते हैं, बल्कि इनका फैशन कभी भी पुराना नहीं होता। लेकिन अगर इन लकड़ी के फर्नीचर पर दाग लग जाएं तो बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता। जरा सोचिए कि आप लकड़ी की टेबल पर हाथ व पैर रखकर नेल पॉलिश लगा रही थीं और एक ड्रॉप नेल पॉलिश आपके सुंदर लकड़ी के टेबल पर गिर गया। ऐसे में आपका परेशान होना लाजमी है।
हम सभी के साथ कभी ना कभी ऐसा हुआ ही है। नेल पॉलिश के दाग लकड़ी के फर्नीचर पर देखने में बिल्कुल भी अच्छे नहीं लगते हैं। वहीं दूसरी ओर, इन्हें हटाना भी काफी मुश्किल होता है। लेकिन अगर आप सही ट्रिक्स और थोड़ा सब्र रखकर कुछ आसान उपाय अपनाएं, तो आप इसे बेहद आसानी से साफ कर सकती हैं। लकड़ी थोड़ी डेलीकेट होती है, इसलिए नेल पेंट के दाग हटाते समय आपको थोड़ा समझदारी दिखाने की जरूरत होती है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही आसान हैक्स के बारे में बता रहे हैं जो लकड़ी के फर्नीचर से नेल पेंट के दाग हटाने में आपकी काफी मदद करेंगे-
तुरंत पोछें
अगर नेल पेंट लकड़ी के फर्नीचर पर लग जाए तो उसे तुरंत पोंछ लें। दरअसल, यह निशान काफी जल्दी सूख जाता है और फिर दाग को निकालना काफी मुश्किल हो जाता है। इसके लिए आप एक मुलायम कपड़ा, पेपर टॉवल या टिशू लें। फिर इससे धीरे-धीरे थपथपाएं। ध्यान दें कि आपको रगड़ना नहीं है। कपड़े के साफ हिस्से पर लगातार स्विच करते रहें ताकि यह फैले नहीं।
नेल पेंट रिमूवर की लें मदद
नेल पेंट के दाग हटाने के लिए नेल पेंट रिमूवर की मदद लेना यकीनन एक अच्छा आइडिया है। हालांकि, आपको इसे समझदारी से चुनना चाहिए। मार्केट में एसिटोन वाला और नॉन-एसिटोन वाला नेल पेंट रिमूवर मिलता है। एसिटोन वाला रिमूवर नेल पेंट जल्दी हटाता है, लेकिन लकड़ी की वार्निश को भी नुकसान पहुंचा सकता है या चमक घटा सकता है। वहीं दूसरी ओर, नॉन-एसिटोन नेल पेंट रिमूवर हल्का, सुरक्षित और धीरे काम करता है। हमेशा इसके इस्तेमाल से पहले आप फर्नीचर के किसी छिपे कोने में टेस्ट करें कि लकड़ी रिएक्ट तो नहीं करती। अब कॉटन बॉल या क्यू-टिप पर थोड़ा रिमूवर लगाएं। धीरे-धीरे दाग पर थपथपाएं, रिमूवर पॉलिश को नरम कर देगा। फिर साफ मुलायम कपड़े से पोंछ लें। आखिरी में, हल्के गीले कपड़े से धोकर तुरंत सुखा दें। ध्यान रखें कि कभी भी सीधे लकड़ी पर रिमूवर न डालें और इसका इस्तेमाल बहुत कम मात्रा में ही इस्तेमाल करें।
सिरका और ऑलिव ऑयल का करें इस्तेमाल

लकड़ी के फर्नीचर से नेल पेंट के दाग हटाने के लिए सिरका और ऑलिव ऑयल का इस्तेमाल किया जा सकता है। जहां सिरका नेल पेंट के दाग को हल्का करने में मदद करता है, वहीं ऑलिव ऑयल लकड़ी को सुरक्षा और चमक देता है। इसका इस्तेमाल करने के लिए आप दो हिस्सा सिरका और एक हिस्सा ऑलिव ऑयल मिलाएं। आप कपड़े पर लगाकर दाग पर हल्का रब करें। फिर इसे साफ कपड़े से पोंछें। वार्निश वाली लकड़ी के लिए यह तरीका बेस्ट है, क्योंकि यह एसिटोन की तरह फिनिश को नुकसान नहीं पहुंचाता।
बेकिंग सोडा और टूथपेस्ट का करें इस्तेमाल

बेकिंग सोडा के नेल पेंट के दाग को हटाते हैं, वहीं टूथपेस्ट फैलाकर बचा हुआ नेल पेंट साफ करता है। फर्नीचर पर छोटे दाग व थोड़ी सूखी पॉलिश के लिए यह तरीका इस्तेमाल किया जा सकता है। आप बराबर मात्रा में व्हाइट नॉन-जेल टूथपेस्ट और बेकिंग सोडा मिलाएं। अब इसे दाग पर लगाएं। हालांकिख् ध्यान दें कि ज्यादा दबाव से लकड़ी खुरच सकती है। अब इसे गीले कपड़े से पोंछें, सुखाएं और हल्का बफ करें।
