Bedroom Vastu: नींद हमारी सेहत के लिए उतना ही जरूरी है जितना कि भोजन, पानी और सांस लेना। अच्छी स्वास्थ्य के लिए कम से कम 7 से 8 घंटे की नींद जरूरी होती है। नींद पूरी न होने की वजह से कई गंभीर बीमारियों का भी सामना करना पड़ सकता है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि बिस्तर पर जाने के बाद रात करवटों में ही बीत जाती है और नींद नहीं आती। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज ना करें। कई बार अत्यधिक थकान, तनाव, चिंता या कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण भी नींद नहीं आती है।
लेकिन अगर ऐसी कोई परेशानी नहीं है और इसके बावजूद भी नींद नहीं आती है तो इसका एक कारण घर पर या कमरे में मौजूद नेगेटिव एनर्जी हो सकती है। नेगेटिव एनर्जी जिस तरह घर की सुख-समृद्धि और आर्थिक स्थिति पर बाधा डालती है, उसी तरह नकारात्मक ऊर्जा नींद में भी खलल डालती है। वास्तु शास्त्र में ऐसी कई चीजों के बारे में बताया गया है जिससे नींद में बाधा उत्पन्न होती है।
वास्तु शास्त्र का हमारे जीवन में गहरा प्रभाव पड़ता है। बात करें अगर नींद की तो, 7-8 घंटे की भरपूर नींद लेना हर व्यक्ति के लिए बेहद जरूरी होता है। लेकिन वास्तु शास्त्र की माने तो बेडरूम में कुछ गलत चीजों को रखने या गलत दिशा में रखने से भी अनिद्रा की समस्या होती है। नींद न आने या नींद पूरी न होने का असर मानसिक और शारीरिक स्थिति पर भी पड़ता है। इसलिए यह जान लीजिए कि वह कौन सी चीजें हैं, जिन्हें बेडरूम से बाहर करने की जरूरत है जिससे कि आप सुकून भरी नींद का आनंद उठाएं और अच्छी सुबह की शुरुआत करें।
बेडरूम से हटाएं झाड़ू

हिंदू धर्म में झाड़ू को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। लेकिन इसे रखने की उचित दिशा भी होती है। झाड़ू को ऐसे स्थान पर रखना चाहिए जहां किसी बाहरी व्यक्ति की नजर न पड़े। लेकिन बेडरूम में भूलकर भी झाड़ू न रखें। शयनकक्ष में झाड़ू होना वैवाहिक जीवन के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है और साथ ही इससे नींद में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है।
सही दिशा में लगाएं दर्पण

लगभग हर घर के बेडरूम में दर्पण या आईना जरूर लगा होता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार बेड के ठीक सामने शीशा नहीं होना चाहिए। इससे नकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है। अगर आप इसे बाहर नहीं निकाल सकते या किसी दूसरी दिशा में नहीं रख सकते, तो कम से कम सोने से पहले शीशे को किसी चीज से कवर जरूर कर दें।
बेडरूम से तुरंत हटा दें ऐसी तस्वीरें

डरावनी, रोते हुए लोगों की तस्वीर, युद्ध की तस्वीर, मृत्यु से जुडी तस्वीर, पूर्वजों की तस्वीर या जंगली जानवरों की तस्वीरों को भूलकर भी शयनक्ष में नहीं लगाना चाहिए। ऐसी तस्वीरें आपकी नींद में बाधा डाल सकती है। अच्छी नींद के लिए बेडरूम में ऐसी तस्वीरों को लगाएं जोकि शांति और प्रेम को दर्शाती हो।
बहुत अधिक इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट्स

वास्तु शास्त्र के अनुसार बेडरूम में बहुत अधिक इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट्स नहीं रखनी चाहिए। अगर आपके कमरे में अधिक इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण हैं तो इन्हें शयनकक्ष से बाहर रखें या फिर सोने से पहले सभी उपकरणों को स्विच ऑफ कर दें। इसका कारण यह है कि इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों के रेडिएशन के कारण मानसिक तनाव उत्पन्न होता है और ये नींद में भी बाधा डालती है।
