Home Decor Market: दिल्ली केवल देश की राजधानी नहीं, बल्कि शॉपिंग कैपिटल भी है। शादी के लहंगे से लेकर मेकअप तक और नए होम डेकोर से लेकर टेस्टी फास्ट फूड तक, दिल्ली की मार्केट में सब कुछ उपलब्ध है। भारत के कोने-कोने से लोग दिल्ली की मार्केट में शॉपिंग करने के लिए आते हैं, और पूरी संतुष्टि के साथ टॉप क्लास प्रोडक्ट्स अपने घर लेकर जाते हैं।
वैसे अपना घर सजाना किसे नहीं पसंद? दिल्ली की मार्केट होम डेकोर के लिए किफायती और खूबसूरत डेकोर भी उपलब्ध कराती है। यहां ढेरों ऐसे बाजार हैं, जो घर सजाने के लिए आपके साथी बन सकते हैं, पर दिल्ली जाकर इन बाजारों को खंगालना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। आइए जानते हैं, 5 स्पेशल मार्केट जो दिल्ली को होम डेकोर की शॉपिंग का गढ़ बनाते हैं।
होम डेकोर शॉपिंग के लिए दिल्ली की शानदार मार्केट
हौज रानी बाजार

कई बार होम डेकोर करने का शौक तो बहुत होता है, लेकिन समझ नहीं आता कि किस तरीके से घर को सजाया जा सकता है। ऐसे में हौज रानी बाजार जाने भर से आपकी सारी कन्फ्यूजन दूर हो सकती है। यहां एक से एक होम डेकोर प्रोडक्ट आपको कंफ्यूज होने का मौका ही नहीं देंगे। किचन डेकोरेट करना हो या बाथरूम को स्टाइलिश बनाना हो, हौज रानी बाजार में हर तरह के प्रोडक्ट मिलते हैं। इसके अलावा मिट्टी के बर्तनों पर खूबसूरत डिजाइन वाले आइटम्स अगर आपको लुभाते हैं तो ये मार्केट आपकी पहली पसंद बन सकता है।
गुड़गांव का बंजारा बाजार

यूं तो होम डेकोर का सामान सभी जगह उपलब्ध होता है, लेकिन उसका किफायती और टिकाऊ होना भी तो जरूरी है। अच्छी क्वालिटी और कम दाम में होम डेकोर खरीदने के लिए बंजारा बाजार बढ़िया ऑप्शन हो सकती है। किचन के लिए क्रोकरी लेनी हो या डाइनिंग हॉल के लिए डिजाइनर लाइट्स, बंजारा बाजार आपकी किसी भी डिमांड को अधूरा नहीं रहने देता है। यहां बास्केट, वास, लाइट्स और दूसरे डेकोरेटिव आइटम्स की भरमार है। दिल्ली आकर एक बार तो बंजारा बाजार का रुख करना बनता है।
सबसे फेमस, सदर बाजार

होम डेकोर हमेशा बजट फ्रेंडली ही चुना जाता है और इस चॉइस में फिट बैठने वाले सामान सदर बाजार में खूब मिलते हैं। सदर बाजार दिल्ली के उन चुनिंदा मार्केट में से है जो हर तरह के प्रोडक्ट उपलब्ध कराता है। ये मार्केट न केवल होम डेकोर के लिए बल्कि कपड़ों से लेकर मेकअप तक के लिए भी फेमस है। यहां होम डेकोर के लिए बढ़िया ऑप्शंस मौजूद हैं, वॉल क्लॉक और वॉल हैंगिंग्स के आइटम तो यहां से बेहतर और कहीं मिल ही नहीं सकते हैं।
सिकंदरपुर का फर्नीचर बाजार

होम डेकोर बिना फर्नीचर के तो कभी पूरा हो ही नहीं सकता है। सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सिकंदरपुर फर्नीचर मार्केट आपकी पसंद के अनुसार ढेरों फर्नीचर ऑप्शंस उपलब्ध कराता है। डिजाइन और क्रिएटिविटी के साथ समझौता किए बिना अच्छे दामों में अपने घर को सजाने के लिए सिकंदरपुर बाजार सबसे बेहतर विकल्प है। यहां ना केवल फर्नीचर टॉप क्लास है, साथ ही बुक शेल्व्स, फ्रेम्स और नाइटस्टैंड भी कमाल के मिलते हैं।
करोल बाग का टिप टॉप बाजार

जितना खास इस बाजार का नाम है उतना ही खास सामान भी है। अगर घर सजाने के लिए आप भी कुछ अलग हटकर पसंद रखती हैं, तो टिप टॉप मार्केट आपके लिए एक टिपटॉप ऑप्शन बन सकता है। किचनवेयर से लेकर स्टेशनरी तक, यहां हर तरह के प्रोडक्ट पर क्रिएटिव और आकर्षक आइटम्स की उपलब्धता आपको खुश कर सकती है। टिप टॉप मार्केट में आकर अपनी स्पेशल डिमांड के लिए स्पेशल प्रोडक्ट्स को अच्छे दामों में खरीदा जा सकता है।
