Gardening Tips
Gardening Tips

Overview: हाउसप्लांट्स जिन्हें तेज़ और सीधी धूप नुकसान पहुंचा सकती है

मनी प्लांट, पीस लिली, स्नेक प्लांट, फर्न और फिलोडेंड्रॉन जैसे हाउसप्लांट्स को सीधे सूरज की रोशनी पसंद नहीं होती। तेज धूप में रखने से इनके पत्ते झुलस सकते हैं, रंग फीका पड़ सकता है और पौधे कमजोर होने लगते हैं। इन पौधों को घर के अंदर ऐसी जगह रखें जहां अप्रत्यक्ष रोशनी मिले और हवा का संचार बना रहे। सही देखभाल और उचित रोशनी से ये हाउसप्लांट्स लंबे समय तक हरे-भरे और स्वस्थ बने रहते हैं।

Shade Houseplants: घर में लगाये जाने वाले पौधे आपकी व्यस्त ज़िंदगी के हिसाब से बनाए गए हैं क्योंकि उन्हें ज्यादा रखरखाव की जरूरत नहीं होती। ये कम धूप में पनप सकते हैं और इन्हें नियमित रूप से काटने या पानी देने की ज़रूरत नहीं होती। कम रोशनी और बिना रोशनी वाले इनडोर पौधों को आप घर के लगभग किसी भी कोने को सजा सकते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ खास घरेलू पौधों को कभी भी सीधी धूप में नहीं रखना चाहिए। आइये जानते हैं कौन से हैं वो पौधे-

पीस लिली

peace lily
peace lily

पीस लिली एक बेहतरीन हाउसप्लांंट हैं जिसे सूरज की जरूरत नहीं होती और साथ ही यह हवा को शुद्ध भी करते हैं। हालाँकि पीस लिली को नियमित रूप से पानी देने की आवश्यकता होती है। वे तेज रोशनी में फूलते हैं लेकिन उन्हें सीधी धूप में न रखना सबसे अच्छा है क्योंकि इसकी नाजुक पत्तियां आसानी से झुलस जाती हैं।

स्नेक प्लांट

यह पौधा देखने में सांप की तरह लगता है इसलिए इसका नाम स्नेक प्लांट है। लेकिन क्या आपको पता है नासा ने भी इस पौधे को बहुत अच्छा एयर प्यूरीफायर बताया था। इस पौधे को बहुत ज्यादा धूप की जरूरत नहीं होती है साथ ही पानी भी इसमें कम ही दिया जाता है। यह प्लांट मजबूत और बहुमुखी है लेकिन इसे बहुत लंबे समय तक सीधे धूप में नहीं रखना चाहिए। इसे तेज धूप में रखने से इसकी पत्तियों का रंग फीका पड़ने लगेगा।

पोथोस

पोथोस, जिसे डेविल्स आइवी के नाम से भी जाना जाता है, बहुत मज़बूत होता है। यह एक खूबसूरत बेल की तरह होता है जोकि घर के ड्राइंगरूम, खिड़की या फिर सीढ़ियों में लगाया जा सकता है। इसकी बेल काफी लंबी हो जाती है और दूर तक फैल जाती है। इसकी लताओं को बहुत लंबे समय तक पूरी धूप में नहीं रखना चाहिए। इसकी पत्तियां नरम और नाजुक होती हैं और जब उन्हें सीधी, तेज धूप में रखा जाता है तो वे या तो झुलस जाती हैं या पीली पड़ने लगती हैं।

स्पाइडर प्लांट

स्पाइडर प्लांट भी अद्भुत घरेलू पौधे हैं जो बिना किसी परेशानी से बढ़ते रहते हैं, खासकर तेज रोशनी में। लेकिन चूंकि उनकी पत्तियां भी नाजुक होती हैं इसलिए उन्हें सीधे धूप में रखने से उनकी पत्तियां भूरी हो जाती हैं। इसे सीधी रोशनी से दूर रखें और इसे नियमित रूप से पानी दें ताकि यह खराब और अव्यवस्थित न दिखे। इसे हैंगिंग प्लांट की तरह लगाया जा सकता है। आप चाहे तो इसे अपनी बालकनी में लगा सकती हैं या फिर लिविंग रूम में रख सकती हैं।

बोस्टन फर्न

अधिकांश फर्न हाउस प्लांट में नाजुक, छोटी पत्तियां होती हैं जो बहुत जल्दी सूख जाती हैं। जब बोस्टन फर्न को छाया के बजाए सीधी धूप में रखा जाता है तो यह बहुत जल्दी सूख जाता है, पत्तियों को नुकसान पहुंचता है और हरि पत्तियां बहुत जल्द पीली हो जाती हैं। यह घर के अंदर के प्रदूषित वातावरण को दूर करता है। इस पौधे को पानी की काफी जरूरत होती है इसलिए इसे बेडरूम के बाहर बालकनी में रखें।

फिलॉडेंड्रॉन प्लांट

यह इंडोर प्लांट देखने में ऐसा लगता है जैसे कि इसकी पत्तियों की डिज़ाइनर कटिंग की गई हो। अगर आपके घर में अंधेरा है और सूरज की रोशनी भी नहीं आती तो यह पौधा आपके घर के लिए परफेक्ट है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस पौधें को बिल्कुल भी धूप की जरूरत नहीं है। लेकिन उन्हें लंबे समय तक सीधे धूप में रखने से पत्तियों का रंग काला पड़ सकता है, जिसकी वजह से पीले या काले धब्बे हो सकते हैं।

मेरा नाम श्वेता गोयल है। मैंने वाणिज्य (Commerce) में स्नातक किया है और पिछले तीन वर्षों से गृहलक्ष्मी डिजिटल प्लेटफॉर्म से बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हूं। यहां मैं महिलाओं से जुड़े विषयों जैसे गृहस्थ जीवन, फैमिली वेलनेस, किचन से लेकर करियर...