Saputara Hill Station: गुजरात का नाम जब भी सामने आता है लोगों को यहां के खूबसूरत शहर, मीठी बोली और लाजवाब पकवान याद आ जाते हैं। सांस्कृतिक रूप से समृद्ध गुजरात भारत के सबसे सुंदर राज्यों में से एक है। यहां घूमने के लिए कई सारे स्थान मौजूद है, जिनका इतिहास से भी गहरा संबंध है। इसके अलावा प्राकृतिक खूबसूरती से भरे हुए स्थान भी आपको यहां मिल जाएंगे।
आपने गुजरात के अहमदाबाद, पोरबंदर, गांधीनगर, वडोदरा जैसे कई शहरों के बारे में सुना होगा लेकिन क्या आप यहां के इकलौते हिल स्टेशन के बारे में जानते हैं। अगर नहीं तो हम आपको बता दें कि सापुतारा यहां का एकमात्र हिल स्टेशन है। यह जगह इतनी खूबसूरत है कि यहां जाने के बाद आप हिमाचल और उत्तराखंड के हिल स्टेशंस के नजारे भी भूल जाएंगे। यहां जाने के बाद आपको गुजरात की संस्कृत, लोक परंपराओं, गीतों, नृत्य और पकवानों से रूबरू होने का मौका भी मिल जाएगा।
बहुत खूबसूरत है सापुतारा
सापुतारा गुजरात की एक ऐसी जगह है जो बहुत ही सुंदर है। यहां पर साल भर मौसम सुहाना रहता है और घूमने के हिसाब से आप यहां कभी भी जा सकते हैं। जब आप यहां जाएंगे तो आपको हरे भरे पहाड़ और बादलों के सुंदर नजारों का दीदार करने को मिलेगा। यहां कुछ सुंदर झरने भी हैं, जिनका कल कल बहता पानी और इनसे आती ठंडी हवा आपका मन मोह लेगी। अगर आप भागदौड़ से दूर शांत वातावरण में समय गुजारना चाहते हैं तो ये सबसे बेस्ट जगह है। अगर आप अपने परिवार के साथ कही घूमने जाने के बारे में सोच रहे हैं, तो इस हिल स्टेशन पर जाने का प्लान बनाया जा सकता है। ये जगह आपको भागदौड़ की जिंदगी के बीच परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का मौका देगी।
धार्मिक दृष्टि से भी है खास

सापुतारा केवल प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं बल्कि धार्मिक दृष्टि से भी पहचाना जाता है। ऐसा बताया जाता है कि भगवान राम ने अपने 14 साल के वनवास में से 11 साल यहीं पर बिताए थे। अगर आप इस जगह को ठीक तरह से देखना चाहते हैं तो यहां हर साल अगस्त सितंबर में मानसून महोत्सव का आयोजन होता है। अगर इस दौरान आप यहां जाएंगे तो आपको पारंपरिक संस्कृति, लोकगीत और व्यंजनों का आनंद लेने को मिलेगा।
एडवेंचर एक्टिविटीज का लें आनंद
यहां प्रकृति के बीच अच्छा समय तो गुजार ही सकते हैं इसके अलावा जो लोग एडवेंचर के शौकीन हैं ये उनके लिए ये बेस्ट जगह है। वो यहां रॉक क्लाइंबिंग, पैराग्लाइडिंग, ट्रैकिंग, घुड़सवारी और बोटिंग जैसी चीजों का आनंद भी ले सकते हैं।
इन जगहों का करें दीदार
सापुतारा में प्रकृति के खूबसूरत नजारों को देखने के साथ आप नागेश्वर मंदिर, ट्राइबल म्यूजियम, स्टेप गार्डन, रोज गार्डन, सनराइज सनसेट पॉइंट्स जैसे स्थानों का दीदार भी कर सकते हैं। इन सभी जगह पर आपको अलग-अलग चीज देखने का मौका मिलेगा।
कैसे जाएं
गुजरात के इस एकमात्र हिल स्टेशन तक पहुंचना काफी आसान है। यह सूरत से 150 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है और आप सड़क मार्ग से यहां आसानी से पहुंच सकते हैं। अगर रेल मार्ग से जाना चाहते हैं तो निकटतम रेलवे स्टेशन वाघई पड़ता है। हवाई यात्रा करनी है तो सूरत सबसे नजदीकी एयरपोर्ट है।
