सगाई में होगा कुछ ख़ास तो मेहमान बांधेंगे आपकी तारीफों के पुल
अलग-अलग तरह के खाने-पीने का इंतज़ाम सगाई की रौनक बढ़ा सकता है।
Engagement Preparations: सगाई किसी भी व्यक्ति के जीवन का एक बेहद खास और यादगार पल होता है। यह दो दिलों और दो परिवारों के मिलन का पहला चरण होता है। इसलिए ऐसे में यह ज़रूरी है इस समारोह की तैयारी कुछ इस तरह हो कि हर मेहमान खास महसूस करे और दिल से खुश हो जाए। आजकल हर खास मौके के लिए कई तरह की तैयारियां की जाने लगी हैं। जिसमें सजावट, खाना, संगीत गेम्स फोटोबूथ आदि शामिल हैं। अगर आप ये सब करने की जगह कुछ अलग करना चाहते हैं तो भी आपके पास बहुत से विकल्प हैं। जैसे अलग-अलग तरह के खाने-पीने का इंतज़ाम सगाई की रौनक बढ़ा सकता है। लाइव फूड स्टॉल्स और कस्टमाइज्ड डेज़र्ट काउंटर भी एक अच्छा आइडिया हो सकता है।
सजावट और संगीत भी आपके इस खास पल को हमेशा के लिए यादगार बना सकते हैं।
कैरिकेचर एक्टिविटी

कैरिकेचर एक्टिविटी एक मनोरंजक और रचनात्मक आर्ट फॉर्म होती है। इसमें किसी व्यक्ति के चेहरे या हाव-भाव को मज़ेदार या फिर थोड़ा बढ़ा-चढ़ाकर अलग ही तरीके से दर्शाया जाता है। ये एक बेहद अदभुद कला है जिसे कार्टून पेंटिंग एक्टिविटी भी कहा जाता है। इसकी खासियत है ये व्यक्ति की कुछ खास बातों को मज़ेदार ढंग से दर्शाता है — जैसे बड़े कान, मज़ेदार हँसी, या आंखों की बनावट। सगाई, शादी, बर्थडे पार्टी या किसी भी सामाजिक कार्यक्रम में यह एक्टिविटी लोगों का काफी ध्यान खींचती है।ये एक्टिविटी हँसी-मज़ाक का एक हल्का-फुल्का माहौल बना देती है।
गिफ्ट बास्केट

सगाई के बाद मेहमानों को मिठाई आदि देने की जगह गिफ्ट बास्केट दें। इसे आप लोकल मार्किट से खरीद कर थोड़ा बहुत सजा भी सकते हैं। फैंसी रिबन , बटन , अर्टिफिशियल फूल आदि से सजा कर इसे काफी आकर्षक बनाया जा सकता है। लोकल मार्किट से खरीदने पर ये काफी सस्ते दामों में मिल जाती है। इसमें आप अपनी पसंद का सामन भी रख सकते हैं जैसे कुछ छोटे छोटे गिफ्ट, कुकीज़, चॉक्लेट, पॉकेट परफ्यूम आदि। इस तरह आपके मेहमान खुश भी हो जाएंगे और उन्हें एक अलग तरह का अनुभव भी मिलेगा।
रुकने की व्यवस्था
मेहमानों के रुकने के लिए आप अलग-अलग कमरों की जगह एक बड़ा सा स्टे-होम बुक करें। आजकल लोग अपना घर भी रेंट पर देते हैं जिसमें आप कई तरह की सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। ऐसे में आपके मेहमानों को घर वाला फील भी आएगा, और सब साथ रहेंगे तो खूब सारी बातें करेंगे। सगाई का मज़ा दोगुना हो जाएगा। ये आपके मेहमानों के लिए एक अलग अनुभव होगा। सब साथ रह कर एक दुसरे के साथ आपकी सगाई का आनंद उठा पाएंगे।
सजावट हो कुछ ख़ास

साधारण सजावट की जगह कुछ अलग करने की कोशिश करें। अगर आपका घर बड़ा है तो आप अपने घर पर ही सजावट का सामान मंगवा कर थीम आधारित सजावट कर सकते हैं। इसमें अपनी कलात्मकता दिखाते हुए आप असली फूलों का इस्तेमाल करें और अपने कपड़ों के रंग के साथ मिलते जुलते रंगों के फूल इस्तेमाल करें। अपनी पसंद के हिसाब से कुर्सियों की जगह छोटे-छोटे रंग बिरंगे गद्दों का उपयोग करें। बाजार में आसानी से किराए पर मिलने वाले ये गद्दे देखने में काफी आकर्षक होते हैं। इन गद्दों में आप आराम से बैठ पाएंगे और आपके घर के लोग भी इस इंतजाम से खुश हो जाएंगे।
